home page

मानवीय संवेदनाओं से युक्त विश्व का सबसे व्यापक है भारतीय संविधान

 | 
मानवीय संवेदनाओं से युक्त विश्व का सबसे व्यापक है भारतीय संविधान


26 नवंबर : संविधान दिवस

-रमेश शर्मा

भारत का संविधान विश्व के सबसे विस्तृत और व्यापक संविधानों में से एक है। इसके निर्माण में दुनिया के विभिन्न देशों के संविधानों के श्रेष्ठ प्रावधानों को समाहित किया गया। यही कारण है कि इसमें मानवीय अधिकारों के प्रति गहरी संवेदनशीलता के साथ अपराधों पर नियंत्रण के लिए कठोर प्रावधान भी किए गए हैं। भारत में संविधान निर्माण की प्रक्रिया स्वतंत्रता से पहले ही आरंभ हो गई थी। इसे तैयार करने में दो वर्ष, ग्यारह महीने और अठारह दिन लगे।

भारतीय संविधान के संदर्भ में दो तिथियाँ विशेष रूप से महत्त्वपूर्ण हैं- 26 नवंबर और 26 जनवरी। 26 नवंबर, 1949 को संविधान सभा ने संविधान को अंगीकृत किया था। इसीलिए इस तिथि को संविधान दिवस के रूप में मनाया जाता है, जबकि 26 जनवरी, 1950 को संविधान लागू हुआ और भारत एक संप्रभु लोकतांत्रिक गणराज्य बना। इसलिए 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस के रूप में मनाया जाता है।

आरंभ में 26 नवंबर को राष्ट्रीय स्तर पर संविधान दिवस मनाने की परंपरा नहीं थी। इसकी शुरुआत वर्ष 2015 में हुई। इससे पहले यह दिन राष्ट्रीय कानून दिवस के रूप में मनाया जाता था। वर्ष 2015 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बाबासाहब डॉ. भीमराव आंबेडकर की 125वीं जयंती के अवसर पर 26 नवंबर को संविधान दिवस के रूप में मनाने की घोषणा की थी। डॉ. आंबेडकर संविधान सभा की प्रारूप समिति के अध्यक्ष थे।

संविधान सभा के गठन की प्रक्रिया सितंबर 1946 में आरंभ हुई थी, जो नवंबर 1946 में पूरी हुई। संविधान सभा की विधिवत घोषणा 6 दिसंबर, 1946 को हुई और 9 दिसंबर, 1946 को इसकी पहली बैठक आयोजित की गई। संविधान सभा के कुल 11 सत्र हुए और विचार-विमर्श के लिए 165 दिनों तक बैठकें चलीं। प्रारूप समिति की बैठकें कुल 141 दिनों तक चलीं। इसी समिति ने संविधान का मसौदा तैयार किया था। संविधान सभा की अंतिम बैठक 24 जनवरी, 1950 को हुई थी। इसी दिन संविधान के अंतिम स्वरूप पर सदस्यों ने हस्ताक्षर किए। इसके बाद 26 जनवरी, 1950 को संविधान लागू हुआ।

संविधान सभा का स्वरूप और उसकी समितियाँ

संविधान सभा के आरंभिक स्वरूप में कुल 389 सदस्य थे। किंतु 14 अगस्त, 1947 को भारत का विभाजन होने के बाद कुछ सदस्य पाकिस्तान चले गए और भारतीय संविधान सभा के सदस्यों की संख्या घटकर 299 रह गई। संविधान सभा में 15 महिला सदस्य, अनुसूचित जाति के 26 और अनुसूचित जनजाति के 33 सदस्य थे।

डॉ. सच्चिदानंद सिन्हा संविधान सभा के अस्थायी अध्यक्ष बने थे। बाद में डॉ. राजेंद्र प्रसाद संविधान सभा के स्थायी अध्यक्ष चुने गए। संविधान सभा में कुल 22 समितियाँ थीं, जिनमें आठ प्रमुख और शेष सहायक समितियाँ थीं। इन सभी में सबसे महत्त्वपूर्ण प्रारूप समिति थी, जिसके अध्यक्ष बाबासाहब डॉ. भीमराव आंबेडकर थे।

अन्य समितियों में पंडित जवाहरलाल नेहरू दो समितियों के अध्यक्ष थे। इनमें संघ शक्ति समिति और संघ संविधान समिति शामिल थीं। सरदार वल्लभभाई पटेल प्रांतीय संविधान समिति तथा मौलिक अधिकारों, अल्पसंख्यकों, आदिवासी और अपवर्जित क्षेत्रों से संबंधित सलाहकार समिति के अध्यक्ष थे। डॉ. राजेंद्र प्रसाद प्रक्रिया के नियमों से संबंधित समिति, संचालन समिति तथा वित्त एवं कर्मचारी समिति के अध्यक्ष थे।

अन्य समितियों में मौलिक अधिकार उपसमिति के अध्यक्ष जे.बी. कृपलानी थे। राष्ट्रीय ध्वज से संबंधित तदर्थ समिति के अध्यक्ष डॉ. राजेंद्र प्रसाद थे, जबकि बी.एन. राव संविधान सभा के संवैधानिक सलाहकार थे।

भारतीय संविधान के मूल स्वरूप में 395 अनुच्छेद थे, जिन्हें 22 भागों में विभाजित किया गया था। उस समय इसमें कुल आठ अनुसूचियाँ थीं। समय के साथ संविधान में अनेक संशोधन हुए और इसका विस्तार हुआ। वर्तमान स्वरूप में इसमें 470 अनुच्छेद, 25 भाग और 12 अनुसूचियाँ हैं।

संवैधानिक प्रावधानों में चित्रों के माध्यम से सांस्कृतिक और ऐतिहासिक गौरव की झलक

भारतीय संविधान के 22 भागों की प्रस्तुति केवल शब्दों तक सीमित नहीं है। इसमें शब्दों के साथ चित्रों के माध्यम से भी संदेश दिए गए हैं। प्रत्येक भाग के आरंभ में एक चित्र उकेरा गया है और उसके बाद संबंधित संवैधानिक प्रावधान प्रस्तुत किए गए हैं। इस प्रकार संविधान के मूल 22 भागों के साथ 22 चित्रों की शृंखला जुड़ी हुई है।

इन चित्रों में भारत के सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक गौरव, कर्तव्यबोध और प्रकृति की विविधता का चित्रण किया गया है। इनके माध्यम से संविधान निर्माताओं ने संवैधानिक प्रावधानों की व्यापकता के साथ भारतीय शासन पद्धति और सामाजिक जीवन के उन आदर्शों को भी अभिव्यक्त किया है, जो भारत की सांस्कृतिक अस्मिता के अनुरूप हैं।

संविधान निर्माताओं ने इन चित्रों के माध्यम से नेतृत्वकर्ताओं और समाज को आदर्श जीवन-मूल्यों की स्थापना का संदेश दिया है। इसके लिए समाज और सरकार, दोनों को अपनी भूमिका और दायित्व समझने होंगे। यह भाव व्यक्तित्व निर्माण में भी दिखाई देना चाहिए और दायित्वबोध में भी। इसीलिए संविधान निर्माताओं ने स्वतंत्र भारत में सुचारु शासन संचालन के लिए अधिकारों, कर्तव्यों और अपराध नियंत्रण से संबंधित प्रावधानों के साथ ऐसे प्रेरक चित्रों का चयन किया, जो समृद्ध, सशक्त और आदर्श राष्ट्र के निर्माण की प्रेरणा देते हैं।

शौर्य, सामर्थ्य, दूरदृष्टि, संकल्पशीलता, समृद्धि, आदर्श जीवन, विश्व शांति और विश्वबंधुत्व का संदेश देने वाले इन चित्रों की शृंखला संविधान के आवरण पृष्ठ से ही आरंभ हो जाती है।

संविधान के आवरण पृष्ठ पर राजचिह्न और एक घोषवाक्य अंकित है। राजचिह्न सम्राट अशोक के सिंह स्तंभ से लिया गया है। इस सिंह स्तंभ के शीर्ष पर धर्मचक्र और नीचे घंटे के आकार का कमल बना है। स्तंभ के शीर्ष भाग पर हाथी, घोड़ा, सांड और सिंह की आकृतियाँ हैं। इन आकृतियों के बीच धर्मचक्र भी अंकित है। इस राजचिह्न में हाथी विशालता, सिंह शौर्य, घोड़ा गति और सांड सामर्थ्य का प्रतीक माना जाता है। प्रगति के लिए विशाल दृष्टिकोण, शौर्य, शक्ति और गतिशीलता आवश्यक हैं।

