home page

(पुस्तक समीक्षा) पन्ना प्रमुख : संगठन की जमीनी ताकत

 | 
(पुस्तक समीक्षा) पन्ना प्रमुख : संगठन की जमीनी ताकत


प्रो. भरत ठाकोर

भारतीय राजनीति का ब्रह्मास्त्र आखिर क्या है? कोई नारा, कोई रैली या कोई बड़ा चेहरा? यजुवेंद्र दुबे की पुस्तक 'पन्ना प्रमुख : बूथ से विजय तक' का उत्तर है, मतदाता सूची के एक पन्ने की जिम्मेदारी उठाने वाला कार्यकर्ता व पन्ना प्रमुख। वह अपने पन्ने के हर मतदाता और हर परिवार को नाम से जानता है, उनके घर जाता है, उनकी समस्याएं सुनता है। इसीलिए मतदान से बहुत पहले उसे पता होता है कि कौन साथ है, कौन नाराज है और कौन अभी दुविधा में है। ऐसे हज़ारों पन्ना प्रमुखों की जानकारी जब ऊपर तक पहुंचती है, तो पार्टी को चुनावी माहौल की ज़मीनी तस्वीर कई बार एग्जिट पोल से पहले ही मिल जाती है। यही इस व्यवस्था की असली ताकत है।

पुस्तक पांच अध्यायों और उपसंहार में विभाजित है। पहले अध्याय में बूथ की शक्ति, बूथ अध्यक्ष, आदर्श पन्ना प्रमुख का आचरण, प्रथम संपर्क, सेवा तथा युवा, महिला और वरिष्ठ मतदाताओं से संवाद पर चर्चा है। 'सुनना भी एक कला है' जैसे शीर्षक बताते हैं कि लेखक संपर्क को केवल वोट माँगने की कवायद नहीं, बल्कि विश्वास निर्माण की प्रक्रिया मानते हैं। दूसरा अध्याय गुजरात के प्रयोग, नवसारी के महाप्रयोग और फिर महाराष्ट्र, बंगाल व वाराणसी तक इसके विस्तार का इतिहास बताता है। तीसरे अध्याय में पन्ना समिति की संरचना, सही सदस्यों के चयन, बिहार के बदलते गणित और एंटी-इन्कंबेंसी के बीच पन्ना प्रमुख की भूमिका पर बात होती है। चौथे अध्याय में महिला, Gen Z, दिव्यांग, वरिष्ठ नागरिक और सरकारी योजनाओं के लाभार्थी मतदाताओं तक पहुँच तथा मतदान के बाद भी संगठन की परीक्षा जैसे प्रश्न उठाए गए हैं। पांचवां अध्याय डिजिटल दौर में फेक न्यूज़, व्हाट्सएप समूहों और डेटा प्रबंधन की चुनौतियों को समेटता है। उपसंहार में सरल ऐप, नमो ऐप और मिस्ड कॉल सदस्यता जैसे साधनों का उल्लेख है।

यजुवेंद्र दुबे हिंदी पत्रकारिता, लेखन और सामाजिक-राजनीतिक क्षेत्र से जुड़े लेखक एवं संपादक हैं। भारत की एकमात्र बहुभाषी न्यूज एजेंसी हिन्दुस्थान समाचार से भी जुड़े हैं। नागरिक इंटर कॉलेज, जंघई जौनपुर से शिक्षा प्राप्त कर वे इलाहाबाद विश्वविद्यालय पहुंचे, जहां छात्र राजनीति से उनके सार्वजनिक जीवन की शुरुआत हुई। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से जुड़ाव और छात्रसंघ चुनाव का अनुभव उनके साथ रहा। उत्तर प्रदेश के प्रमुख समाचार पत्रों में पत्रकारिता के बाद उन्होंने सूरत में हिंदी दैनिक 'सूरत दर्पण' की स्थापना की, जिसके वे संपादक हैं। वर्ष 2004 से भाजपा संगठन में सक्रिय रहते हुए उन्होंने बूथ, पन्ना और कार्यकर्ता-आधारित व्यवस्था को निकट से देखा। पूर्व पार्षद के रूप में जनप्रतिनिधित्व का अनुभव भी उनके पास है और वाराणसी में पन्ना प्रमुख व पेज समिति के कार्य का अनुभव उनके संगठनात्मक जीवन का हिस्सा है। 'लेखक की बात' में वे बताते हैं कि नवगठित वार्ड से पार्षद पद का प्रत्याशी बनने पर घर-घर संपर्क और कार्यकर्ताओं के नेटवर्क के बल पर उन्हें विजय मिली, और वहीं से यह विश्वास पुख्ता हुआ कि चुनाव केवल लोकप्रियता से नहीं, संगठित संपर्क से जीते जाते हैं।

इस कृति की सबसे बड़ी खूबी इसकी व्यावहारिकता है। दो दशकों के संगठनात्मक अनुभव पर आधारित होने के कारण विवरणों में जमीनी प्रामाणिकता झलकती है। भाषा सरल है और प्रस्तुति कार्यकर्ता-केंद्रित। 'बिहार में पन्ने का बदलता गणित' या 'जब कोई कार्यकर्ता निष्क्रिय हो जाए' जैसे विषय बताते हैं कि पुस्तक केवल आदर्श नहीं, रोज़मर्रा की व्यावहारिक चुनौतियों से भी रूबरू होती है। राजनीति विज्ञान और लोक प्रशासन के विद्यार्थियों, शोधकर्ताओं तथा कार्यकर्ताओं के लिए यह सूक्ष्म स्तर के चुनाव प्रबंधन को समझने का उपयोगी स्रोत बन सकती है।

लेखक ने भूमिका में स्पष्ट किया है कि उद्देश्य किसी व्यवस्था का महिमामंडन नहीं, बल्कि उस संगठनात्मक कार्यसंस्कृति को समझना है। फिर भी पुस्तक मुख्यतः संगठन के भीतर से लिखी गई है। तुलनात्मक विश्लेषण, आँकड़ों और आलोचनात्मक दृष्टि का और विस्तार इसे अकादमिक रूप से अधिक सशक्त बनाता।

कुल मिलाकर 'पन्ना प्रमुख' संगठन की शक्ति और संवाद की संस्कृति को समझने का सरल और पठनीय प्रयास है। यह याद दिलाती है कि बड़ी विजय की नींव अक्सर छोटी-सी जिम्मेदारी निभाने वाले कार्यकर्ता के परिश्रम पर टिकी होती है। समर्पण पृष्ठ में लेखक ने भी यही भाव व्यक्त किया है कि हर विजय की नींव उन अनगिनत कार्यकर्ताओं के परिश्रम पर टिकी होती है, जिनका नाम कहीं दर्ज नहीं होता।

पुस्तक का नाम - 'पन्ना प्रमुख : बूथ से विजय तक'।

लेखक - यजुवेंद्र दुबे। प्रकाशक - ब्लू रोज पब्लिशर्स। पेज - 180.

(समीक्षक- सूरत स्थित वीर नर्मद दक्षिण गुजरात यूनिवर्सिटी में पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के अध्यक्ष हैं।)-----------

हिन्दुस्थान समाचार / वीरेन्द्र सिंह