home page

हिंदू त्योहारों से भारत के हर घर में पहुंचता उजास, दीपावली दे गई अर्थव्यवस्था को नई शक्ति

 | 
हिंदू त्योहारों से भारत के हर घर में पहुंचता उजास, दीपावली दे गई अर्थव्यवस्था को नई शक्ति


डॉ. मयंक चतुर्वेदी

भारत की सांस्कृतिक चेतना में हिंदू त्योहारों का स्थान घर-आंगन में खुशियों का उजास भरने से लेकर देश की सामाजिक एकजुटता, पारिवारिक परंपराओं, लोककलाओं और आर्थिक गतिविधियों को भी नई ऊर्जा देने तक व्यापक है। दीपावली इसका सबसे सशक्त उदाहरण है। मिट्टी के दीयों से रोशन होते घर, बाजारों में उमड़ती भीड़, कारीगरों के हाथों से आकार लेते स्वदेशी उत्पाद, मिठाइयों की मिठास और अपनों के बीच उपहारों का आदान-प्रदान, ये सभी मिलकर एक ऐसी आर्थिक शृंखला का निर्माण करते हैं, जिसका लाभ समाज के व्यापक वर्ग तक पहुंचता है।

इस साल की दीपावली भी हमेशा की तरह देश के सांस्कृतिक सामर्थ्य को आर्थिक शक्ति में बदलते हुए भारतीय व्यापार के इतिहास में नया अध्याय जोड़ गई। कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के आकलन के अनुसार, नवरात्रि से दीपावली तक देशभर में लगभग सात लाख करोड़ रुपये का कारोबार हुआ। भारतीय पर्वों की विशेषता ही है कि उनकी जड़ें धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं में होती हैं, जबकि उनका प्रभाव समाज और अर्थव्यवस्था के अनेक क्षेत्रों तक पहुंचता है।

दीपावली पर घरों की सफाई, रंगाई-पुताई, सजावट, नए वस्त्रों की खरीदारी, आभूषण, वाहन, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, मिठाइयां और उपहारों की खरीद जैसे अनेक कार्य एक साथ गति पकड़ते हैं। इससे उत्पादन, परिवहन, विपणन, खुदरा व्यापार और सेवा क्षेत्र में गतिविधियां बढ़ती हैं। देश के करोड़ों छोटे-बड़े व्यापारियों, दुकानदारों, कारीगरों, श्रमिकों और उद्यमियों के लिए यह पर्व वर्ष के सबसे महत्वपूर्ण कारोबारी अवसरों में शामिल है।

कैट के राष्ट्रीय महामंत्री एवं सांसद प्रवीण खंडेलवाल की ओर से साझा किए गए आकलन के मुताबिक, वर्ष 2025 के त्योहारी कारोबार का आंकड़ा 6.05 लाख करोड़ रुपये था, जबकि 2024 में यह 4.25 लाख करोड़ रुपये रहा था। वर्ष 2026 में लगभग सात लाख करोड़ रुपये तक पहुंचा कारोबार पिछले वर्ष की तुलना में 15 से 18 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाता है। वहीं यह वैश्विक आर्थिक अनिश्चितताओं और महंगाई की चुनौतियों के बीच भारतीय बाजारों का यह प्रदर्शन हिन्दू त्योहारों का घरेलू उपभोग के नजरिए से एक ताकत के रूप में रेखांकित करता है।

दीपावली के आर्थिक महोत्सव में धनतेरस सबसे बड़ा आकर्षण बनकर उभरा। भारतीय परंपरा में इस दिन सोना, चांदी, बर्तन और अन्य उपयोगी वस्तुओं की खरीद को शुभ माना जाता है। इस साल धनतेरस के दिन देशभर में लगभग 1.25 लाख करोड़ रुपये का कारोबार दर्ज किया गया। इसमें सोने और चांदी की बिक्री का योगदान 66 हजार करोड़ रुपये से अधिक रहा। आभूषणों के साथ सोने के सिक्के, चांदी के बर्तन और लक्ष्मी-गणेश की प्रतिमाओं की मांग भी खूब रही।

भारतीय परिवार शुभ अवसर पर खरीदारी को समृद्धि के प्रतीक के रूप में देखते हैं। आभूषण उद्योग से जुड़े छोटे सुनारों, पारंपरिक कारीगरों और बड़े प्रतिष्ठानों तक इस मांग का लाभ पहुंचता है, जिसमें कि देश की राजधानी दिल्ली इस त्योहारी कारोबार का सबसे बड़ा केंद्र रही। कैट के आकलन के अनुसार, दिल्ली में एक लाख करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार हुआ। उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के व्यापारियों ने भी दिल्ली के थोक बाजारों से बड़े पैमाने पर खरीदारी की।

आंकड़ों के अनुसार, कुल त्योहारी कारोबार का लगभग 85 प्रतिशत हिस्सा पारंपरिक बाजारों के माध्यम से हुआ। इसके विपरीत ऑनलाइन व्यापार की हिस्सेदारी करीब 15 प्रतिशत रही। क्विक कॉमर्स के ऑर्डर में पिछले वर्ष की तुलना में 75 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है।