राजचिह्न के साथ संविधान के आवरण पर 'सत्यमेव जयते' घोषवाक्य भी अंकित है। यह वाक्य मुंडकोपनिषद से लिया गया है। इसका संदेश है कि अंततः विजय सत्य की ही होती है। इस घोषवाक्य से दो महत्त्वपूर्ण संदेश मिलते हैं—एक, उपनिषदों की महत्ता का और दूसरा, सत्य के प्रति अटूट निष्ठा का। व्यक्ति भी सफलता की ऊँचाइयों तक तभी पहुँचता है, जब वह सत्य के मार्ग पर अडिग रहता है।

इसके बाद संविधान के भीतर के पृष्ठों पर चित्रों की शृंखला आरंभ होती है। प्रत्येक भाग की शुरुआत एक चित्र से की गई है।

संविधान के प्रथम भाग में सिंधु घाटी सभ्यता के चर्चित प्रतीकों में शामिल जंगली बैल की आकृति अंकित है। इस भाग में भारतीय संघ के नाम और उसके राज्यक्षेत्र का उल्लेख है। यह चित्र मोहनजोदड़ो और हड़प्पा की प्राचीन सभ्यता की स्मृति को जीवंत करता है। इस चित्र के माध्यम से एक ऐसे राष्ट्रतंत्र की कल्पना का संकेत मिलता है, जो समाज को हिंसक और आपराधिक प्रवृत्तियों वाली शक्तियों से सुरक्षित रखने में सक्षम हो।

संविधान के तृतीय भाग में मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम का चित्र अंकित है। इस भाग में मौलिक अधिकारों का प्रावधान है। भगवान श्रीराम के जीवन से कुटुंबबोध, कर्तव्यबोध और संपूर्ण राष्ट्र तथा समाज को एक सूत्र में पिरोने की प्रेरणा मिलती है। चित्र में भगवान श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मणजी पुष्पक विमान से अयोध्या लौटते हुए दिखाई देते हैं। लंका पर श्रीराम की विजय में शक्ति, वीरता और युद्ध कौशल का अद्भुत संदेश निहित है। यह चित्र विजय प्राप्त करके लौटने और आदर्शों की स्थापना का भी प्रतीक है।

स्वाधीनता संग्राम के दौरान जनजागरण के लिए रामराज्य की कल्पना को महत्त्व दिया गया था। स्वतंत्रता के बाद शासन व्यवस्था भी रामराज्य के आदर्शों के अनुरूप चले, संभवतः इसी भाव को स्मरण कराने के लिए संविधान में यह चित्र शामिल किया गया।

एक अन्य चित्र वैदिक काल के गुरुकुल का है। यह संविधान के भाग दो में अंकित है, जो नागरिकता से संबंधित है। इस चित्र में अग्नि, इंद्र और सूर्य की उपासना का दृश्य दिखाई देता है। इसमें शिक्षा, संस्कार और आदर्श जीवन-मूल्यों का संदेश निहित है। श्रेष्ठ नागरिक वही बन सकता है, जो शिक्षा और आदर्श सिद्धांतों का पालन करता है। विद्यार्थी जीवन में सरलता, संकल्पशीलता और एकाग्रचित्त होकर आगे बढ़ने वाला व्यक्ति ही समाज और राष्ट्र के लिए श्रेष्ठ नागरिक बनता है।

संविधान निर्माताओं ने 'सत्यमेव जयते' का घोषवाक्य अपनाने के साथ सत्य की रक्षा के लिए भगवान श्रीकृष्ण द्वारा अर्जुन को श्रीमद्भगवद्गीता का उपदेश देते हुए चित्र भी अंकित कराया है। इस चित्र से यह संदेश मिलता है कि सत्य शाश्वत है, किंतु उसकी रक्षा के लिए संघर्ष भी आवश्यक है। यदि सत्य की रक्षा के लिए संघर्ष नहीं किया गया तो असत्य और आसुरी शक्तियाँ प्रभावी हो सकती हैं। सत्य की रक्षा के लिए शक्ति, शास्त्र, शौर्य और रणनीति का संतुलन आवश्यक है। यही संदेश भगवान श्रीकृष्ण ने श्रीमद्भगवद्गीता के माध्यम से दिया है।

भगवान श्रीकृष्ण द्वारा अर्जुन को गीता का उपदेश देते हुए यह चित्र संविधान के भाग चार में अंकित है। इस भाग में राज्य के नीति-निदेशक तत्त्वों का उल्लेख है। इस प्रकार संविधान सभा ने राज्य के नीति-निदेशक तत्त्वों को गीता के संदेश से जोड़ने का संकेत दिया है।

