पहले पानी का संकट, फिर बाजार और अब कैंसर का खतरा!
डॉ. मयंक चतुर्वेदी
तपती दोपहर में रेलवे स्टेशन पर प्यास से बेहाल बच्चे के लिए जब मां 20 रुपये की पानी की बोतल खरीदती है, तो उसका भरोसा होता है कि कम से कम यह पानी तो शुद्ध होगा। वह बोतल की कीमत से अपने बच्चे की सेहत की सुरक्षा खरीद रही होती है, किंतु जब देश के प्रमुख बोतलबंद पानी ब्रांड बिसलेरी के नमूने में संभावित कैंसरकारी रसायनों की मौजूदगी का मामला सामने आता है और भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) मुकदमे की मंजूरी देता है, तब सवाल एक कंपनी से आगे बढ़कर पूरे पैकेज्ड वाटर उद्योग की विश्वसनीयता पर पहुंच जाता है।
आखिर जिस पानी को शुद्धता और सुरक्षा का पर्याय बनाकर बेचा गया, वही हमारी सेहत के लिए खतरा बन जाए तो आम आदमी किस पर भरोसा करे? वस्तुत: यह घटनाक्रम बताता है कि पानी के कारोबार में ब्रांड की प्रतिष्ठा और विज्ञापनों से कहीं अधिक महत्वपूर्ण उसकी वास्तविक गुणवत्ता है।
बोतलबंद पानी के इस विशाल बाजार की कहानी लगभग तीन दशक पुरानी है। 1990 के दशक के बाद पानी के निजीकरण और वस्तुकरण का वैश्विक विमर्श तेज हुआ। 1995 में विश्व बैंक के तत्कालीन उपाध्यक्ष इस्माइल सेरागेल्डिन का चर्चित कथन था कि बीसवीं सदी के युद्ध तेल के लिए हुए, इक्कीसवीं सदी के युद्ध पानी के लिए होंगे। इसने पानी को भविष्य के सबसे मूल्यवान संसाधनों में स्थापित किया।भारत में जल संकट की वास्तविकता भी इस बाजार के विस्तार का आधार बनी।
दुनिया की लगभग 18 प्रतिशत आबादी भारत में रहती है, जबकि मीठे जल संसाधनों में उसकी हिस्सेदारी करीब चार प्रतिशत है। भूजल का अनियंत्रित दोहन, नदियों का प्रदूषण और पारंपरिक जल स्रोतों की उपेक्षा ने सुरक्षित पेयजल की उपलब्धता को चुनौतीपूर्ण बनाया। इसी परिस्थिति में सार्वजनिक जल व्यवस्था की कमजोरियों के बीच निजी कंपनियों ने शुद्ध पानी का बाजार खड़ा कर दिया। आईएमएआरसी ग्रुप के अनुसार, 2026 में वैश्विक बोतलबंद पानी बाजार 311.2 अरब डॉलर का है। भारत में आईबीईएफ की मार्च 2026 की रिपोर्ट संगठित पैकेज्ड वाटर बाजार का आकार 32,040 करोड़ रुपये बताती है, जिसके 2032 तक 57,850 करोड़ रुपये पहुंचने का अनुमान है। असंगठित और प्रीमियम बाजार जोड़ने पर इसका आकार लगभग 77,600 करोड़ रुपये आंका गया है, किंतु वर्तमान में पैकेज्ड वाटर उद्योग में भूजल निकासी को लेकर संसदीय समितियों और जल विशेषज्ञों ने चिंता जताई है।
वस्तुत: कई क्षेत्रों में औद्योगिक दोहन से स्थानीय जलस्तर प्रभावित होने की शिकायतें सामने आई हैं। प्रकृति से प्राप्त पानी को निकालकर, फिल्टर करके और प्लास्टिक की बोतल में भरकर उसी समाज को बेचना जल संसाधनों के न्यायपूर्ण उपयोग पर सवाल खड़ा करता है। वहीं, बोतलबंद पानी की सुरक्षा का प्रश्न रासायनिक प्रदूषण तक सीमित नहीं है। कोलंबिया विश्वविद्यालय के एक अध्ययन में प्रति लीटर बोतलबंद पानी में औसतन लगभग 2.40 लाख प्लास्टिक कण पाए गए, जिनमें बड़ी संख्या नैनोप्लास्टिक की थी। इनके मानव शरीर पर दीर्घकालिक प्रभावों को लेकर वैज्ञानिक अनुसंधान जारी है।
