एच.वी. शेषाद्रि : एक व्यक्ति, एक विचार और राष्ट्रसमर्पण की अविराम साधना
जन्मशताब्दी विशेष : हिंदू समाज के आत्मबोध, सांस्कृतिक पुनर्जागरण और भारतीय राष्ट्रचेतना के सशक्त विचार-स्तंभ
डॉ. मयंक चतुर्वेदी
क्या एक व्यक्ति अपने जीवन की पूरी ऊर्जा किसी ऐसे उद्देश्य के लिए समर्पित कर सकता है, जिसका प्रतिफल उसे व्यक्तिगत प्रतिष्ठा, सत्ता अथवा संपत्ति के रूप में कभी प्राप्त न हो? क्या कोई व्यक्ति अपनी विद्वत्ता, प्रतिभा, लेखनी और संगठनात्मक क्षमता को एक व्यापक राष्ट्रीय संकल्प का माध्यम बना सकता है?
इन प्रश्नों का उत्तर तलाशना हो तो होंगसन्द्र वेंकटरमैया शेषाद्रि के जीवन को पढ़ना और समझना होगा, जिन्हें हजारों स्वयंसेवक स्नेह और सम्मान से शेषाद्रि जी कहते थे। उनका जीवन बताता है कि राष्ट्र के लिए समर्पण जीवन जीने की एक ऐसी साधना है, जिसमें व्यक्ति अपने निजी सुख, महत्वाकांक्षा और सुविधाओं से ऊपर उठकर समाज के भविष्य के लिए स्वयं को समर्पित कर देता है।
बेंगलुरु में जन्मे शेषाद्रि जी की जन्मशताब्दी (वर्ष 2026) इस साल मनाई जा रही है। यह अवसर उस विचार-साधना, बौद्धिक परिश्रम और संगठनात्मक तपस्या को समझने का अवसर है, जिसने भारतीय सांस्कृतिक चेतना, हिंदू समाज के संगठन और राष्ट्रीय अस्मिता से जुड़े प्रश्नों पर कई दशकों तक विमर्श को प्रभावित किया।
शेषाद्रि जी अकसर एक बात कहा करते थे, किसी राष्ट्र का पुनरुत्थान उसके समाज के आत्मबोध से प्रारंभ होता है। भारत की पहचान, उनकी वैचारिक दृष्टि में, उसकी सनातन सांस्कृतिक परंपरा, आध्यात्मिक चेतना और हिंदू जीवनदृष्टि से गहराई से जुड़ी हुई है। इस विचार को समझने के लिए हिन्दू जीवन के साथ उनके साहित्य का अध्ययन भी आवश्यक है।
शेषाद्रि जी की प्रतिभा का परिचय उनके विद्यार्थी जीवन से ही मिलने लगता है। उन्होंने मैसूर विश्वविद्यालय से रसायन विज्ञान में एमएससी की उपाधि स्वर्ण पदक के साथ प्राप्त की। सामान्य परिस्थितियों में उनके सामने विश्वविद्यालय, अनुसंधान और प्रतिष्ठित पेशेवर जीवन के अनेक अवसर उपलब्ध थे, परंतु उन्होंने अपने जीवन की दिशा अलग चुनी। वर्ष 1946 में वे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पूर्णकालिक प्रचारक बन गए। इस निर्णय के साथ उनका व्यक्तिगत जीवन राष्ट्रकार्य की साधना में समाहित हो गया।
इस निर्णय को समझने के लिए उस समय के भारत को समझना होगा। देश स्वतंत्रता की ओर बढ़ रहा था। विभाजन की आशंकाएं गहरी हो रही थीं। समाज जाति, भाषा, क्षेत्र और धार्मिक पहचान के आधार पर अनेक अंतर्विरोधों से गुजर रहा था। औपनिवेशिक शासन ने भारतीय इतिहास, शिक्षा और सांस्कृतिक परंपराओं की व्याख्या को भी प्रभावित किया था। ऐसे वातावरण में शेषाद्रि जी ने संगठन को सामाजिक जागरण और सांस्कृतिक आत्मविश्वास के माध्यम के रूप में देखा।
