home page

प्रधानमंत्री मोदी के लिए ऐतिहासिक चर्च में उठे हाथ के गहरे संदेश

 | 
प्रधानमंत्री मोदी के लिए ऐतिहासिक चर्च में उठे हाथ के गहरे संदेश


प्रधानमंत्री मोदी के लिए ऐतिहासिक चर्च में उठे हाथ के गहरे संदेश


-

विवेक शुक्ला

राजधानी की ऐतिहासिक होली ट्रिनिटी चर्च के 121 स्थापना दिवस पर आयोजित कार्यक्रम से बेहद सकारात्मक संदेश निकला। यहां बीती 7 नवंबर को आयोजित विशेष प्रार्थना सभा में देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के लिए भी दुआ मांगी गई। कामना की गई कि उनके नेतृत्व में भारत विकास के रास्ते पर लगातार आगे बढ़ता रहे और देश के लोगों का जीवन बेहतर हो। यह एक छोटी-सी बात लग सकती है लेकिन इसके मायने बहुत बड़े हैं। किसी धार्मिक स्थल से देश के प्रधानमंत्री के लिए इस तरह की प्रार्थना होना बताता है कि धार्मिक आस्था और राष्ट्रीय जिम्मेदारी एक-दूसरे से अलग नहीं हैं। सरकार किसी भी राजनीतिक दल की हो, देश की तरक्की हर नागरिक की साझा आकांक्षा होनी चाहिए।

ट्रिनिटी चर्च में हुई प्रार्थना को इसी व्यापक संदर्भ में देखने की जरूरत है। चर्च में सारे देश के साथ-साथ प्रधानमंत्री के लिए दुआ मांगना केवल एक औपचारिक धार्मिक परंपरा नहीं है। यह देश के प्रति जिम्मेदारी और लोकतांत्रिक व्यवस्था के प्रति सम्मान का भी प्रतीक है।

किसी भी देश में राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री संवैधानिक व्यवस्था के महत्वपूर्ण पदों पर होते हैं। उनके सफल नेतृत्व और देश की खुशहाली की कामना करना किसी राजनीतिक दल का समर्थन करना नहीं है।

भारत जैसे विविधताओं वाले देश में ऐसे संदेशों की जरूरत हमेशा बनी रहेगी। यहां अलग-अलग धर्मों, भाषाओं और संस्कृतियों के लोग रहते हैं। उनकी पूजा-पद्धति अलग हो सकती है लेकिन देश के भविष्य को लेकर उनकी उम्मीदें एक जैसी हैं। हर नागरिक चाहता है कि भारत आर्थिक रूप से मजबूत हो, युवाओं को रोजगार मिले, बच्चों को अच्छी शिक्षा मिले और समाज में शांति बनी रहे।

ट्रिनिटी चर्च की 121 साल की यात्रा हमें यह भी याद दिलाती है कि देश की राजधानी का इतिहास किसी एक समुदाय की कहानी नहीं है। इसे हिंदुओं, मुसलमानों, सिखों, ईसाइयों और दूसरे समुदायों ने मिलकर बनाया है। इस शहर की असली पहचान इसकी गंगा-जमुनी संस्कृति और विविधता में एकता रही है।

चर्च की वर्षगांठ पर प्रधानमंत्री के लिए की गई प्रार्थना इसी भारतीय भावना को मजबूत करती है। देश को आज ऐसे ही सकारात्मक संदेशों की जरूरत है।

होली ट्रिनिटी चर्च के फादर ब्रदर सोलोमन जॉर्ज कहते हैं कि हमारी चर्च में मोदीजी के लिए दुआ मांगना लाजिमी है, आखिरकार देश उनके नेतृत्व में आगे बढ़ रहा है। मंदिर में हो या मस्जिद में, गुरुद्वारे में हो या चर्च में, जब प्रार्थना पूरे देश की खुशहाली के लिए होती है, तब उसका संदेश किसी एक धर्म या समुदाय तक सीमित नहीं रहता।

बेशक, आज जब छोटी-छोटी बातों पर समाज में दूरियां बढ़ाने की कोशिशें होती रहती हैं, तब एक चर्च से निकला यह संदेश खास महत्व रखता है। भारत की खूबसूरती ही यही है कि यहां मंदिर, मस्जिद, गुरुद्वारे और चर्च केवल पूजा के स्थान नहीं हैं। वे समाज को जोड़ने और एक-दूसरे के प्रति सम्मान का भाव पैदा करने का काम भी करते हैं।

1905 में रखी गई थी चर्च की नींव

होली ट्रिनिटी चर्च का इतिहास भी कम दिलचस्प नहीं है। यह चर्च पुरानी दिल्ली के तुर्कमान गेट इलाके में स्थित है। इसका निर्माण ब्रिटिश शासन के दौरान हुआ था। 7 नवंबर 1905 को इस चर्च को विधिवत प्रतिष्ठित किया गया था।

इस तरह यह चर्च दिल्ली के इतिहास के एक ऐसे दौर से जुड़ा है, जब पुरानी दिल्ली और नई दिल्ली के बीच एक नया शहरी विस्तार आकार ले रहा था। चर्च की इमारत आज भी अपने पुराने स्थापत्य और ऐतिहासिक पहचान को संभाले हुए है। यहां की एक और विशेषता इसका भाषाई और सांस्कृतिक जुड़ाव है। यहां हिंदी के साथ उर्दू में भी प्रार्थना की परंपरा रही है। चर्च में उर्दू लिपि में लिखी पुरानी धार्मिक पुस्तकों का संग्रह भी है। यह बात बताती है कि ईसाई समुदाय ने अपनी धार्मिक पहचान को बनाए रखते हुए स्थानीय भाषाओं और संस्कृति के साथ भी गहरा रिश्ता कायम किया।

भारत में ईसाइयों का योगदान और उसका इतिहास काफी पुराना है। केरल में सेंट थॉमस ईसाई परंपरा की जड़ें पहली शताब्दी तक जाती हैं। मान्यता है कि ईसा मसीह के शिष्य सेंट थॉमस 52 ईस्वी में भारत आए थे। समय के साथ ईसाई समुदाय देश के अलग-अलग हिस्सों में फैला। गोवा, केरल, तमिलनाडु, पूर्वोत्तर भारत और देश के अनेक दूसरे क्षेत्रों में इस समुदाय ने अपनी अलग पहचान बनाई।

उन्नीसवीं सदी में जब लड़कियों की शिक्षा को लेकर समाज में अनेक तरह की बंदिशें थीं, तब ईसाई संस्थाओं ने लड़कियों के लिए स्कूल और कॉलेज खोले। सेरामपुर कॉलेज की स्थापना 1818 में हुई। स्कॉटिश मिशनरी अलेक्जेंडर डफ ने 1830 में कलकत्ता में आधुनिक शिक्षा के प्रसार के लिए महत्वपूर्ण पहल की।

स्वास्थ्य सेवाओं में भी ईसाई संस्थाओं की भूमिका को भुलाया नहीं जा सकता। देश के अनेक हिस्सों में चर्च से जुड़े अस्पतालों, नर्सिंग संस्थानों और स्वास्थ्य केंद्रों ने गरीबों और जरूरतमंदों को चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराईं।

यह भी याद रखना चाहिए कि ईसाई समुदाय के अनेक लोगों ने भारत के स्वतंत्रता आंदोलन और सामाजिक सुधार के प्रयासों में भी सक्रिय भूमिका निभाई। सी.एफ. एंड्रयूज इसका एक महत्वपूर्ण उदाहरण हैं। आशा की जानी चाहिए कि धार्मिक स्थलों से देश की खुशहाली के लिए दुआएं मांगी जाती रहेंगी।

(लेखक, वरिष्ठ पत्रकार और जाने-माने स्तंभकार हैं।)

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव पाश