धर्मवीर भारती को 'इलाहाबाद' ने ही बनाया था, 'गुनाहों का देवता'
आचार्य पं. पृथ्वीनाथ पाण्डेय
इलाहाबाद मे तंग-दर-तंग गलियों मे सांस लेनेवाला मुहल्ला ('मोहल्ला' अशुद्ध है।) 'अतरसुइया' का जितना पौराणिक और ऐतिहासिक महत्व है उतना ही साहित्यिक भी। चूंकि 4 सितम्बर एक ऐसे हस्ताक्षर का निधन-दिनांक है, जो साहित्य और पत्रकारिता में वह सब अर्जित कर चुका था, जो उसकी आकांक्षा रही; अन्तत:, वह अतरसुइया की एक गली मे किरायेदार के रूप मे रहते-रहते, जाने-अनजाने ('अंजाने' अशुद्ध है।) एक ऐसा गुनाह कर बैठा, जिसका उसे भान तक नहीं था और जब भान हुआ तब एक काल्पनिक मन्दिर बनाकर उसमे 'गुनाहों का देवता' की मूर्ति स्थापित कर दी थी।
25 दिसम्बर, 1926 ईसवी को अतरसुइया, इलाहाबाद मे पिता चिरंजीवलाल वर्मा के घर मे जन्म लेनेवाला एक शिशु किस तरह से वय-वार्द्धक्य के साथ देश का एक महान साहित्यकार और पत्रकार के रूप मे रेखांकित होता रहा, वह विश्लेषण का विषय बन जाता है।
धर्मवीर भारती ही थे, जिन्होंने अपने अव्यक्त प्रेम की शक्त ('सशक्त' अशुद्ध है।) वर्ज्य रेखा खींचकर अपने को एक ऐसे देवता की कोटि के अन्तर्गत ला खड़ा किया, जो 'गुनाह' करता रहा, फिर भी 'देवता' बना रहा।
ऐसे सारस्वत हस्ताक्षर की शिक्षा-दीक्षा इलाहाबाद मे हुई थी, जिनमे अध्ययन के प्रति इतनी रुचि थी कि वे अपने मुहल्ले के ही 'हरिभवन पुस्तकालय' में नियमित रूप से पुस्तकें पढ़ते रहे, जिसका मुख्य कारण था, आर्थिक अभाव से ग्रस्त उनका परिवार। वहीं के डीएवी हाईस्कूल से उन्होंने अपनी आरम्भिक शिक्षा अर्जित की थी। वे आठवीं कक्षा मे थे, तभी सिर पर से पिता का साया उठ चला था। इलाहाबाद मे रहनेवाले उनके मामा अभयकृष्ण जौहरी ने उन्हें अपना संरक्षण देते हुए, कायस्थ पाठशाला इंटर कॉलेज से इण्टरमीडिएट की शिक्षा करायी थी। डॉ. भारती का मन-प्राण क्रान्तिकारिता से ओत-प्रोत था; क्योंकि उस समय के पराधीन देश का वातावरण था ही ऐसा। उन्होंने 'भारत छोड़ो' आन्दोलन में भाग लिया था, जिसके कारण उनका एक वर्ष प्रभावित हुआ था। उन्होंने स्नातक और स्नातकोत्तर की परीक्षाएं इलाहाबाद विश्वविद्यालय से उत्तीर्ण की थीं। उन्हें स्नातक की परीक्षा मे सर्वाधिक अंक अर्जित करने के कारण 'चिन्तामणि घोष मेडल' प्रदान किया गया था। उन्होंने डॉ. धीरेन्द्र वर्मा के निर्देशन मे 'सिद्ध-साहित्य' पर अपनी पीएच्० डी० (पीएच. डी., पी-एच. डी., पीएच० डी० और पी-एच० डी० अशुद्ध हैं।) भी पूरी की थी। वे वही डॉ. धीरेन्द्र वर्मा थे, जिन्होंने मात्र पांच विद्यार्थियों को लेकर इलाहाबाद विश्वविद्यालय में हिन्दी-विभाग का प्रारम्भ कराया था। संयोग ऐसा रहा कि डॉ. भारती उसी विश्वविद्यालय मे हिन्दी का अध्यापन भी करने लगे थे। वहीं उन्होंने हिन्दीसाहित्य-कोश के कार्य में अपना महत्त्वपूर्ण योगदान किया था। उन्होंने 'निकष' और 'आलोचना' पत्रिकाओं का सम्पादन भी किया था। उनका जुड़ाव वहीं की एक प्रसिद्ध संस्था 'परिमल' के साथ भी था, जिससे उनकी सर्जनात्मक मेधा को धार मिल चुकी थी। 'परिमल' मे मलयज, डॉ. रघुवंश, डॉ. रामस्वरूप चतुर्वेदी, डॉ. जगदीश गुप्त, लक्ष्मीकान्त वर्मा, अमृत राय, अमरकान्त इत्यादिक साहित्यकार सम्मिलित थे। वे सारे साहित्यकार इलाहाबाद ही नहीं, देश की सारस्वत विभूति के रूप मे आज भी प्रतिष्ठित हैं।
