विश्व पटल पर भारत की बढ़ती धमक
-
मृत्युंजय दीक्षित
विश्व पटल पर भारत का दबदबा लगातार बढ़ रहा है, ऐसा आस्ट्रेलिया के प्रतिष्ठित थिंक टैक लोवी इंस्टीट्यूट के एशिया पावर इंडेक्स- 2026 की रिपोर्ट कह रही है। रिपोर्ट में भारत को प्रमुख शक्ति का दर्जा दिया गया है। भारत को इस सूचकांक में 100 में से 40.5 अंक मिले हैं जो पिछले वर्ष की तुलना में 0.5 अधिक है। लोवी इंस्टीट्यूट (Lowy Institute) के एशिया पावर इंडेक्स 2026 में भारत तीसरे स्थान पर है, जो अमेरिका और चीन के बाद आता है। जापान 38.6 अंकों के साथ चौथे स्थान पर है जबकि रूस 32.2 अंकों के साथ पांचवें स्थान पर है। रिपोर्ट के अनुसार भारत ने वर्ष 2026 में आर्थिक और घरेलू चुनौतियों के बाद भी एशिया में अपना प्रभाव बढ़ाया है। क्षेत्रीय रक्षा सहयोग, कूटनीतिक सक्रियता और सांस्कृतिक पहुँच ने भारत की स्थिति मजबूत करने में सहयोग दिया है।
लोवी इंस्टीट्यूट “एशिया पावर इंडेक्स” इस क्षेत्र में देशों की शक्ति और प्रभाव का आकलन करता है। इसमें आर्थिक क्षमता, सैन्य ताकत, लचीलापन, भविष्य के संसाधन, आर्थिक संबंध, रक्षा नेटवर्क, कूटनीतिक प्रभाव और सांस्कृतिक प्रभाव जैसे पहलुओं को शामिल किया जाता है। लोवी की रिपोर्ट के अनुसार भारत और चीन के बीच समग्र शक्ति का अंतर 2018 में इस सूचकांक की शुरुआत के बाद सबसे कम स्तर पर पहुँच गया है। चीन की कुल शक्ति अब भी भारत से करीब 80 प्रतिशत अधिक आंकी गई है। भारत की सबसे मजबूत स्थिति भविष्य के संसाधनों के क्षेत्र में रही जहां उसे तीसरा स्थान मिला है इस श्रेणी में भारत को 56.2 अंक प्राप्त हुए। आर्थिक क्षमता में भी भारत तीसरे स्थान पर बना हुआ है।
रिपोर्ट में भारत के कूटनीतिक प्रभाव को उसकी प्रमुख ताकत बताया गया है इस श्रेणी में भारत को 70.3 अंक मिले हैं और यह चौथे स्थान पर है।
रक्षा नेटवर्क के मामले में भारत ने दो अंकों की छलांग लगाई है और नौवें स्थान पर पहुंच गया है। दक्षिण -पूर्व एशियाई देशों के साथ बढ़ते रक्षा सहयोग और ब्रह्मोस मिसाइलों की ऐतिहासिक मांग व बिक्री को इस सुधार का प्रमुख कारण बताया गया है। आर्थिक संबंधों के मामलों में भी भारत की स्थिति बेहतर हुई है और इस श्रेणी में भारत दो स्थान ऊपर चढ़कर सातवें स्थान पर पहुंचा है। क्षेत्रीय व्यापार और निवेश संबंधों में अपेक्षाकृत स्थिरता ने इसमें योगदान दिया है। रिपोर्ट में भारत की आर्थिक स्थिति को मिला-जुला बताया गया है और आर्थिक क्षमता का स्कोर थोड़ा घटकर 26.4 अंक रह गया। रिपोर्ट में रुपए की कमजोरी और अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष की अर्थव्यवस्थाओं के आकलन की पद्धति में बदलाव का असर भारत की सापेक्ष जीडीपी स्थिति पर पड़ा।
रिपोर्ट में भारत के सांस्कृतिक प्रभाव में भी बढ़ोत्तरी दर्ज की गई है। संस्कृति सूचना के आदान-प्रदान और लोगों के संपर्क में सुधार हुआ है।
रिपोर्ट का निष्कर्ष है कि भारत ने क्षेत्रीय प्रभाव बढ़ाने की दिशा में प्रगति की है। वैश्विक उथल-पुथल आर्थिक और कूटनीतिक मोर्चे में चुनौतियों के बावजूद रक्षा सहयोग, क्षेत्रीय संबंधों और भविष्य की संभावनाओं ने एशिया में भारत की स्थिति मजबूत की है।
रिपोर्ट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एशिया का दूसरा सबसे शक्तिशाली व लोकप्रिय नेता बताया गया है जबकि चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग पहले स्थान पर कायम हैं।
अमेरिका के मध्यावधि चुनावों में भारी पराजय के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के स्वर भी भारत के प्रति बदल रहे हैं। कुछ समय पूर्व ही उन्होंने भारत की अर्थव्यवस्था को ”डेड इकोनामी” कहकर भारत का मजाक बनाया था और राहुल गांधी के नेतृत्व वाले विपक्ष ने उसे लपक लिया था। अब ट्रम्प भारत की आर्थिक प्रगति की सराहना करते हुए अपनी फेडरल बैंक को भारत से सीखने की सलाह दे रहे हैं क्योंकि भारत की ब्याज दरें बहुत कम हैं तथा जीडीपी 7 प्रतिशत है।
वर्तमान में वैश्विक उथल-पुथल के भयावह दौर में भी भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती हुई प्रमुख अर्थव्यवस्था बना हुआ है। अप्रैल जून 2026 में भारत की जीडीपी विकास दर 7.8 दर्ज की गई थी। 2014 के बाद भारत में हर क्षेत्र में व्यापक स्तर पर उन्नति देखने को मिल रही है। वर्तमान समय में वैश्विक अस्थिरता के समय में भी भारत की स्थिति बेहतर हो रही है।
इस रिपोर्ट पर विपक्ष मौन है। जब विश्व के किसी कोने से भारत विरोधी कोई बयान या रिपोर्ट आ जाती है तब भारत का विपक्ष प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व सरकार कोसने लगता है किंतु जब भारत के पक्ष में कोई रिपोर्ट आती है तब बगलें झांकने लग जाता है।
(लेखक, स्वतंत्र टिप्पणीकार हैं।)
------------------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव पाश