उनकी दृष्टि में भारत की राष्ट्रीयता का आधार उसकी भौगोलिक सीमाओं के साथ-साथ हजारों वर्षों में विकसित हुई सांस्कृतिक एकात्मता भी थी, इसीलिए हिंदू समाज के इस संगठन को वे भारत की सांस्कृतिक निरंतरता और राष्ट्रीय जीवन की मजबूती से जोड़कर देखते थे। उनका जीवन एक महत्वपूर्ण प्रश्न सामने रखता है, वह यह कि प्रतिभा का सर्वोच्च उपयोग किसमें है? व्यक्तिगत उपलब्धियों में अथवा समाज और राष्ट्र के लिए अपनी क्षमताओं को समर्पित करने में? शेषाद्रि जी ने अपने आचरण से इसका उत्तर दिया।
कर्नाटक में संगठन विस्तार : दो दशकों की तपस्या
वर्ष 1960 से 1980 तक उन्होंने अविभाजित कर्नाटक के प्रांत प्रचारक के रूप में दायित्व निभाया। यह काल संघ के लिए संगठनात्मक विस्तार और सामाजिक चुनौतियों के लिहाज से महत्वपूर्ण था। आपातकाल के दौरान लोकतांत्रिक अधिकारों पर प्रतिबंध, संघ पर प्रतिबंध और उसके कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारियों ने संगठन के सामने गंभीर परिस्थितियां खड़ी कीं। शेषाद्रि जी ने कठिन परिस्थितियों में संगठनात्मक संपर्क, कार्यकर्ताओं के मनोबल और सामाजिक संवाद को बनाए रखने का प्रयास किया। उनके व्यक्तित्व की विशेषता थी कि वे संगठनात्मक कार्य को बौद्धिक तैयारी से जोड़ते थे। वे जानते थे कि किसी समाज को लंबे समय तक प्रभावित करने के लिए शाखा, संपर्क और सेवा गतिविधियों के साथ विचार और साहित्य की भी आवश्यकता होती है।
उनके लिए लेखन सामाजिक संवाद का माध्यम था। कन्नड़ भाषा में उनकी लेखनी ने स्थानीय समाज के बीच भारतीय इतिहास, सांस्कृतिक परंपरा और समकालीन चुनौतियों पर विमर्श को आगे बढ़ाया। उनके विचार अंग्रेजी और हिंदी पाठकों तक भी पहुंचे। 1980 में उन्हें दक्षिण क्षेत्र का क्षेत्र प्रचारक बनाया गया। इसके अंतर्गत कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु और केरल में संगठनात्मक समन्वय का दायित्व आया। वर्ष 1987 में वे संघ के अखिल भारतीय सरकार्यवाह बने। उन्होंने लगभग नौ वर्ष तक यह दायित्व निभाया। इसके बाद स्वास्थ्यगत परिस्थितियों में अखिल भारतीय प्रचारक प्रमुख के रूप में कार्य किया। 14 अगस्त 2005 को बेंगलुरु स्थित केशव कृपा में उनका निधन हुआ।
विभाजन की त्रासदी और इतिहास को देखने की अलग दृष्टि
शेषाद्रि जी के बौद्धिक योगदान को समझने के लिए उनकी पुस्तक “द ट्रैजिक स्टोरी ऑफ पार्टिशन” का उल्लेख आवश्यक है। भारत विभाजन पर लिखी गई यह पुस्तक उनके ऐतिहासिक चिंतन का महत्वपूर्ण दस्तावेज है। इसका प्रथम अंग्रेजी संस्करण 1982 में बेंगलुरु के जागरण प्रकाशन से प्रकाशित हुआ था। पुस्तक में 1947 के विभाजन तक पहुंचने वाली राजनीतिक घटनाओं, मुस्लिम लीग की पृथकतावादी राजनीति, कांग्रेस के निर्णयों और उस समय के सामाजिक-राजनीतिक वातावरण का विश्लेषण किया गया है। पुस्तक के प्रथम संस्करण में 278 पृष्ठ हैं।
इस पुस्तक के प्रारंभिक पृष्ठों में शेषाद्रि जी भारत की ऐतिहासिक एकता को एक सांस्कृतिक अवधारणा के रूप में प्रस्तुत करते हैं। उनका विचार है कि भारत की एकता उसकी प्रकृति और राष्ट्रीय आत्मा से अभिन्न रूप से जुड़ी हुई है। इसमें वे लिखते हैं, “भारत की एकता उसकी प्रकृति में इतनी मूलभूत और उसकी गहराइयों में इतनी उदात्त है कि वह उसकी राष्ट्रीय आत्मा का अविभाज्य अंग बन जाती है।” (एच.वी. शेषाद्रि, द ट्रैजिक स्टोरी ऑफ पार्टिशन, पृष्ठ 9, जागरण प्रकाशन, बेंगलुरु, 1982)
वस्तुत: यह विचार उनके राष्ट्रबोध की बुनियाद को समझने में सहायता करता है। उनके लिए भारत की पहचान सत्ता परिवर्तन से निर्मित होने वाली अवधारणा नहीं थी। वह एक ऐसी सांस्कृतिक यात्रा थी, जिसमें पीढ़ियों का अनुभव, तीर्थ परंपराएं, दर्शन, साहित्य, भाषा और जीवनमूल्य एक-दूसरे से जुड़े हुए थे। पुस्तक के पृष्ठ 12 पर विभाजन के संबंध में वे लिखते हैं कि 1947 में देश के विभाजन ने मातृभूमि के कुछ हिस्सों पर अलग राजनीतिक अधिकार को स्वीकार करने की स्थिति उत्पन्न की। उनके विश्लेषण में विभाजन स्वतंत्रता के साथ जुड़ी एक ऐसी ऐतिहासिक त्रासदी थी, जिसकी राजनीतिक और सांस्कृतिक परिणतियों पर गंभीर विमर्श आवश्यक था।
उनके इस निष्कर्ष से सहमति अथवा असहमति का अपना ऐतिहासिक आधार हो सकता है। महत्वपूर्ण यह है कि उन्होंने विभाजन को घटनाओं के क्रम से आगे बढ़ाकर राष्ट्रीय मनोविज्ञान, नेतृत्व के निर्णयों और समाज की संगठनात्मक कमजोरियों के संदर्भ में देखने का प्रयास किया। पुस्तक के पृष्ठ 51 पर कांग्रेस की तत्कालीन राजनीतिक दिशा की आलोचना करते हुए उन्होंने लिखा कि एक राष्ट्रीय संगठन का दायित्व समूचे राष्ट्र के हितों और अखंडता के प्रति दृढ़ रहना है। किसी भी वर्ग के दबाव के आगे उसे अपने राष्ट्रीय दायित्व से विचलित नहीं होना चाहिए। (द ट्रैजिक स्टोरी ऑफ पार्टिशन, पृष्ठ 51, जागरण प्रकाशन, 1982)। यहां शेषाद्रि जी की लेखन पद्धति का एक पक्ष सामने आता है। वे किसी घटना का वर्णन करके आगे नहीं बढ़ते, उसके पीछे काम कर रही राजनीतिक मानसिकता और वैचारिक प्रवृत्तियों की पड़ताल करते हैं।
धर्मांतरण, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक पहचान
शेषाद्रि जी के लेखन का एक महत्वपूर्ण विषय धार्मिक पहचान और धर्मांतरण से जुड़े प्रश्न थे। वर्ष 1981 में तमिलनाडु के मीनाक्षीपुरम में हुए सामूहिक धर्मांतरण ने देशव्यापी चर्चा उत्पन्न की थी। इस घटना के बाद उन्होंने “वार्निंग ऑफ मीनाक्षीपुरम” नामक पुस्तक के माध्यम से अपने विचार प्रस्तुत किए। प्रिंसटन विश्वविद्यालय के डिजिटल संग्रह में इस पुस्तक का अभिलेख उपलब्ध है। उसमें लेखक के रूप में एच.वी. शेषाद्रि और प्रकाशक के रूप में बेंगलुरु स्थित जागरण प्रकाशन का उल्लेख है।
उनकी चिंता का केंद्र हिंदू समाज के भीतर व्याप्त सामाजिक विषमता और उसके कारण उत्पन्न होने वाली दूरी भी थी। उनकी दृष्टि में जातिगत भेदभाव और सामाजिक असमानता समाज की एकता को कमजोर करते हैं, इसलिए हिंदू समाज के संगठन की चर्चा करते समय सामाजिक समरसता को केंद्रीय स्थान मिलना चाहिए। वस्तुत: यहां उनके विचार का एक महत्वपूर्ण पहलू सामने आता है। सांस्कृतिक पहचान की रक्षा का आग्रह तभी सार्थक सामाजिक परिणाम दे सकता है, जब समाज अपने भीतर सम्मान, समानता और आत्मीयता का वातावरण विकसित करे। मठों, संतों, सामाजिक संगठनों और शिक्षण संस्थानों की भूमिका को वे इसी व्यापक दायित्व के संदर्भ में देखते थे। धर्मांतरण के संबंध में उनसे जोड़ा जाने वाला वाक्यांश 'धर्म परिवर्तन राष्ट्रीयता परिवर्तन है' उनके विचारों की व्याख्या में अक्सर उद्धृत होता है।
आपातकाल और लोकतंत्र : कलम से प्रतिरोध का दस्तावेज
शेषाद्रि जी के जीवन का एक महत्वपूर्ण अध्याय आपातकाल से जुड़ा है। 25 जून 1975 को तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी द्वारा आपातकाल लागू किए जाने के बाद देश में नागरिक स्वतंत्रता , प्रेस की आजादी और राजनीतिक गतिविधियों पर कठोर प्रतिबंध लगाए गए। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पर प्रतिबंध लगा और हजारों स्वयंसेवकों को गिरफ्तार किया गया। इस दौर की घटनाओं को दस्तावेजी स्वरूप देने में शेषाद्रि जी की पुस्तक “भुगिलु” का विशेष उल्लेख मिलता है। यह कन्नड़ भाषा की पुस्तक है, जिसमें आपातकाल की परिस्थितियों और उससे जुड़े घटनाक्रम का संकलन किया गया।
वस्तुत: उनके लेखन का महत्व इस दृष्टि से भी है कि उन्होंने तत्कालीन राजनीतिक घटनाओं को लोकतंत्र, संगठन और नागरिक चेतना के व्यापक संदर्भ में देखा। उनके लिए स्वतंत्रता का अर्थ, विदेशी शासन से मुक्ति के साथ ही समाज में विचार व्यक्त करने, सांस्कृतिक परंपराओं को आगे बढ़ाने और राष्ट्रीय जीवन में अपनी भूमिका निभाने की स्वतंत्रता के संदर्भ में रही, इसलिए शेषाद्रि जी की लेखनी का विस्तार विभाजन और आपातकाल तक सीमित नहीं था। उन्होंने भारतीय इतिहास के ऐसे व्यक्तित्वों और प्रसंगों को भी अपने लेखन का विषय बनाया, जिन्होंने राष्ट्रीय स्वाभिमान और सांस्कृतिक चेतना को दिशा दी।
छत्रपति शिवाजी महाराज के जीवन पर उनकी कृति युगावतार विशेष उल्लेखनीय है। शिवाजी के व्यक्तित्व में उन्होंने संगठन क्षमता, अदम्य साहस, सांस्कृतिक आत्मविश्वास और राष्ट्रहित के प्रति प्रतिबद्धता जैसे गुणों को रेखांकित किया। उनकी एक अन्य महत्वपूर्ण पुस्तक “आरएसएस : ए विजन इन एक्शन” है। इसका प्रथम संस्करण 1988 में जागरण प्रकाशन, बेंगलुरु से प्रकाशित हुआ। पुस्तक के अभिलेख के अनुसार इसके प्रथम संस्करण में 326 पृष्ठ हैं। इस पुस्तक में संघ की स्थापना, उसके विचार, संगठनात्मक विकास और सामाजिक जीवन के विभिन्न क्षेत्रों में उसकी गतिविधियों का परिचय मिलता है। पुस्तक के माध्यम से शेषाद्रि जी ने संघ की कार्यपद्धति और उसके सामाजिक विस्तार को व्यापक पाठक वर्ग तक पहुंचाने का प्रयास किया।
