स्यापा, संवेदना और सिलेक्टिव आंसू: राजनीति का नया 'म्यूजियम'
विनय के पाठक
हमारे लोकतांत्रिक देश में राजनीति का सबसे बड़ा आविष्कार है—'आंसुओं की टाइमिंग'। आम आदमी तो बेचारा प्याज महंगा होने पर या टैक्स कटने पर रोता है, लेकिन हमारे देश के बड़े राजनेताओं के आंसुओं का अपना एक अलग 'ग्लोबल स्टैंडर्ड' है। अभी हाल ही में राजनीति के गलियारों में आंसुओं की एक नई खेप आई है, जिसे एक बहुप्रतीक्षित किताब के विमोचन से ठीक पहले 'द गार्डियन' के रास्ते भारत के राजनीतिक बाज़ार में उतारा गया है।
दरअसल, मामला ये है कि कांग्रेस की राजमाता को अचानक याद आया कि जब वह साल 1992 में टेलीविजन पर बाबरी ढांचे का विध्वंस देख रही थीं, तो वह रो पड़ी थीं। अब इतिहास की धूल साफ करते हुए विदेशी अखबारों के पन्नों पर इन आंसुओं का छपना सिर्फ एक संस्मरण नहीं, बल्कि एक गहरा राजनीतिक कौतुक है।
कसौटी पर देखें, तो भारतीय राजनीति में आंसुओं की एक 'सिलेक्टिव गैलरी' है। इस गैलरी में कुछ विशेष दृश्यों पर तो रोने का पूरा प्रबंध है, लेकिन कुछ पर आंखें मरुस्थल जैसी सूखी रह जाती हैं। कमाल की बात यह है कि देश के सबसे पुराने राजनीतिक परिवार की तीन पीढ़ियों यानी जवाहरलाल नेहरू से लेकर इंदिरा गांधी और राहुल गांधी तक का मन इतिहास के क्रूर पन्नों से कभी विचलित नहीं हुआ।
लाखों भारतीयों का कत्ल करने वाले, राम जन्मभूमि मंदिर समेत सैकड़ों मंदिरों का विध्वंस करने वाले विदेशी आक्रमणकारी बाबर की काबुल स्थित कब्र पर बिना किसी निमंत्रण के जाकर सजदा करने की इनके परिवार में एक अघोषित परंपरा सी रही है। पूर्व विदेशमंत्री नटवर सिंह ने तो अपनी यादों में दर्ज किया था कि कैसे एक बार बाबर की कब्र पर शीश नवाते हुए इसी गांधी नेहरू परिवार की एक कांग्रेसी प्रधानमंत्री ने उसे 'पूर्वज' तक कह दिया था।
इसे कहते हैं सेक्युलरिज्म का टॉप लेवल! जहां देश के आराध्य प्रभु श्रीराम को अदालती हलफनामों में 'काल्पनिक' बता दिया जाए, जहां रामसेतु को ढहाने के लिए तर्क गढ़ लिए जाएं, लेकिन पांच सदी पुराने एक आक्रांता के नाम पर बने ढांचे के गिरने पर मन इतना व्यथित हो जाए कि टेलीविजन स्क्रीन भी धुंधली नजर आने लगे। यह राजनीति का वह अद्भुत चश्मा है, जो वर्तमान के राष्ट्रवाद को 'कट्टरता' कहता है, लेकिन अतीत के क्रूर आक्रांताओं के प्रति अगाध प्रेम पालता है।
इस आंसुओं वाले इतिहास में एक और दिलचस्प अध्याय कांग्रेस के ही वरिष्ठ नेता सलमान खुर्शीद ने कुछ साल पहले जोड़ा था। उन्होंने बड़े गर्व से देश को बताया था कि दिल्ली के बाटला हाउस मुठभेड़ में जब आरोपी मारे गए थे, तब भी शीर्ष नेतृत्व पर बैठी राजमाता की आंखों में आंसू आ गए थे। उस मुठभेड़ में देश की रक्षा करते हुए जो पुलिसकर्मी शहीद हुए, उसके परिवार के सूने आंगन के लिए संवेदना का कोई विशेष बुलेटिन जारी नहीं हुआ, लेकिन आरोपियों की तकदीर पर रोने का पूरा प्रबंध किया गया।
कांग्रेस नेतृत्व के ‘बाबर प्रेम’ की बात जब छलक कर बाहर आई तो विरोधियों को भी तंज करने का मौका मिल गया। साफ-साफ कहा जाने लगा कि कांग्रेस महात्मा गांधी के 'राम राज्य' के सपने को छोड़ कर अब पूरी तरह 'बाबर राज' की पैरोकार बन गई है। राजनीति का यह चक्र भी कितना अजीब है। साल 1989 में विश्व हिन्दू परिषद के राम जन्मभूमि आंदोलन की काट निकालने के लिए पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी जी ने अपनी चुनावी यात्रा की शुरुआत बाकायदा 'राम राज्य' का नारा देकर की थी। मगर आज की कांग्रेस गाजा के संकट और अतीत के ढांचों पर आंसू बहाकर अपने कोर वोट बैंक को यह संदेश देने में व्यस्त है कि 'दिल तो आज भी वहीं अटका है'।
असल में, चुनावी मौसम और किताब के विमोचन के समय आंसुओं का यह प्रदर्शन जनता को एक बड़ा संदेश देता है। जनता भी अब बहुत समझदार हो चुकी है। वह जानती है कि जब कोई राजनेता यह कहता है कि 'मैं टेलीविजन देखकर रो पड़ा था', तो वह दरअसल यह पूछ रहा होता है कि 'क्या इस आंसू के बदले मुझे कुछ वोट मिलेंगे?' राजनीति के इस नए म्यूजियम में असली आंसुओं की कीमत भले ही शून्य हो, लेकिन सिलेक्टिव आंसुओं की ब्रांडिंग हमेशा 'इंटरनेशनल' होती है।
(लेखक, वरिष्ठ पत्रकार हैं।)
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद

