पुस्तक समीक्षा: और अलकनंदा बहती रही...
सचिन बुधौलिया
दुनिया गंगा को भागीरथी का विस्तार मानती आई है लेकिन देवप्रयाग में जब तक भागीरथी का अलकनंदा से मिलन नहीं होता है तब तक गंगा, गंगा नहीं होती है। इसी अलकनंदा की अनकही यात्रा को पहली बार स्वर, शब्द और कथा का रूप दे कर संसार को बताने के लिए एक पुस्तक आई है और अलकनंदा बहती रही... ।
एक जिज्ञासु और संवेदनशील यात्री के रूप में छुट्टी मनाने देवभूमि उत्तराखंड में विचरते हुए रणविजय सिंह को नदी की धारा ने इस कदर झकझोरा कि उनके हाथ में कब कलम आई और कब कथा कागज पर उतरने लगी, वह खुद भी समझ नहीं पाए। इस अनायास बने लेखक के अलकनंदा के उद्घम सतोपंथ हिमनद से देवप्रयाग तक प्रवाह के किनारे चलते चलते लिखे शब्दों ने गंगा के समान एक आध्यात्मिक उपन्यास का रूप ले लिया।
लेखक ने इस कथा में सूत्रधार के रूप में मुख्य पात्र देवदत्त को रखा जो काशी का ऐसा युवा खोजी है, जिसका मन किताबों और शास्त्रों के रूखे शब्दों से नहीं भरता। वह सत्य को पढ़ना नहीं, जीना चाहता है। इसके लिए वह सतोपंथ से देवप्रयाग तक अलकनंदा के साथ-साथ चलता है। माणा, बदरीनाथ, ज्योतिर्मठ, धारी देवी और श्रीनगर से गुजरते हुए यह सफर साधारण भूगोल या यात्रा-वृत्तांत तक सीमित नहीं रहता, बल्कि हर पड़ाव पर एक नया दार्शनिक मोड़ लेता है।
इस उपन्यास की सबसे दिलचस्प बुनावट पंचप्रयाग को नायक की चेतना के पांच पड़ावों में ढालना है। यहां यात्रा के मोड़ भीतर के भावों का आईना बन जाते हैं—विष्णुप्रयाग में अहंकार पिघलता है, नंदप्रयाग में आध्यात्मिक आनंद का स्पर्श होता है, कर्णप्रयाग करुणा और त्याग की गहराई दिखाता है, रुद्रप्रयाग का मंथन भीतर के शोर को सामने लाता है और देवप्रयाग में नाम व रूप के विसर्जन के साथ 'गंगा' के अखंड स्वरूप का बोध होता है।
पुस्तक का दिल धड़कता है 'अलकनंदा बनाम गंगा' के उस विमर्श में, जहां लेखक ने नदी को एक नायिका की तरह देखा है। उर्मिला के चौदह वर्ष के मौन विरह और यशोधरा के त्याग की याद दिलाते हुए यह सवाल उठाया गया है कि जो धारा मार्ग की तमाम नदियों को समेटकर देवप्रयाग में अपना नाम तक सौंप देती है, आगे उसी महाधारा को 'गंगा' क्यों कहा जाता है। लेखक मानते हैं कि भागीरथी गंगा को धरती पर लाने वाला संकल्प और अलकनंदा उसे पूर्णता प्रदान करने वाली साधना है। यह पुस्तक इसी अनकही साधना, नदी के किनारे चलती एक बाहरी यात्रा और भीतर चलती एक गहरी अंतर्यात्रा की कथा है।
पौराणिक प्रसंग यहां धूल झाड़कर पुराने किस्सों की तरह नहीं आते, बल्कि देवदत्त की डायरी के जरिए आज के समय से जुड़ते हैं। माणा की सरस्वती और पांडवों के प्रस्थान से लेकर ज्योतिर्मठ, हनुमान चट्टी, गंधमादन के आयुर्वेदिक सूत्र और श्रीनगर की कथा तक हर प्रसंग एक नई परत खोलता है। वहीं, 2013 की केदारनाथ आपदा और धारी देवी से जुड़े संदर्भ किताब को केवल भक्ति या पौराणिकता तक नहीं रहने देते, बल्कि विकास की रफ्तार के बीच प्रकृति की चेतावनी को भी तीखे ढंग से सामने रखते हैं।
भाषा के स्तर पर यह कृति संस्कृतनिष्ठ, काव्यात्मक और लयबद्ध है। सतोपंथ ताल के पानी से लेकर देवप्रयाग के संगम तक के दृश्य शब्दों में ऐसे उभरते हैं जो यह महसूस कराते हैं कि मानो पाठक खुद पहाड़ी पगडंडी पर कदम रख रहा हो। हर पड़ाव पर लिखी जाने वाली डायरी की पंक्तियां भागती हुई कथा को ठहराव और गहराई देती हैं।
और अलकनंदा बहती रही... एक ऐसी पुस्तक है जो आपको अलकनंदा के किनारे-किनारे चलाती है, पर मंजिल पर पहुंचकर आप पाते हैं कि आप नदी के साथ नहीं, अपने भीतर चल रहे थे। लेखक ने एक नदी को नायिका बनाकर, त्याग की उस मौन परंपरा को आवाज दी है, जिसे इतिहास ने भुला दिया था।
हालांकि, हर यात्रा की तरह यहां भी कुछ उबड़-खाबड़ मोड़ हैं। कई जगह काव्यात्मकता की अधिकता से कथा की गति धीमी पड़ती है और देवदत्त का स्वर कभी-कभी लेखक के विचार जैसा सुनाई देता है। बीस अध्यायों में बार-बार दोहराया जाने वाला ढांचा थोड़ा एकरस लगता है—हालांकि बुनकर की करघा-शाला और पहाड़ी लोकगीत वाला प्रसंग इस लय को तोड़कर ताजगी लाता है। 126 पृष्ठों के सीमित दायरे में रुद्रप्रयाग और धारी देवी जैसे प्रसंगों को और अधिक जगह मिलने की गुंजाइश भी महसूस होती है।
इसके बावजूद, ये कमियां किताब की मूल संवेदना को फीका नहीं करतीं। 5 में से 4 रेटिंग पाने वाली यह पुस्तक उन पाठकों के लिए खास है जो पहाड़ों और पंचप्रयाग को केवल नक्शे पर नहीं, भीतर भी महसूस करना चाहते हैं—और यह समझना चाहते हैं कि कभी-कभी पहचान मिटाकर भी धारा कैसे जीवित रहती है। इस पुस्तक का प्रकाशन दिल्ली के स्वतंत्र प्रकाशन ने किया है।
(लेखक, हिन्दुस्थान समाचार से संबद्ध हैं।)
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन बुधौलिया

