दिवाली को ईद बताने की जरूरत क्यों पड़ी खड़गे को?
- डॉ. मयंक चतुर्वेदी
किसी पर्व की शुभकामना देना सद्भाव है, मगर एक सभ्यता के अपने हजारों वर्षों पुराने धार्मिक-सांस्कृतिक उत्सव को किसी दूसरे मजहब के त्योहार की उपमा देना क्या वास्तव में सद्भाव की अभिव्यक्ति है? कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने दीपावली पर कहा, ''दिवाली खुशियों की ईद है, कई दिनों तक चलने वाली ईद है।'' उनके इस कथन ने एक महत्वपूर्ण सवाल खड़ा कर दिया है। आखिर दीपावली को दीपावली कहने और उसकी अपनी धार्मिक-सांस्कृतिक पहचान के साथ शुभकामनाएं देने में क्या कठिनाई थी?
प्रभु श्रीराम की अयोध्या वापसी, मां लक्ष्मी का पूजन, भगवान श्रीगणेश की आराधना और घर-घर दीप प्रज्वलित करने की परंपरा से जुड़े इस पर्व को ईद के नाम से परिभाषित करने की जरूरत क्यों पड़ी? क्या कांग्रेस को ये समझने की आवश्यकता नहीं है कि यह महज शब्दों का चयन नहीं, भारतीय सांस्कृतिक अस्मिता और राजनीतिक सोच से जुड़ा प्रश्न है। क्या खड़गे यह मानते हैं कि दीपावली की महत्ता बताने के लिए ईद का संदर्भ आवश्यक है? यदि ऐसा नहीं है तो फिर इस तुलना का औचित्य क्या है?
वस्तुत: यह सर्वविदित है कि दीपावली सनातन धर्म की धार्मिक, पौराणिक और सांस्कृतिक स्मृतियों का अभिन्न हिस्सा है। रामायण की परंपरा के अनुसार, चौदह वर्ष का वनवास पूरा करने और रावण पर विजय प्राप्त करने के बाद भगवान श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण के अयोध्या लौटने पर नगरवासियों ने दीप जलाकर उनका स्वागत किया था। यह प्रसंग भारतीय जनमानस में प्रकाश, धर्म, मर्यादा और विजय का प्रतीक बन गया। कार्तिक अमावस्या को दीप प्रज्वलित करना अंधकार पर प्रकाश और अधर्म पर धर्म की विजय का संदेश देता है। इस दिन घर-घर मां लक्ष्मी और भगवान श्रीगणेश की पूजा होती है। विभिन्न क्षेत्रों में मां काली, भगवान विष्णु, भगवान शिव और अन्य देवी-देवताओं की आराधना की परंपराएं भी हैं। धनतेरस से भाई दूज तक चलने वाला यह उत्सव भारतीय समाज की व्यापक सांस्कृतिक स्मृति का हिस्सा है।
अब इस्लाम की धार्मिक मान्यताओं को समझिए। इस्लाम का मूल सिद्धांत तौहीद है। इसमें अल्लाह को एकमात्र उपास्य माना गया है। अल्लाह के साथ किसी अन्य को साझीदार ठहराना शिर्क कहलाता है। कुरान की सूरह अन-निसा (4:48) में शिर्क को अत्यंत गंभीर पाप बताया गया है। इसी धार्मिक अवधारणा के अंतर्गत मूर्ति-पूजा और बुतपरस्ती को इस्लाम के विरुद्ध माना जाता है। पारंपरिक इस्लामिक ग्रंथों में इसे कुफ्र से भी जोड़ा गया है और शिर्क के संबंध में आखिरत तथा जन्नत को लेकर कठोर धार्मिक चेतावनियां दी गई हैं।
अब दीपावली के धार्मिक स्वरूप को इस संदर्भ में देखिए। जिस दिन करोड़ों सनातनी परिवार अपने घरों में मां लक्ष्मी और भगवान श्रीगणेश की प्रतिमाएं स्थापित करके पूजा-अर्चना करते हैं, उसी प्रकार की प्रतिमा-उपासना को इस्लाम का धार्मिक सिद्धांत स्वीकार नहीं करता। सनातन परंपरा में प्रतिमा और विग्रह के माध्यम से आराधना श्रद्धा, भक्ति और उपासना का महत्वपूर्ण मार्ग है।
दूसरी ओर इस्लाम में ऐसी उपासना शिर्क के निषेध के दायरे में आती है। यह दोनों धार्मिक परंपराओं के बीच कोई सतही अंतर नहीं, उनके ईश्वर संबंधी दर्शन और उपासना पद्धति का बुनियादी अंतर है। ऐसे में यह सवाल स्वाभाविक है कि जिस धार्मिक परंपरा की मूर्ति-पूजा को इस्लाम स्वीकार नहीं करता, उसके प्रमुख पर्व को ईद की संज्ञा देकर किस प्रकार दोनों की धार्मिक आत्मा को समान बताया जा सकता है?
यहां किसी धर्म को श्रेष्ठ या निम्न सिद्ध करने का प्रश्न नहीं है। प्रश्न धार्मिक मान्यताओं की वास्तविकता को स्वीकार करने का है। ईद-उल-फितर रमजान के रोजे पूरे होने के बाद मनाई जाती है। ईद-उल-अजहा का संबंध हजरत इब्राहीम और उनके पुत्र इस्माइल की कुर्बानी से जुड़ी इस्लामी मान्यता से है। इसमें अल्लाह के प्रति समर्पण, त्याग और आज्ञापालन का भाव केंद्रीय है। नमाज, जकात, सदका और पारिवारिक मेल-मिलाप इसकी प्रमुख विशेषताएं हैं। दीपावली की धार्मिक पृष्ठभूमि, पूजा-पद्धति, प्रतीक और सांस्कृतिक अभिव्यक्ति इससे बिल्कुल अलग हैं। फिर दोनों को एक ही धार्मिक-सांस्कृतिक खांचे में रखने की कोशिश क्यों?
दीपावली का सामाजिक और आर्थिक विस्तार भी अत्यंत व्यापक है। इस अवसर पर सोने-चांदी, आभूषण, कपड़े, वाहन, इलेक्ट्रॉनिक्स, मिठाइयों और घरेलू उपयोग की वस्तुओं की खरीदारी होती है। छोटे दुकानदारों से लेकर बड़े व्यापारिक प्रतिष्ठानों, कारीगरों, परिवहन क्षेत्र और असंगठित श्रमिकों तक को रोजगार मिलता है। बाजारों में आर्थिक गतिविधियां तेज होती हैं। मिठाइयों का आदान-प्रदान, कर्मचारियों को बोनस, उपहार और जरूरतमंदों की सहायता इस उत्सव को सामाजिक सहभागिता का व्यापक अवसर बनाते हैं।
इसी संदर्भ में जकात की धार्मिक व्यवस्था और भारतीय दान परंपरा के अंतर को भी समझना चाहिए। कुरान की सूरह अत-तौबा (9:60) में जकात के पात्रों की आठ श्रेणियों का उल्लेख है। इस्लामी विद्वानों में गैर-मुस्लिम जरूरतमंदों को अनिवार्य जकात देने के प्रश्न पर अलग-अलग व्याख्याएं हैं। जिसमें दो बातें प्रमुख हैं एक- जकात उसी को दें, जो इस्लाम को मानता है या उसे जिसके ईमानवाला होने यानी अल्लाह को मानने की संभावना है। दूसरी ओर भारतीय परंपरा में दान, सेवा और परोपकार के अनेक स्वरूप हैं। दीपावली पर मिठाई बांटने, जरूरतमंदों की सहायता करने और सामाजिक संबंधों को मजबूत करने में किसी व्यक्ति का धर्म पूछना आवश्यक नहीं होता। इस परंपरा का विस्तार धार्मिक सीमाओं से आगे तक दिखाई देता है।
खड़गे के बयान ने कांग्रेस की धर्मनिरपेक्षता की समझ पर भी सवाल खड़े किए हैं। क्या किसी हिंदू पर्व की शुभकामना देते समय उसकी मूल धार्मिक पहचान का उल्लेख करना राजनीतिक रूप से असहज विषय बन गया है? क्या बहुसंख्यक समाज के पर्वों को किसी अल्पसंख्यक धार्मिक संदर्भ से जोड़कर ही समावेशी होने का संदेश दिया जा सकता है? भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी आशीष ऊषा अग्रवाल ने इस बयान पर सवाल उठाते हुए पूछा कि कांग्रेस को दीपावली पर प्रभु श्रीराम और मां लक्ष्मी का स्मरण करने में संकोच क्यों है? कांग्रेस को इन सवालों का जवाब देना चाहिए कि उसके अध्यक्ष ने दीपावली को ईद की उपमा देने की जरूरत क्यों महसूस की।
खड़गे चाहते तो सहजता से कह सकते थे कि दीपावली प्रकाश, उल्लास, समृद्धि और सद्भाव का पर्व है। वे देश के सभी नागरिकों के सुख-समृद्धि की कामना कर सकते थे। इसमें किसी प्रकार की धार्मिक तुलना की आवश्यकता नहीं थी। आखिर एक राष्ट्रीय राजनीतिक दल के अध्यक्ष से इतनी अपेक्षा तो की ही जा सकती है कि वह भारत की धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं के मूलभूत अंतर को समझें।
दीपावली की पहचान दीपों, मां लक्ष्मी, भगवान श्रीगणेश और प्रभु श्रीराम से है। उसे ईद की उपमा की आवश्यकता नहीं है। सवाल खड़गे से यही है कि दीपावली को दीपावली कहने के बजाय ईद बताने की जरूरत आखिर क्यों पड़ी?
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. मयंक चतुर्वेदी

