home page

परिवारः क्यों टूटता जा रहा है भारतीय समाज का सर्वोत्तम विद्यालय?

 | 
परिवारः क्यों टूटता जा रहा है भारतीय समाज का सर्वोत्तम विद्यालय?


-डाॅ. अरविंद नाथ तिवारी

हरियाणा के पानीपत से सामने आई एक घटना ने भारतीय समाज की पारिवारिक व्यवस्था, रिश्तों की संवेदनशीलता और मानवीय मूल्यों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिया है। मध्य प्रदेश के सिंगरौली निवासी 65 वर्षीय सुशील कुमार सिंह की मौत के बाद उनके अंतिम संस्कार के लिए परिवार का कोई सदस्य पानीपत नहीं पहुंचा, बताया गया कि उनकी पांच बेटियां हैं। पत्नी बीमार रहती हैं, तीन बेटियों की शादी हो चुकी है और दो अविवाहित हैं। सुशील कुमार पहले पानीपत रिफाइनरी में नौकरी करते थे और ददलाना गांव की राधास्वामी कॉलोनी में रह रहे थे। अचानक सीने में दर्द होने के बाद उनकी मृत्यु हो गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस ने शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया और परिजनों से संपर्क किया। पोस्टमार्टम के बाद परिवार को अंतिम संस्कार के लिए बुलाया गया लेकिन दूरी और असमर्थता का हवाला देकर कोई नहीं पहुंचा।

सामाजिक संगठन जनसेवा दल के सदस्यों ने परिवार से संपर्क कर उन्हें पानीपत आने-जाने का खर्च देने की पेशकश भी की लेकिन परिजन आने को तैयार नहीं हुए। अंततः उनकी इच्छा के अनुसार जनसेवा दल के सदस्यों ने पूरे विधि-विधान से सुशील कुमार सिंह का अंतिम संस्कार किया। बेटियों ने वीडियो कॉल के माध्यम से पिता की अंतिम विदाई देखी। यहां तक कि अंतिम संस्कार के बाद अस्थियां लेने आने में भी परिजनों ने असमर्थता जताई, यह घटना केवल एक व्यक्ति की मृत्यु और उसके अंतिम संस्कार तक सीमित नहीं है। यह हमारे समय के सामाजिक यथार्थ का ऐसा आईना है, जिसमें रिश्तों की बदलती परिभाषा, पारिवारिक जिम्मेदारियों का कमजोर होता भाव और मनुष्यता के सामने खड़े अनेक प्रश्न दिखाई देते हैं।

भारतीय संस्कृति में परिवार केवल साथ रहने वाले लोगों का समूह नहीं बल्कि मनुष्य के व्यक्तित्व निर्माण की पहली और सर्वोत्तम पाठशाला माना गया है। इसी पाठशाला में बच्चा प्रेम, त्याग, सहयोग, अनुशासन, सद्भाव और जिम्मेदारी का पहला पाठ सीखता था। दादा-दादी की कहानियां, नाना-नानी का स्नेह, चाचा-चाची का अपनापन, फुआ-मौसी का दुलार और भाई-बहनों का साथ उसके भीतर सामाजिकता का भाव विकसित करते थे। परिवार ही वह स्थान था, जहां व्यक्ति को यह समझाया जाता था कि जीवन केवल अपने लिए जीने का नाम नहीं बल्कि दूसरों के सुख-दुख में सहभागी बनने का भी नाम है लेकिन आज प्रश्न उठता है कि क्या भारतीय समाज की यह सर्वोत्तम पाठशाला धीरे-धीरे बिखरती जा रही है? क्या परिवार का अर्थ केवल एक छत के नीचे रहने और आर्थिक जिम्मेदारियां पूरी करने तक सिमट गया है? क्या रिश्तों के बीच भावनात्मक दूरी इतनी बढ़ गई है कि जीवन-मरण जैसे अवसरों पर भी आत्मीयता का बोध कमजोर पड़ने लगा है? इन सवालों का उत्तर तलाशने के लिए हमें बदलते सामाजिक और आर्थिक परिवेश को समझना होगा।

बदलती जीवनशैली और रिश्तों का कमजोर होता आधार

आधुनिक जीवन ने मनुष्य को अनेक सुविधाएं दी हैं। शिक्षा, रोजगार, तकनीक और बेहतर जीवन की आकांक्षा ने उसे गांव से शहर और एक राज्य से दूसरे राज्य तक पहुंचाया है। संयुक्त परिवारों की जगह एकल परिवारों ने ले ली है। रोजगार की तलाश में बच्चे माता-पिता से दूर रहने लगे हैं। व्यस्त दिनचर्या और प्रतिस्पर्धा ने लोगों के पास समय कम कर दिया है। मोबाइल और इंटरनेट ने दूरियों को तकनीकी रूप से कम जरूर किया है लेकिन कई बार दिलों के बीच की दूरी बढ़ा दी है। आज एक ही घर में रहने वाले सदस्य भी एक-दूसरे के साथ बैठकर बातचीत करने का समय नहीं निकाल पाते। पारिवारिक संवाद कम हो रहा है। बुजुर्गों के अनुभवों को सुनने और उनसे सीखने की परंपरा कमजोर पड़ रही है। रिश्तों में आत्मीयता की जगह औपचारिकता बढ़ती दिखाई दे रही है।

आर्थिक सफलता के सामने मानवीय संवेदनाएं छोटी पड़ रही हैं?

आज के समाज में सफलता का पैमाना काफी हद तक पैसा, पद, प्रतिष्ठा और भौतिक सुविधाएं बनता जा रहा है। अच्छी नौकरी, बड़ा मकान, महंगी गाड़ी और बेहतर जीवनशैली की दौड़ में मनुष्य लगातार भाग रहा है। इस दौड़ में कहीं न कहीं भावनात्मक संबंधों के लिए आवश्यक समय और संवेदनशीलता पीछे छूटती जा रही है। पैसा जीवन की आवश्यकता है लेकिन वह रिश्तों का विकल्प नहीं हो सकता। माता-पिता ने अपने बच्चों के भविष्य के लिए जीवनभर संघर्ष किया। उनकी शिक्षा, विवाह और जीवन की जरूरतों को पूरा करने में इच्छाओं का त्याग किया। वृद्धावस्था में उन्हें सबसे अधिक जरूरत आर्थिक सहायता से कहीं ज्यादा सम्मान, संवाद और भावनात्मक सहारे की होती है। यह भी ध्यान रखना होगा कि माता-पिता के प्रति जिम्मेदारी बेटे और बेटियां, दोनों की है।

समाज की जिम्मेदारी केवल अंतिम संस्कार तक सीमित नहीं

पानीपत की घटना का एक दूसरा पक्ष भी प्रेरणादायक है। जब परिवार का कोई सदस्य अंतिम संस्कार के लिए उपस्थित नहीं हुआ तब जनसेवा दल के सदस्यों ने आगे बढ़कर एक अजनबी व्यक्ति को सम्मानपूर्वक अंतिम विदाई दी। यह मानवीय संवेदना का ऐसा उदाहरण है जो बताता है कि समाज में मनुष्यता अभी पूरी तरह समाप्त नहीं हुई है। जिन लोगों ने सुशील कुमार सिंह का अंतिम संस्कार किया, उन्होंने यह संदेश दिया कि किसी व्यक्ति की अंतिम यात्रा में उसकी सामाजिक पहचान, आर्थिक स्थिति या पारिवारिक उपस्थिति से अधिक महत्वपूर्ण उसकी मानवीय गरिमा है। किसी अजनबी के अंतिम संस्कार का दायित्व निभाना केवल सामाजिक सेवा नहीं बल्कि भारतीय संस्कृति के मानवीय मूल्यों का जीवंत उदाहरण है।

परिवार को फिर से संस्कारों की पाठशाला बनाना होगा

आज आवश्यकता इस बात की है कि परिवारों में संवाद और संवेदनशीलता को फिर से स्थान दिया जाए। बच्चों को केवल प्रतियोगी परीक्षाओं में सफल होने और आर्थिक रूप से मजबूत बनने की शिक्षा न दी जाय बल्कि उन्हें रिश्तों का महत्व, बुजुर्गों के प्रति सम्मान, सामाजिक उत्तरदायित्व और दूसरों के दुख में सहभागी बनने का संस्कार भी दिया जाय। माता-पिता को भी बच्चों के साथ केवल अनुशासन और अपेक्षाओं का संबंध नहीं बल्कि मित्रवत संवाद का रिश्ता विकसित करना होगा। बुजुर्गों को परिवार पर बोझ समझने के बजाय अनुभव और संस्कार की धरोहर मानना होगा। परिवार के सदस्यों के बीच प्रेम और विश्वास का वातावरण ही रिश्तों को जीवित रख सकता है।

अंततः पानीपत की यह घटना हमें एक असहज लेकिन जरूरी सवाल के सामने खड़ा करती है- क्या हम आर्थिक रूप से समृद्ध होते हुए भावनात्मक रूप से गरीब होते जा रहे हैं? क्या पैसा कमाने की होड़ में हम अनजाने में मनुष्यता को ताक पर रख रहे हैं? क्या विकास की परिभाषा में मानवीय संवेदनाओं के लिए कोई स्थान बचा है? याद रखना चाहिए कि मनुष्य की वास्तविक पहचान उसके धन, पद और प्रतिष्ठा से नहीं बल्कि उसके व्यवहार और संवेदनशीलता से होती है। परिवार टूटेगा तो समाज कमजोर होगा, रिश्ते बिखरेंगे तो संवेदनाएं दम तोड़ेंगी और संवेदनाएं समाप्त होंगी तो विकास का कोई भी दावा अधूरा रह जायेगा। इसलिए समय की मांग है कि हम परिवार को फिर से मनुष्यता की पाठशाला बनाएं, जहां बच्चों को केवल सफल इंसान नहीं बल्कि एक संवेदनशील और जिम्मेदार मनुष्य बनने की शिक्षा मिले।

(लेखक, स्वतंत्र टिप्पणीकार हैं।)

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द नाथ तिवारी