दीपावली के आर्थिक प्रभाव का एक महत्वपूर्ण पक्ष छोटे शहरों में प्रदर्शन रहा। जहां दीपावली की एक विशेष उपलब्धि स्वदेशी उत्पादों के प्रति बढ़ता आकर्षण था। वोकल फॉर लोकल और स्वदेशी दीपावली जैसे अभियानों का असर बाजारों में दिखाई दिया। मिट्टी के दीये, हस्तनिर्मित सजावटी सामग्री, पारंपरिक बंदनवार, कंदील, खादी, हथकरघा वस्त्र और पर्यावरण के अनुकूल पूजन सामग्री की मांग बढ़ी। इसका सीधा लाभ कुम्हारों, हस्तशिल्पियों, महिला उद्यमियों, स्वयं सहायता समूहों और लघु एवं कुटीर उद्योगों को मिला। त्योहारों के माध्यम से स्थानीय उत्पादों को बाजार मिलता है और पारंपरिक हुनर को आजीविका का आधार प्राप्त होता है। वस्तुत: यह भारतीय अर्थव्यवस्था का ऐसा पक्ष है, जिसका मूल्यांकन बड़े औद्योगिक आंकड़ों से आगे जाकर किया जाना चाहिए।

स्वदेशी उत्पादों की खरीदारी का अर्थ है देश के भीतर उत्पादन, रोजगार और पूंजी के प्रवाह को प्रोत्साहन देना। जब कोई परिवार स्थानीय कुम्हार से दीये खरीदता है या किसी ग्रामीण महिला समूह से सजावटी सामग्री लेता है, तब उस खरीदारी का लाभ सीधे उत्पादक परिवार तक पहुंचता है। यही आर्थिक आत्मनिर्भरता की जमीनी अभिव्यक्ति है।

इसके साथ ही इलेक्ट्रॉनिक्स, वाहन, कपड़ा, आभूषण, मिठाई, सूखे मेवे और घरेलू सजावट के बाजारों में भी तेजी रही। स्मार्टफोन, बड़े स्क्रीन वाले टेलीविजन, रेफ्रिजरेटर और वाशिंग मशीन जैसे उपकरणों की बिक्री बढ़ी। वाहन बाजार में एसयूवी, दोपहिया वाहनों और इलेक्ट्रिक वाहनों के प्रति ग्राहकों का रुझान दिखाई दिया। पारंपरिक साड़ियों, कुर्ता-पायजामा, शेरवानी और आधुनिक परिधानों की मांग से वस्त्र उद्योग को गति मिली।

इस आर्थिक गतिविधि का विस्तार होटल, रेस्तरां, पर्यटन, परिवहन, पैकेजिंग और लॉजिस्टिक्स तक हुआ। कैट के आकलन के अनुसार, सेवा क्षेत्र का कारोबार 80 हजार करोड़ से एक लाख करोड़ रुपये के स्तर तक पहुंचा। त्योहारी मांग को पूरा करने के लिए परिवहन और वितरण से जुड़े क्षेत्रों में अस्थायी रोजगार के अवसर भी बढ़े। इससे श्रमिकों और छोटे सेवा प्रदाताओं को अतिरिक्त आय मिली।

ग्रामीण भारत का योगदान भी विशेष महत्व रखता है। कुल त्योहारी बिक्री में इन क्षेत्रों की हिस्सेदारी लगभग 28 प्रतिशत आंकी गई। डिजिटल भुगतान और यूपीआई ने छोटे दुकानदारों से लेकर बड़े प्रतिष्ठानों तक लेनदेन को आसान बनाया। इससे छोटे शहरों की आर्थिक भागीदारी और अधिक व्यापक हुई। ऐसे में कहना यही होगा कि दीपावली का सात लाख करोड़ रुपये का कारोबार भारत की सांस्कृतिक परंपराओं और आर्थिक सामर्थ्य के बीच गहरे संबंध को उजागर करता है। भारतीय त्योहारों की शक्ति इसी में है कि वे परिवारों को जोड़ते हैं, समाज में उत्साह भरते हैं और उत्पादन से लेकर उपभोग तक आर्थिक गतिविधियों का विशाल आधार तैयार करते हैं।

आज सात लाख करोड़ रुपये का कारोबार होना इस बात का संकेत देता है कि देश की सांस्कृतिक जड़ें उसकी आर्थिक शक्ति का भी आधार भी बनी हुई हैं। हिंदू त्योहारों से हर घर तक पहुंचने वाला उजास बाजारों, कारीगरों और उद्यमियों के जीवन में भी नई उम्मीद जगाता है। दीपावली का वास्तविक संदेश भी यही है कि परंपरा, स्वदेशी उत्पादन और आर्थिक सहभागिता का संगम भारत को समृद्धि की दिशा में आगे बढ़ाने की क्षमता रखता है, जिसे देश में सतत बना रहना चाहिए। भारत का हर त्योहार देश की आर्थिक गति बढ़ा रहा है और विश्व के किसी भी देश में जीडीपी घटे, किंतु भारत सिर्फ हिन्दू त्योहारों से ही हर साल अपनी जीडीपी 4 प्रतिशत तक सहज ही बना लेता है, शेष अन्य क्षेत्रों से जीडीपी ग्रोथ बनी रहती ही है।

(लेखक, हिन्दुस्थान समाचार से संबद्ध हैं।)

-------------------------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. मयंक चतुर्वेदी