home page

राजस्थानः सत्ता में महिलाओं की भागीदारी के नए संकेत

 | 
राजस्थानः सत्ता में महिलाओं की भागीदारी के नए संकेत


-डॉ. राजेन्द्र प्रसाद शर्मा

राजस्थान में पंचायतीराज संस्थाओं के चुनाव परिणामों को लेकर किसका पलड़ा भारी या कमजोर रहा या चुनाव परिणामों का राजस्थान की राजनीति पर क्या असर पड़ेगा, यह राजनीति विज्ञों के बीच अलग विचार का मुद्दा हो सकता है पर राजस्थान से जिला प्रमुखों के चुनाव परिणाम से जिस तरह सत्ता में भागीदारी में सशक्तिकरण उभर का आया है वह एक सकारात्मक संकेत है। राजस्थान के नागौर से पंचायतीराज का बिगुल बजा था और आज जिला प्रमुखों के 70 फीसदी महिलाओं की हिस्सेदारी की नई बयार देखने को मिल रही है।

सत्ता में महिलाओं की भागीदारी को लेकर राजस्थान से सकारात्मक परिणाम सामने आये हैं। राजस्थान में जिला प्रमुखों के चुनाव परिणाम न केवल चौंकाने वाले हैं अपितु आने वाले समय में महिलाओं की सत्ता मेंं भागीदारी बढ़ने की दिशा में बढ़ता कदम माना जा सकता है। राजस्थान में 37 जिला परिषदों के परिणामों में 26 जिला परिषदों में जिला प्रमुख के पद पर महिलाएं चुनी गई है। इसमेंं भी खास बात यह है कि सुदूर रेगिस्तानी जिले जैसलमेर से महज 21 साल और एक माह की आयु की संतोष कुमारी जिला प्रमुख चुनी गई है तो 21 वर्ष और 4 माह की वर्षा झाला झालावाड़ की जिला प्रमुख चुनी गई है।

सबसे अच्छी बात यह है कि जिला प्रमुख बनने वाली महिलाओं में अधिकांश जहां युवा हैं तो दूसरी ओर अच्छी पढ़ी-लिखी महिलाएं जिला प्रमुख बनी है। देखा जाए तो महिलाओं में भी राजस्थान में शिक्षित और युवा महिला नेतृत्व उभर कर आया है। इसे भविष्य के लिए शुभ संकेत माना जा सकता है।

महिलाओं की सत्ता में भागीदारी से यह भी माना जा सकता है कि महिलाएं जमीनी हकीकत से अधिक जुड़ी होती है, ऐसे में पंचायतीराज संस्थाओं में स्थानीय स्तर की समस्याओं के समाधान में सार्थक और सकारात्मक परिणाम की आशा की जा सकती है। माना जा रहा है कि युवा और शिक्षित महिला नेतृत्व का फोकस शुद्ध पेयजल से लेकर बिजली, स्वच्छता, स्वास्थ्य, शिक्षा, आंगनबाड़ी और स्थानीय स्तर की समस्याओं को समझने और उनके निराकरण में अधिक सकारात्मकता आएगी। माना जा रहा है कि भ्रष्टाचार पर भी एक हद तक रोक संभव हो पाएगी तो महिलाएं नए जोश और नई ऊर्जा से काम करते हुए परिणाम देने का प्रयास करेंगी। कुल मिलाकर कार्य व्यवस्था में बदलाव की संभावनाओं से नकारा नहीं जा सकता।

महिलाओं की सत्ता में दमदार भागीदारी के बावजूद संभावना जताते हुए सवाल उठ रहे हैं कि जिस तरह पंचायतों में सरपंच पति, प्रधान पति या पंच पति का दौर चला था, क्या उसी तरह प्रमुख पति के रुप में राजनीतिक सक्रियता दिखेगी। सच्चे मायने में महिला जिला प्रमुख ही सत्ता की भागीदार बने और निर्णय जिला प्रमुख का ही रहे, जिला प्रमुख पति आदि का नहीं। कहने का अर्थ यह है कि महिलाओं को निर्णय क्षमता विकसित करनी होगी और प्रशासन में अपनी निर्णय क्षमता और कार्यशैली की छाप छोड़ने की चुनौती महिला जिला प्रमुखों के सामने होगी। राज्य सरकार को भी नई जिला प्रमुखों आदि के लिए ओरियंटेशन कार्यक्रम व्यापक व निरंतरता के साथ आयोजित करने होंगे ताकि महिलाओं की भागीदारी सच्चे मायने में उभरकर आ सके।