डॉ. भारती के भीतर 'साहित्य और पत्रकारिता' का मनोरम संगम था। यही कारण था कि वे इलाहाबाद से ही प्रकाशित 'अभ्युदय' समाचारपत्र में उसके सम्पादक पद्मकान्त मालवीय के सान्निध्य मे अंशकालीन कार्य करने लगे थे। उसके बाद इलाचन्द जोशी के सम्पादन मे प्रकाशित 'संगम' पत्रिका के सहकारी सम्पादक बनाये गये थे। उन्होंने 'हिन्दुस्तानी एकेडमी' में उपसचिव के पद पर भी कार्य किया था। वे सारे कार्य ऐसे थे, जो उनके भीतर के आर्थिक और सामाजिक दारुण को अपनी पराकाष्ठा तक पहुंचने नहीं दिये। वे व्यक्तिगत रूप से घर-घर जाकर शिक्षणकर्म भी करते रहे, जिससे कि उनका आर्थिक पक्ष चीखकर उन्हें अपने होने का एहसास न कराये।
डॉ. भारती को यहीं से साहित्यिक संस्कार मिला, जिसने 'गुनाहों का देवता' और 'सूरज का सातवां घोड़ा' का सर्जन कराया। इलाहाबाद के कर्नलगंज, इलाहाबाद विश्वविद्यालय, सिविल लाइन्स इत्यादिक मुहल्ले 'गुनाहों का देवता' के साक्षी बनते रहे, जिसकी आधारभूमि अतरसुइया ही रही।
जब वे अपने प्रेम को संभालने और अव्यक्त को व्यक्त रूप देने में विफल ('असफल' अशुद्ध है।) रहे तब उनका प्रणय-पंछी एक ऐसी दिशा मे उड़ने के लिए पंख पसार चुका था, जिसका लौट पाना लगभग सम्भव नहीं था तब डॉ. धर्मवीर भारती इलाहाबाद को हमेशा के लिए त्यागकर बम्बई चले जाने का परिपक्व विचार बना चुके थे। उन्होंने 4 सितम्बर, 1997 ईं को बम्बई में मृत्यु की गोद मे जाने से पहले 'चन्दर और सुधा' की अमर प्रेम-कहानी में इलाहाबाद की सड़कों, गलियों, मौसम और बौद्धिक वातावरण मे जिस भावप्रवणता का ताना-बाना बुना है और जो मर्मस्पर्शी-हृदयहारी वितान ताना है, वह उनका जिया और भोगा हुआ यथार्थ है, जिसे वे अन्तत:, 'गुनाहों का देवता' के माध्यम से व्यक्त कर देते हैँ :–
अगर पुराने जमाने की नगर-देवता की कल्पनाएं आज भी मान्य होतीं, तो मैं कहता कि इलाहाबाद का नगर-देवता जरूर कोई रोमांटिक कलाकार है।''
रही बात उनके प्रतिष्ठित उपन्यास 'सूरज का सातवां घोड़ा' की, तो वह भी इलाहाबाद के मुहल्ले अतरसुइया और जिन अन्य मुहल्ले के परिवार वातावरण के साथ डॉ. भारती का सरोकार था, वहां के निम्न और मध्यमवर्गीय परिवार के आर्थिक-सामाजिक संकट और संत्रास को, उन्होंने जिस रूप में साक्षी दिया था, उसका प्रभाव है। यह वही उपन्यास है, जिसको लेकर प्रख्यात सिने-निर्देशक श्याम बेनेगल ने 'विजेता' फिल्म का निर्माण किया था। उसे राष्ट्रीय पुरस्कार भी प्राप्त हुआ था।
डॉ. धर्मवीर भारती को इलाहाबाद ने सम्पादनकला मे इतना दक्ष कर लिया था कि वे अपने अविस्मरणीय स्मृतिवातायन को अपने साथ लेकर बम्बई के लिए ऐसा प्रस्थान किये कि फिर कभी लौट नहीं पाये। फिर हो भी क्यों न, 'चन्दर' की 'सुधा' उससे हमेशा के लिए बिछुड़ जो चुकी थी; ऐसे मे, स्मृति को बाहुपाश में आबद्ध किये जीने की राह 'बम्बई' मे ही दिखी थी। वहां वे 'टाइम्स ऑफ इण्डिया'-समूह की चर्चित पत्रिका 'धर्मयुग' से आ जुड़े, जिसने उन्हें एक अलग ही प्रकार की ऊंचाई दी थी; क्योंकि उस अति लोकप्रिय पत्रिका में वर्ष 1960 से 1987 तक प्रधान सम्पादक के रूप मे अपने सम्पादन-कौशल का लोहा मनवाते रहना, कोई हस्तामलक नहीं होता।
ऐसा प्रतीत होता है, मानो 'धर्मयुग' के पत्रकारीय वटवृक्ष पर उनके प्राणपखेरू ने अपना नीड़ बना लिया था; क्योंकि 'धर्मयुग' से सेवानिवृत्ति के पश्चात् उनकी क्रियाशीलता अव्यवस्थित और असंतुलित रहने लगी; तन-मन का एकान्त विचलित करने लगा और एक समय ऐसा आया, जब वे हृदयरोग की पकड़ और जकड़ के वशीभूत हो गये। उपचार भी कारगर नहीं रहा। वह जकड़न इतनी निर्मम थी कि डॉ. धर्मवीर भारती को उसका भान तक नहीं हुआ और निद्रालोक मे ही व्याकुल शरीर ने भी उनसे सदा के लिए मुख मोड़ लिया था; परन्तु 'गुनाहों का देवता' आज भी जीवित है, अपने जाने-अनजाने गुनाह को साक्षी देते हुए, सात्त्विक प्रणय-संसार एवं 'चन्दर' और 'सुधा' से जुड़े मनुहारी स्मृति-लोक में।
(लेखक, स्वतंत्र टिप्पणीकार हैं।)
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद

