home page

बेटी के लिए सुरक्षित भविष्य की तलाश और दहेज की सौदेबाजी

 | 
बेटी के लिए सुरक्षित भविष्य की तलाश और दहेज की सौदेबाजी


- डॉ. सत्यवान सौरभ

भारतीय समाज में विवाह को दो व्यक्तियों के बीच जीवनभर के साथ, विश्वास और जिम्मेदारियों का संबंध माना गया है। लेकिन बदलते सामाजिक परिवेश में विवाह की पवित्रता पर बाजारवाद की ऐसी छाया पड़ी है कि रिश्तों का मूल्यांकन अब व्यक्ति के संस्कार, विचार, व्यवहार और मानवीय गुणों से अधिक उसकी नौकरी, वेतन, पद और आर्थिक हैसियत से होने लगा है। विवाह के लिए लड़के की तलाश करते समय लड़की पक्ष की पहली प्राथमिकताओं में सरकारी नौकरी, अच्छा वेतन, अपना मकान, जमीन-जायदाद और सामाजिक प्रतिष्ठा शामिल हो जाती हैं। सरकारी नौकरी वाला दामाद मिल जाए तो परिवार स्वयं को भाग्यशाली समझता है। लेकिन इसी मानसिकता के भीतर एक ऐसा विरोधाभास छिपा है, जिस पर समाज खुलकर चर्चा करने से बचता है। यदि लड़की पक्ष सरकारी नौकरी वाले दामाद को प्राथमिकता देता है और लड़के वाला पक्ष बदले में ब्रेजा, ऑडी या महँगी गाड़ी की माँग रख देता है तो क्या इसे केवल उसकी व्यक्तिगत पसंद कहकर स्वीकार कर लिया जाना चाहिए? क्या विवाह वास्तव में दो परिवारों का मिलन है या योग्यताओं और संपत्तियों की नीलामी का कोई मंच?

यह सवाल किसी एक परिवार, जाति, वर्ग या क्षेत्र तक सीमित नहीं है। यह उस सामाजिक मानसिकता पर चोट करता है, जिसमें विवाह को धीरे-धीरे आर्थिक लेन-देन का माध्यम बना दिया गया है। विडंबना देखिए कि लड़की के माता-पिता अपनी बेटी के लिए सरकारी कर्मचारी दामाद इसलिए चाहते हैं कि उसका भविष्य सुरक्षित रहे, उसे आर्थिक परेशानियों का सामना न करना पड़े और समाज में उसे सम्मान मिले। उनकी यह इच्छा अपने आप में अनुचित नहीं है। प्रत्येक माता-पिता अपनी संतान के सुखद भविष्य की कामना करते हैं। लेकिन समस्या तब शुरू होती है, जब इसी सुरक्षा की तलाश में वे लड़के की नौकरी को उसके संपूर्ण व्यक्तित्व का प्रमाणपत्र मान लेते हैं। सरकारी नौकरी मिलते ही लड़के का सामाजिक मूल्य बढ़ जाता है और विवाह के बाजार में उसकी कथित कीमत भी निर्धारित होने लगती है।

यहीं से दहेज की मानसिकता को खाद-पानी मिलता है। लड़के के परिवार को लगता है कि उनके बेटे ने प्रतियोगी परीक्षाएँ पास की हैं, वर्षों मेहनत की है इसलिए विवाह में महँगी गाड़ी, नकदी, जमीन, फर्नीचर और अन्य सुविधाएँ माँगना उनका अधिकार है। दूसरी ओर लड़की का परिवार भी अपनी सामाजिक हैसियत और प्रतिष्ठा बचाने के लिए इन माँगों को पूरा करने की कोशिश करता है। कोई ब्रेजा को प्रतिष्ठा का प्रश्न बना लेता है तो किसी की निगाह ऑडी पर टिक जाती है। माँग पूरी न होने पर रिश्ते टूट जाते हैं और कई बार लड़की के माता-पिता अपनी आर्थिक क्षमता से बाहर जाकर कर्ज तक उठा लेते हैं।

सवाल यह है कि जिस सरकारी नौकरी को बेटी के सुरक्षित भविष्य की गारंटी समझा गया था, क्या उसी नौकरी के नाम पर उसके माता-पिता को आर्थिक बोझ तले दबाना उचित है?

दहेज की समस्या को केवल लड़के वालों के लालच तक सीमित करके देखने से भी सामाजिक तस्वीर अधूरी रह जाती है। लड़की पक्ष की वह मानसिकता भी आत्ममंथन की माँग करती है, जो अच्छे संस्कारों, शिक्षा, चरित्र और पारिवारिक व्यवहार की अपेक्षा सरकारी नौकरी और आर्थिक संपन्नता को सर्वोच्च स्थान देती है। जब हम स्वयं किसी व्यक्ति को उसकी नौकरी और वेतन के आधार पर सामाजिक प्रतिष्ठा देते हैं, तब अनजाने में उसी व्यवस्था को मजबूत करते हैं, जिसमें विवाह के नाम पर आर्थिक अपेक्षाएँ पैदा होती हैं। हालांकि इसका अर्थ यह बिल्कुल नहीं है कि लड़की पक्ष की प्राथमिकता के कारण लड़के वालों की दहेज माँग जायज हो जाती है। माँग करने वाला ही अपने आचरण के लिए जिम्मेदार है।

किसी की पसंद या अपेक्षा दूसरे व्यक्ति के शोषण का अधिकार नहीं बन सकती।

वास्तविकता यह भी है कि सरकारी नौकरी की चमक के पीछे कई बार व्यक्ति के वास्तविक चरित्र को देखने की कोशिश ही नहीं की जाती। लड़का कितना जिम्मेदार है, उसका व्यवहार कैसा है, वह महिलाओं के प्रति कितना सम्मान रखता है, परिवार में निर्णय लेने की उसकी सोच क्या है, वह जीवनसाथी की स्वतंत्रता और आकांक्षाओं को कितना महत्व देगा, इन प्रश्नों को अक्सर गौण कर दिया जाता है। परिणामस्वरूप नौकरी और वेतन देखकर किए गए विवाह बाद में मानसिक उत्पीड़न, घरेलू कलह और आर्थिक दबाव का कारण बन जाते हैं।

एक लड़की को केवल इसलिए अच्छा जीवन नहीं मिल सकता कि उसका पति सरकारी कर्मचारी है। अच्छा जीवन सम्मान, समानता, संवेदनशीलता और आपसी विश्वास से बनता है।

यहाँ एक और कड़वी सच्चाई को समझना जरूरी है। विवाह के बाद यदि बहू से यह अपेक्षा की जाती है कि वह घर की जिम्मेदारियाँ निभाए, परिवार की प्रतिष्ठा बनाए रखे और हर परिस्थिति में समझौता करे तो दामाद से भी उतनी ही जिम्मेदारी और संवेदनशीलता की अपेक्षा होनी चाहिए। विवाह कोई ऐसा अनुबंध नहीं है, जिसमें एक पक्ष अपनी नौकरी और पद के आधार पर विशेषाधिकार प्राप्त कर ले और दूसरा पक्ष अपनी आर्थिक तथा सामाजिक क्षमता से अधिक देने के लिए बाध्य हो जाए। यदि लड़की पढ़ी-लिखी है, आत्मनिर्भर है और परिवार की जिम्मेदारियों में योगदान देने में सक्षम है, तो उसकी योग्यता का सम्मान भी उतना ही जरूरी है जितना लड़के की नौकरी का।

भारतीय कानून भी इस मानसिकता को स्वीकार नहीं करता। दहेज निषेध अधिनियम, 1961 के अंतर्गत दहेज लेना, देना और माँगना दंडनीय अपराध है।

विवाह में स्वेच्छा से दिए गए उपहारों और दबाव, शर्त अथवा माँग के तहत लिए गए दहेज के बीच स्पष्ट अंतर है। कानून का उद्देश्य केवल अपराध होने के बाद कार्रवाई करना नहीं बल्कि समाज में ऐसी कुप्रथा को रोकना भी है। लेकिन कानून तभी प्रभावी होगा, जब परिवार स्वयं दहेज के विरुद्ध खड़े होंगे। केवल मंचों पर दहेज विरोधी भाषण देने और निजी जीवन में महँगी गाड़ियों तथा नकदी की अपेक्षा रखने से सामाजिक परिवर्तन नहीं आएगा।

माता-पिता को भी अपनी सोच बदलनी होगी। बेटी के लिए सरकारी नौकरी वाला दामाद खोजने से पहले ऐसे इंसान की तलाश करनी चाहिए, जो बेटी को बराबरी का दर्जा दे सके। लड़के वालों को भी समझना होगा कि बेटे की नौकरी उसकी मेहनत का परिणाम है, कोई ऐसी व्यावसायिक पूँजी नहीं, जिसे विवाह के बाजार में बेचकर कार या संपत्ति हासिल की जाए। यदि किसी परिवार को बेटे की शादी में गाड़ी चाहिए, तो उसे अपनी कमाई से खरीदने का साहस भी रखना चाहिए।

बेटी के पिता की जेब को बेटे की उपलब्धियों का पुरस्कार समझना शर्मनाक सामाजिक सोच है।

समाज को यह भी तय करना होगा कि विवाह में सम्मान का पैमाना महँगी गाड़ी नहीं बल्कि मानवीय व्यवहार होगा। ब्रेजा हो या ऑडी, इनसे किसी व्यक्ति का चरित्र बड़ा नहीं हो जाता। सरकारी नौकरी हो या निजी रोजगार, इससे किसी को दूसरे परिवार का आर्थिक शोषण करने का अधिकार नहीं मिल जाता। विवाह में दोनों पक्षों की सहमति, स्वतंत्रता और गरिमा सर्वोपरि होनी चाहिए।

आखिर कब तक बेटियों के माता-पिता अपनी जीवनभर की कमाई विवाह की भेंट चढ़ाते रहेंगे? कब तक योग्य दामाद की तलाश में बेटी के सुखद भविष्य को महँगी गाड़ियों की कीमत से तौला जाता रहेगा? और कब तक समाज इस दोहरे चरित्र पर चुप्पी साधे रहेगा कि एक ओर दहेज को सामाजिक बुराई बताया जाता है और दूसरी ओर सरकारी नौकरी वाले दामाद के नाम पर आर्थिक अपेक्षाओं को सामान्य व्यवहार मान लिया जाता है?

बेटी के लिए सरकारी नौकरी वाला दामाद चाहना अपराध नहीं, लेकिन नौकरी के नाम पर किसी परिवार से धन-संपत्ति की अपेक्षा करना अन्याय है।

इसी तरह किसी की आर्थिक हैसियत देखकर रिश्ता तय करना भी उस मानसिकता को बढ़ावा देता है, जिसमें इंसान से अधिक उसकी कीमत देखी जाती है। विवाह कोई बाजार नहीं, जहाँ दूल्हे की नौकरी के हिसाब से गाड़ी का मॉडल तय हो। यदि रिश्ते की शुरुआत ही माँग और सौदेबाजी से होगी तो उसमें प्रेम, विश्वास और समानता की उम्मीद कैसे की जा सकती है?

बेटी के लिए सरकारी नौकरी वाला दामाद नहीं, सम्मान देने वाला इंसान चुनिए। क्योंकि घर गाड़ी से नहीं, संस्कारों से चलता है और विवाह की सफलता धन से नहीं, आपसी विश्वास से तय होती है।

(लेखक, स्वतंत्र टिप्पणीकार हैं।)

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव पाश