सत्ता में महिलाओं की भागीदारी की बात करें तो वैश्विक औसत 27.5 फीसदी है। 30 देशों में राष्ट्राध्यक्ष महिला है तो दुनिया के केवल 8 देश ही ऐसे हैं जहां महिलाओं की भागीदारी 50 फीसदी से अधिक है। रवांडा, क्यूबा, निकारागुआ, कोस्टारिका, बोलिविया, मैक्सिको, एंडोरा और संयुक्त अरब अमीरात में 50 प्रतिशत से अधिक भागीदारी है। न्यूजीलैंड, डेनमार्क और आइसलैंड 45 से 50 प्रतिशत महिलाओं का प्रतिनिधित्व है। इस समय दुनिया के 56 देश ऐसे हैं जहां सत्ता में महिलाओं का 33 प्रतिशत प्रतिनिधित्व है।

पिछले चुनाव में सरकार बनाने में महिलाएं निर्णायक भूमिका में रही है। एक मोटे अनुमान के अनुसार 14 राज्यों में महिलाओं की निर्णायक भूमिका रही। साल 2024 के लोकसभा चुनाव में भी 19 राज्यों व केन्द्र शासित प्रदेशों में महिलाओं ने निर्णायक भूमिका निभाई। इसके साथ ही पिछले कुछ सालों के चुनाव परिणामों का विश्लेषण करें तो यह भी साफ हो जाता है कि लगभग सभी पार्टियों ने महिलाओं को केन्द्र में रखकर चुनाव घोषणापत्र बनाये और महिलाओं को किसी भी नाम से योजना रखते हुए एक निश्चित राशि देने की बात प्रमुखता से की।

राजनीतिक पार्टियां कहने को कुछ भी कहे या महिलाओं को आगे लाने की कितनी भी बात करें पर विधानसभा और संसद में महिलाओं की भागीदारी अभी तक बढ़ नहीं पाई है। महिला प्रतिनिधित्व का वैश्विक औसत जहां 27.5 प्रतिशत है, वहीं हमारे देश में अभी तक यह 14-15 प्रतिशत तक पहुंच पाया है। रोचक बात यह है कि साल 2009 की 15वीं लोकसभा के पहले तक हमारे देश में लोकसभा में महिलाओं का प्रतिनिधित्व दहाई की संख्या में भी नहीं पहुंचा था। 15वीं लोकसभा में पहली बार 10.9 प्रतिशत प्रतिनिधित्व हो सका। हालांकि साल 1977 में आपातकाल के ठीक बाद की लोकसभा में सबसे कम भागीदारी केवल 3.5 प्रतिशत ही रह गई थी। पर 1977 के हालात अलग थे और उनको अलग करके देखा जाना चाहिए। उस समय आपात्काल के बाद की स्थितियां थी। 18वी लोकसभा में 17 वीं लोकसभा की तुलना में 3 महिला सांसद कम है। इस तरह से 17वीं लोकसभा में महिलाओं की सर्वाधिक 14.4 प्रतिशत भागीदारी रही।

इन सब हालातों में राजस्थान में पंचायतीराज संस्थाओं में जिला प्रमुख की जिम्मेदारी 70 फीसदी से अधिक महिलाओं और खासतौर से युवा और शिक्षित महिलाओं के हाथ में आई है तो इससे राजनीतिक परिदृश्य के लिए शुभ और सकारात्मक संदेश माना जाना चाहिए। इसके साथ ही महिला जिला प्रमुखों से भी यह अपेक्षा रहेगी वे स्वयं निर्णय लेने और विकास में भागीदार बनने का संदेश दें।

(लेखक, स्वतंत्र टिप्पणीकार हैं।)

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव पाश