प्रशांत किशोर की जीत से क्या बदलेगी बिहार की सियासत
राधा रमण
प्रशांत किशोर ने पटना के बांकीपुर विधानसभा उप चुनाव में वह करिश्मा कर दिखाया, जिसकी बड़े-बड़े राजनीतिक पंडितों को उम्मीद नहीं थी। बांकीपुर का चुनाव परिणाम महज एक विधानसभा का चुनावी नतीजा नहीं माना जाना चाहिए। यह विधानसभा सीट भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष के इस्तीफे से खाली हुई वह सीट है, जिस पर नितिन नवीन और उनके स्वर्गीय पिता नवीन किशोर सिन्हा का पिछले 30 वर्षों से कब्जा था। प्रशांत किशोर ने महज 30 दिनों की मेहनत से बड़ा उलटफेर कर दिया।
यह सब अचानक नहीं हुआ। बेशक, इसके लिए प्रशांत किशोर को अपना सौ प्रतिशत देना पड़ा। सनद रहे कि पानी सौ डिग्री पर उबालने पर ही वाष्प बनता है। नौ महीने पहले बिहार विधानसभा के चुनाव में जनसुराज के 236 उम्मीदवारों की जमानत जब्त हो चुकी थी। महज दो उम्मीदवार ही अपनी जमानत बचा पाए थे। हालांकि तब भी जनसुराज को 3.4 फीसदी वोट जरूर मिले थे। किसी नयी-नवेली पार्टी के लिए यह कम नहीं है। राजनीति के जानकार भी यह समझ नहीं सके। उधर, जनसुराज की करारी हार से पक्ष-विपक्ष दोनों खुश थे। जनसुराज ने अपना कोर मुद्दा शिक्षा, चिकित्सा, रोजगार और पलायन को ही बनाया था। आज भी जनसुराज से जुड़े लोग उन्हीं मुद्दों की बात करते हैं।
बांकीपुर के कुल मतों का आधा प्रशांत को मिला
बांकीपुर उपचुनाव में इस बार सबसे कम मतदान हुआ था। 3 लाख 79 हजार मतदाताओं वाले बांकीपुर में इस बार महज 1,30,246 लोगों ने ही अपने मताधिकार का प्रयोग किया था। इसमें से 64,151 मत अकेले प्रशांत को मिले। भाजपा उम्मीदवार नीरज सिन्हा को 44,827 और राजद की रेखा गुप्ता को 14,273 मत मिले। शेष बचे 22 उम्मीदवारों में से प्रगतिशील जनता पार्टी के मनोरंजन श्रीवास्तव को सबसे अधिक 973 तो निर्दलीय ब्रजेश पटेल को सबसे कम महज 70 वोट मिले। 646 मतदाताओं ने नोटा का बटन दबाया।
प्रशांत के फतह के पीछे की कहानी
2025 के विधानसभा चुनाव में हार के बाद प्रशांत हताश होकर घर नहीं बैठे। वह पश्चिम चंपारण के भितिहरवा आश्रम पहुंचे, जहां से गांधीजी ने अंग्रेजों के खिलाफ नील की खेती करने वाले किसानों के लिए सत्याग्रह आंदोलन शुरू किया था। उन्होंने 24 घटे का मौन व्रत किया फिर कहा कि वह लोगों तक अपनी बात पहुंचाने के लिए बिहार में घर-घर तक जाएंगे। जनसुराज की लड़ाई किसी राजनीतिक दल से नहीं, बल्कि बिहार बदलने की है। बिहार में खुशहाली लाना ही उनका ध्येय है। उन्होंने अपने जीवन का 10 साल बिहार के विकास के लिए समर्पित करने का फैसला किया है। उन्होंने दिल्ली का अपना आवास छोड़कर अपने 20 वर्षों की अर्जित कमाई का 90 फीसदी जनसुराज को दान कर दिया। कहा, आगे भी वह जो कमाएंगे, उसका 90 फीसदी जनसुराज का होगा। उन्होंने लोगों से भी कम से कम 1000 रुपये जनसुराज को दान करने की अपील की।
बाद के दिनों में लोगों ने देखा कि चाहे पटना में जहानाबाद की नीट छात्रा की दुष्कर्म के बाद हत्या का मामला हो, पटना के ही बंटी यादव की हत्या अथवा आरा के बेलौटी गांव के भारत भूषण तिवारी की हिरासत में लेकर हत्या, प्रशांत किशोर हर जगह पहुंचे और पीड़ितों के आंसू पोंछे। पटना में पिछले माह छात्रों पर हुए बर्बर लाठीचार्ज के खिलाफ उन्होंने हुंकार भरी। जबकि बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव चुनाव में राष्ट्रीय जनता दल की हार से इतने हताश हुए कि विधानसभा की बैठकों में भी कम ही जाते हैं। इसका सीधा लाभ बांकीपुर के उप चुनाव में प्रशांत किशोर को मिला। 2025 के विधानसभा चुनाव में जनसुराज के पास पेड वर्करों का भारी जमावड़ा था। इस बार बांकीपुर में प्रशांत ने समर्पित कार्यकर्ताओं को साथ लिया। इनमें अधिकांश युवा थे जो अपना भविष्य सुरक्षित करना चाहते थे। प्रशांत खुद मोहल्लावासियों के साथ देर रात तक बैठते थे। उन्होंने चुनाव में नीतीश कुमार की सक्रिय भागीदारी नहीं होने और भाजपा द्वारा नीतीश कुमार को दरकिनार करने का मुद्दा उठाया, जिसे लोगों ने काफी पसंद किया।
बिहार विधानसभा चुनाव में महज 25 सीटों पर सिमट जानेवाली राष्ट्रीय जनता दल (राजद) में बांकीपुर के परिणाम से घबराहट है। सांसद मीसा भारती प्रशांत किशोर को भाजपा का असली उम्मीदवार बता रही हैं, जबकि उनकी बहन रोहिणी आचार्य प्रशांत किशोर को जमीन से जुड़ा नेता बताते हुए तेजस्वी पर तंज कस रही हैं। 30 जुलाई को जीत का दावा करने वाले तेजस्वी अब हकलाये फिर रहे हैं।
बिहार में पिछले 35 वर्षों से लालू यादव राजनीति के केंद्र में रहे हैं। राज्य में लालू समर्थन और लालू विरोध की सियासत होती रही है। यह अलग बात है कि बढ़ती उम्र और बिगड़ती सेहत के कारण कुछ वर्षों से लालू महज तमाशबीन बने हुए हैं। पार्टी का सारा काम तेजस्वी ने संभाल लिया है। यहां तक कि उमीदवारों का चयन भी अब टीम तेजस्वी ही कर रही है। राजद के सिमटते जन समर्थन का यह बड़ा कारण है। ऐसे में सफल चुनावी रणनीतिकार से राजनेता बने प्रशांत किशोर क्या बिहार की सियासत का नया केंद्र बनेंगे, समय बताएगा। दिल्ली और पंजाब में आम आदमी पार्टी तथा तमिलनाडु में टी जोसेफ विजय के अभ्युदय के बाद इस संभावना को नकारा नहीं जा सकता है।
(लेखक, स्वतंत्र टिप्पणीकार हैं।)
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव पाश