संविधान के भाग पाँच में भगवान बुद्ध का चित्र है। यह भाग संघ से संबंधित है। इस चित्र में भगवान बुद्ध लोगों को ज्ञान देते हुए दिखाई देते हैं। भगवान बुद्ध की संपूर्ण शिक्षाओं में आत्मबोध, करुणा और आंतरिक चेतना की पूर्णता का संदेश है। यह पूर्णता किसी बाहरी साधन से नहीं बल्कि व्यक्ति की अंतर्निहित चेतना के जागरण से प्राप्त होती है। भगवान बुद्ध का यह चित्र इसी संदेश को अभिव्यक्त करता है।

संविधान में राज्यों और उनके प्रशासनिक स्वरूप से संबंधित प्रावधानों को भी विभिन्न चित्रों के माध्यम से प्रस्तुत किया गया है। संविधान के भाग छह में भगवान महावीर को ध्यानस्थ मुद्रा में दर्शाया गया है। वहीं, भाग सात में सम्राट अशोक का चित्र है, जिसमें वे भिक्षुओं के साथ बौद्ध धर्म का प्रसार करते दिखाई देते हैं। संविधान के भाग आठ में हनुमानजी का चित्र अंकित है। इसमें वे माता सीता की खोज में लंका जाते हुए दिखाई देते हैं।

इन चित्रों के माध्यम से आत्मचेतना, विवेक, संकल्प और लक्ष्य के प्रति समर्पण का संदेश मिलता है। भगवान बुद्ध ने अपनी अंतर्चेतना से जीवन के सत्य को समझा। सम्राट अशोक के भीतर भी आत्मबोध का जागरण हुआ। हनुमानजी ने अपने विवेक, साहस और सामर्थ्य से कठिन मार्ग को पार कर लक्ष्य प्राप्त किया। इसी प्रकार राज्यों को भी आत्मनिर्भर और स्वावलंबी बनने की प्रेरणा मिलती है।

संविधान में एक चित्र राजा भगीरथ की तपस्या और गंगाजी के धरती पर अवतरण का है। यह चित्र संकल्पशीलता और लोककल्याण का संदेश देता है। भगवान शिव के नटराज स्वरूप का चित्र भी इसमें शामिल है। इसके अतिरिक्त मौर्यकाल और गुप्तकाल की कलाकृतियाँ, विक्रमादित्य का दरबार, नालंदा विश्वविद्यालय, ओडिशा की मूर्तिकला, छत्रपति शिवाजी महाराज, गुरु गोविंद सिंह, रानी लक्ष्मीबाई, महात्मा गांधी की दांडी यात्रा और नोआखाली में पीड़ितों के बीच गांधीजी के चित्र भी अंकित हैं। इनके साथ हिमालय के मनोरम दृश्य, रेगिस्तान और महासागर के चित्र भी संविधान की सांस्कृतिक एवं प्राकृतिक विविधता को दर्शाते हैं। इसके अतिरिक्त बादशाह अकबर के दरबार और टीपू सुल्तान के चित्र भी इसमें शामिल हैं।

भारतीय संविधान के प्रावधानों को चित्रों के साथ प्रस्तुत करने के पीछे एक ओर आदर्श राष्ट्र निर्माण का संकल्प है तो दूसरी ओर भारत की सांस्कृतिक पहचान और ऐतिहासिक विरासत का बोध भी है। भारतीय संविधान की यह चित्रात्मक विशेषता उसे विशिष्ट बनाती है। इन चित्रों को कोलकाता स्थित शांतिनिकेतन के कला भवन के कलाकारों ने आचार्य नंदलाल बोस के मार्गदर्शन में तैयार किया था।

संविधान के ये चित्र भारत की प्राचीन सांस्कृतिक परंपराओं, ऐतिहासिक गौरव और राष्ट्रजीवन के आदर्शों को अभिव्यक्त करते हैं। यह ठीक है कि समय के साथ संविधान में अनेक संशोधन हुए हैं। इन संशोधनों के माध्यम से इसकी संरचना और प्रावधानों में परिवर्तन तथा विस्तार हुआ है। इसके बावजूद संविधान की मूल भावना, उसकी प्रेरक चित्रमाला और उसमें अभिव्यक्त आदर्श आज भी भारत की सांस्कृतिक चेतना, राष्ट्रीय एकता और सशक्त राष्ट्र निर्माण का संदेश देते हैं।

(लेखक, स्वतंत्र टिप्पणीकार हैं।)

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. मयंक चतुर्वेदी