भारत की भीषण गर्मी में खुले ट्रकों और दुकानों के बाहर धूप में रखी प्लास्टिक की बोतलों के भंडारण पर भी सवाल उठते हैं। तापमान और भंडारण की परिस्थितियां प्लास्टिक से कुछ रसायनों के पानी में पहुंचने की आशंका बढ़ा सकती हैं, इसलिए बोतलों के निर्माण, परिवहन और भंडारण के मानकों का कड़ाई से पालन आवश्यक है।
विडंबना यह है कि आम आदमी जिस भूजल से बचने के लिए बोतलबंद पानी खरीदता है, वह भी कई क्षेत्रों में सुरक्षित नहीं है। केंद्रीय भूजल बोर्ड की रिपोर्टों में आर्सेनिक, फ्लोराइड और यूरेनियम जैसे तत्वों से प्रभावित भूजल की जानकारी मिलती रही है। पंजाब के मालवा क्षेत्र में दूषित पानी और कैंसर के मामलों को लेकर लंबे समय से चिंता व्यक्त की जाती रही है। यानी एक तरफ प्रदूषित भूजल का संकट है और दूसरी तरफ बोतलबंद पानी की गुणवत्ता पर सवाल। नागरिक अपनी जेब से पैसा खर्च करने के बाद भी सुरक्षित पानी की गारंटी नहीं पा रहा। यह स्थिति सार्वजनिक स्वास्थ्य और पेयजल व्यवस्था की गंभीर चुनौती है।
लौटना होगा अपनी जल संस्कृति की ओर
भारतीय परंपरा में कुएं, तालाब, बावड़ियां और सरोवर बनवाना पुण्य का कार्य माना गया। हमारे पूर्वज जानते थे कि पानी बनाया नहीं जा सकता, उसे संचित और संरक्षित ही किया जा सकता है। बुंदेलखंड के जखनी गांव को जल संरक्षण के माध्यम से नई पहचान दिलाने वाले पद्मश्री उमाशंकर पांडेय का सूत्र 'खेत पर मेड़ और मेड़ पर पेड़' इसी पारंपरिक वैज्ञानिक समझ का उदाहरण है।
आज आवश्यकता है कि वर्षा जल संचयन अनिवार्य हो, पारंपरिक जल स्रोतों का पुनर्जीवन किया जाए और भूजल दोहन पर प्रभावी नियंत्रण लगे। एफएसएसएआई तथा बीआईएस को बड़े ब्रांडों से लेकर स्थानीय संयंत्रों तक नियमित गुणवत्ता जांच करनी चाहिए। जांच रिपोर्ट सार्वजनिक हों और मानकों का उल्लंघन करने वालों पर कठोर कार्रवाई हो। नागरिक भी घर से निकलते समय स्टील, तांबे या कांच की पुनः उपयोग योग्य बोतल साथ रखने की आदत अपनाएं।
दूसरी ओर कहना यह भी होगा कि बोतलबंद पानी उद्योग रोजगार देता है और यात्रा तथा आपात परिस्थितियों में उपयोगी भी है, इसलिए आवश्यकता पूरे उद्योग को खारिज करने की नहीं, उसकी जवाबदेही सुनिश्चित करने की है। मुनाफे की दौड़ में मानव स्वास्थ्य और प्राकृतिक जल संसाधनों की अनदेखी स्वीकार नहीं की जा सकती।
वस्तुत: आज बिसलेरी के नमूने से जुड़ा यह मामला एक चेतावनी है कि शुद्धता का दावा करने वाले हर ब्रांड को कठोर वैज्ञानिक जांच और सार्वजनिक जवाबदेही से गुजरना चाहिए। आखिर सवाल उस मां के भरोसे का है, जो अपने बच्चे को यह सोचकर पानी पिलाती है कि उसने उसके लिए सुरक्षित पानी खरीदा है। यदि यही भरोसा टूट गया तो संकट सिर्फ एक उद्योग का नहीं, पूरी पेयजल व्यवस्था का होगा। पहले पानी के संकट को बाजार बनाया गया और अब बाजार के पानी की शुद्धता पर सवाल है। समय रहते नहीं चेते तो आने वाली पीढ़ियों के लिए सबसे महंगा सुरक्षित जीवन होगा। आनेवाले वक्त में जल से होनेवाले रोगों एवं कैंसर रोगियों के लिए आईसीयू और अस्पतालों के सामान्य वार्ड भी कम पड़ जाएंगे!
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. मयंक चतुर्वेदी