इस कृति का केंद्रीय भाव यह है कि डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार द्वारा प्रारंभ की गई संगठनात्मक प्रक्रिया को समाज जीवन के विभिन्न क्षेत्रों में किस प्रकार आगे बढ़ाया गया। संघ के स्वयंसेवकों के माध्यम से शिक्षा, सेवा, सामाजिक जागरण और राष्ट्रनिर्माण के क्षेत्रों में हुए प्रयासों को वे एक व्यापक सांस्कृतिक पुनरुत्थान की प्रक्रिया के रूप में देखते हैं। यहां उनके व्यक्तित्व का एक और पक्ष सामने आता है। वे विचारों को पुस्तकों में सुरक्षित रखने के साथ उन्हें व्यवहार में उतारने की संगठनात्मक प्रक्रिया को भी उतना ही महत्वपूर्ण मानते थे।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के दूसरे सरसंघचालक माधव सदाशिव गोलवलकर उपाख्य गुरुजी के विचारों को व्यवस्थित रूप से संकलित और प्रस्तुत करने के कार्य में भी शेषाद्रि जी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। जिसमें कि उनकी पुस्तक “श्री गुरुजी”विशेष रूप से उल्लेखनीय है, जिसका अंग्रेजी संस्करण 1999 में सुरूचि प्रकाशन, नई दिल्ली से प्रकाशित हुआ था। इस कार्य के पीछे उनकी एक स्पष्ट सोच दिखाई देती है। विचार परंपरा का संरक्षण तभी संभव है, जब एक पीढ़ी अपने अनुभव, चिंतन और वैचारिक संपदा को अगली पीढ़ी तक पहुंचाए। शेषाद्रि जी ने इस दायित्व को गंभीरता से निभाया।
पद की प्रतिष्ठा से बड़ा था दायित्व
वर्ष 1987 में जब शेषाद्रि जी अखिल भारतीय सरकार्यवाह बने, तब उनके सामने देशभर में संगठनात्मक गतिविधियों के समन्वय का व्यापक दायित्व था। लगभग नौ वर्ष तक उन्होंने इस जिम्मेदारी का निर्वहन किया। इस दौरान संघ का विस्तार, सामाजिक संपर्क और विभिन्न क्षेत्रों में संगठनात्मक समन्वय उनके कार्य का महत्वपूर्ण हिस्सा रहा। उनके व्यक्तित्व की विशेषता यह थी कि वे पद को व्यक्तिगत प्रतिष्ठा के रूप में देखने के स्थान पर उसे कार्य की जिम्मेदारी मानते थे। संघ की संगठनात्मक परंपरा में दायित्व परिवर्तन और सामूहिक नेतृत्व की जो व्यवस्था रही है, शेषाद्रि जी का जीवन उसका उदाहरण प्रस्तुत करता है।
उन्होंने जीवन के अंतिम वर्षों में भी प्रचारक प्रमुख के रूप में अपना योगदान जारी रखा। उम्र और स्वास्थ्य से जुड़ी कठिनाइयों के बीच भी उनका संगठन के प्रति जुड़ाव बना रहा, किंतु 14 अगस्त 2005 को उनके निधन की खबर ने संघ परिवार और उनसे जुड़े सामाजिक क्षेत्रों में शोक की लहर पैदा कर दी। बेंगलुरु स्थित केशव कृपा में उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन पर पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी और लालकृष्ण आडवाणी सहित अनेक राष्ट्रीय नेताओं ने श्रद्धांजलि व्यक्त की थी।
आज के भारत के लिए विचारों का अर्थ
अब प्रश्न उठता है कि 2026 में, उनकी जन्मशताब्दी के अवसर पर शेषाद्रि जी को याद करने की आवश्यकता क्यों है? क्या उनका जीवन आज की पीढ़ी के लिए भी कोई संदेश देता है? वस्तुत: हमें इसका उत्तर उनके जीवन के तीन प्रमुख पक्षों में मिलता है।
पहला, सांस्कृतिक आत्मबोध। किसी भी समाज की दीर्घकालिक मजबूती उसके इतिहास, परंपराओं, भाषाओं और सांस्कृतिक विरासत के प्रति जागरूकता से जुड़ी होती है। शेषाद्रि जी ने अपने लेखन में इस विषय को बार-बार उठाया। उनके विचार में भारत की पहचान उसकी सनातन सांस्कृतिक परंपरा से गहराई से जुड़ी है। हिंदू जीवनदृष्टि ने इस भूमि के दर्शन, कला, साहित्य, उत्सव, सामाजिक व्यवहार और आध्यात्मिक चिंतन को आकार दिया है।
दूसरा, सामाजिक समरसता। हिंदू समाज की एकता का उनका आग्रह जातिगत विभाजनों से ऊपर उठने की आवश्यकता को रेखांकित करता है। समाज में आपसी विश्वास, सम्मान और सहभागिता के बिना सांस्कृतिक पुनरुत्थान की कल्पना अधूरी रहेगी। नई पीढ़ी के लिए यह संदेश विशेष महत्व रखता है कि अपनी परंपरा के गौरव के साथ सामाजिक उत्तरदायित्व भी जुड़ा हुआ है।
तीसरा, राष्ट्र के प्रति व्यक्तिगत समर्पण। शेषाद्रि जी ने अपने जीवन से दिखाया कि शिक्षा, प्रतिभा और बौद्धिक क्षमता का उपयोग व्यापक सामाजिक हित के लिए किया जा सकता है। आज जब युवा पीढ़ी करियर, उपलब्धियों और व्यक्तिगत सफलता की दिशा में आगे बढ़ रही है, तब उनके जीवन का यह पक्ष प्रेरणा देता है कि व्यक्ति अपने कार्यक्षेत्र में रहते हुए भी समाज और राष्ट्र के लिए महत्वपूर्ण योगदान दे सकता है।
उनकी वैचारिक दृष्टि में हिंदुत्व भारत की सांस्कृतिक पहचान का मूल आधार है। इस विचार को वे सनातन परंपरा, जीवनदर्शन और ऐतिहासिक निरंतरता के संदर्भ में प्रस्तुत करते थे। इस दृष्टिकोण पर भारतीय बौद्धिक जगत में विभिन्न मत रहे हैं, फिर भी भारतीय संस्कृति और राष्ट्रबोध पर उनके लेखन का अध्ययन संघ की विचार परंपरा को समझने के लिए महत्वपूर्ण है।
एक व्यक्ति का जीवन, अनेक पीढ़ियों के लिए प्रेरणा
शेषाद्रि जी की जन्मशताब्दी के अवसर पर एस-व्यास विश्वविद्यालय का आयोजन एक विशेष संदर्भ प्रस्तुत करता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले की उपस्थिति इस आयोजन को संघ परिवार के लिए और भी विशेष बना देती है। 13 नवंबर 2026 को बेंगलुरु में विश्वविद्यालय के स्वर्ण जयंती समारोह में सहभागिता वास्तव में संघ के उन समर्पित प्रचारकों के जीवन और कार्यशैली को भी स्मरण करने का माध्यम है, जिन्होंने भारत की सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और सामाजिक चेतना को पुनर्जीवित करने के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित कर दिया।
होसबाले जी स्वयं कर्नाटक की पृष्ठभूमि से आते हैं और उन्होंने शेषाद्रि जी के सानिध्य में लंबे समय तक संगठनात्मक कार्य किया है। इस मंच से दत्तात्रेय होसबाले का उद्बोधन मुख्य रूप से शेषाद्रि जी के व्यक्तित्व, राष्ट्र निर्माण में उनके अप्रतिम योगदान, सामाजिक समरसता के प्रति उनकी प्रतिबद्धता और भारतीय ज्ञान परंपरा को आधुनिक संदर्भों में स्थापित करने के उनके दृष्टिकोण पर केंद्रित रहा। संघ की कार्यपद्धति में हमेशा से ही व्यक्ति निर्माण के साथ-साथ समाज के विभिन्न क्षेत्रों में रचनात्मक और सेवा कार्यों को बढ़ावा देने पर जोर दिया जाता रहा है। प्रशांति कुटीरम और स्वामी विवेकानंद योग अनुसंधान संस्थान (एस-व्यास) की स्थापना और विकास भी इसी व्यापक दृष्टि का परिणाम है।
1975 में स्थापित यह संस्थान पिछले पांच दशकों से भारतीय योग विद्या को आधुनिक विज्ञान की कसौटी पर परखने और उसे वैश्विक स्तर पर प्रमाणिक रूप से प्रस्तुत करने का कार्य कर रहा है। एच. वी. शेषाद्रि जी का इस संस्थान की वैचारिक नींव रखने और इसे निरंतर मार्गदर्शन देने में गहरा योगदान रहा है। वास्तव में यह प्रसंग एक ऐसे व्यक्ति की स्मृति को राष्ट्रीय मंच पर स्थान देता है, जिसने अपना संपूर्ण जीवन संगठन, साहित्य और सांस्कृतिक चिंतन को समर्पित किया।
आज उनकी जन्मशताब्दी का वास्तविक महत्व भी इसी में है कि उनकी पुस्तकों को फिर से पढ़ा जाए, उनके विचारों का अध्ययन हो और भारतीय समाज अपनी सांस्कृतिक विरासत के प्रश्नों पर गंभीर विमर्श करे। एक व्यक्ति क्या कर सकता है? वह अपने जीवन से हजारों लोगों को प्रेरित कर सकता है। वह अपनी लेखनी से इतिहास के अनदेखे प्रसंगों को सामने ला सकता है। वह संगठन के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों को जोड़ने का प्रयास कर सकता है। वह अपने आचरण से त्याग, अनुशासन और समर्पण की परिभाषा गढ़ सकता है। एच.वी. शेषाद्रि जी का जीवन इन्हीं संभावनाओं का परिचायक है। उन्होंने स्वर्ण पदक प्राप्त करने वाली शैक्षणिक प्रतिभा को राष्ट्रकार्य में लगाया, प्रचारक के रूप में जीवन बिताया, सरकार्यवाह के दायित्व का निर्वहन किया और साहित्य के माध्यम से अपने विचारों को आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित किया।
उनकी जन्मशताब्दी पर सबसे सार्थक श्रद्धांजलि यही होगी कि उनकी पुस्तकों को पुस्तकालयों और विश्वविद्यालयों तक पहुंचाया जाए, युवा पीढ़ी को उनके जीवन से परिचित कराया जाए और भारतीय इतिहास, संस्कृति तथा राष्ट्रीय अस्मिता से जुड़े प्रश्नों पर अध्ययन एवं संवाद की परंपरा विकसित की जाए, क्योंकि राष्ट्र का निर्माण किसी एक पीढ़ी का काम नहीं होता। यह पीढ़ियों के समर्पण, विचार और कर्म से आगे बढ़ने वाली सतत यात्रा है। शेषाद्रि जी ने इस यात्रा में अपना पूरा जीवन लगा दिया। उनका जीवन इस बात की प्रेरणा देता है कि जब व्यक्ति का लक्ष्य स्वयं से बड़ा हो जाता है, तब उसका जीवन उसके जाने के बाद भी समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत बना रहता है।
(लेखक, हिन्दुस्थान समाचार से संबद्ध हैं।)
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. मयंक चतुर्वेदी

