home page

(गुरुनानक जयंती /24 नवंबर/विशेष) संदेशों में निहित है देश की प्रगति

 | 
(गुरुनानक जयंती /24 नवंबर/विशेष) संदेशों में निहित है देश की प्रगति


डॉ.लोकेश कुमार चन्देल

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कहा करते हैं कि गुरुनानक देव जी का जीवन, संदेश और शिक्षाएं मानवता तथा देश की प्रगति के लिए प्रेरणादायक हैं। गुरु नानकजी ने जीवन जीने का मार्ग दिखाया। उनके मंत्र ‘नाम जपो, किरत करो, वंड छको’ का आध्यात्मिक चिंतन, कर्तव्यनिष्ठा से मेहनत, भौतिक समृद्धि और आपस में मिल-बांटकर खाने और सामाजिक समरसता की प्रेरणा देने वाला बताया।

प्रधानमंत्री मोदी का मानना है कि गुरु नानकजी का जीवन और संदेश शाश्वत ज्ञान से मानवता का मार्गदर्शन करता है और उनकी करुणा, समानता, विनम्रता व सेवा की शिक्षा समाज को बेहतर बनाने के लिए प्रेरित करती हैं।

गुरूनानक जी का जन्म कार्तिक पूर्णिमा के दिन हुआ था। इस वर्ष गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व (गुरुनानक जयंती) 24 नवंबर को मनाया जाएगा। यह उनकी 557वीं जयंती होगी। हर साल कार्तिक मास की पूर्णिमा को सिख धर्म के संस्थापक गुरु नानक देव जी के जन्मोत्सव के रूप में मनाया जाता है। गुरुनानक देवजी का जन्म राय भोई की तलवंडी में हुआ था, जिसे अब ननकाना साहिब (पंजाब, पाकिस्तान) के नाम से जाना जाता है। लाहौर के पास स्थित (वर्तमान पाकिस्तान में) है। वह स्थान सिख धर्म के प्रमुख तीर्थ स्थलों में से एक है। गुरु नानक देव जी सिख धर्म के संस्थापक और प्रथम सिख गुरु हैं। वे सत्य, करूणा, समानता और सेवा का मार्ग दिखाते हैं।

उनकी माता का नाम तृप्ता देवी और पिता का नाम मेहता कालू (कालूराम) था।

उन्होंने अपने शिष्य भाई लहणा को अपना उत्तराधिकारी नियुक्त किया, जो आगे चलकर गुरु अंगद देव कहलाए।

गुरु नानक देव जी की शिक्षा- एक ईश्वर की उपासना, समानता, ईमानदार जीवन और निस्वार्थ सेवा पर आधारित थीं। उन्होंने समाज में एकता, सच्चाई और मानवता का संदेश दिया। वे कहते थे कि एक ओंकार (ईश्वर एक है, परमात्मा एक है, सर्वव्यापी है और सभी का सृष्टिकर्ता है। नाम जपोः- हमेशा ईश्वर का स्मरण और भजन करना चाहिए। किरत करोः- मेहनत और ईमानदारी से आजीविका कमाना चाहिए। वंड छकोः- अपनी कमाई और संसाधनों को जरूरतमंदों के साथ मिल-बांटकर साझा करना चाहिए।

उनकी शिक्षाएं मुख्य रूप से मानव समानता, निस्वार्थ सेवा, परिश्रम और सांप्रदायिक सद्भाव पर आधारित हैं।

उनका मानना था कि आध्यात्मिक उन्नति केवल संन्यास लेने से नहीं, बल्कि समाज में रहते हुए नैतिक और न्यायपूर्ण जीवन जीने से होती है।

सामाजिक समानता और जाति प्रथा का विरोधः-गुरु नानक देवजी ने जन्म या जाति के आधार पर होने वाले ऊंच-नीच के भेदभाव को सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने समझाया कि सभी मनुष्य एक ही ईश्वर की संतान हैं। समाज से छुआछूत मिटाने के लिए उन्होंने ‘संगत’ (एक साथ बैठकर ईश्वर का भजन करना) और ‘पंगत’ या लंगर प्रथा की शुरुआत की। लंगर में राजा हो या रंक, उच्च जाति का हो या निम्न जाति का, सभी को एक ही पंक्ति में बैठकर भोजन करना अनिवार्य था।

मध्यकालीन समाज में जब महिलाओं की स्थिति बहुत दयनीय हो गई थी, छोटी-छोटी बालिकाओं का विवाह कर दिया जाता था। डर के कारण जन्म के साथ ही बच्चियों को मार दिया जाता था। ऐसी स्थिति में गुरु नानकजी ने स्त्री-पुरुष की बराबरी की पुरजोर वकालत की। उन्होंने महिलाओं के सम्मान में कहा कि ‘सो क्यों मंदा आखिए, जित जम्मे राजान’ (उस स्त्री को बुरा क्यों कहा जाए, जो राजाओं और महान पुरुषों को जन्म देती है)।

उन्होंने सती प्रथा और पर्दा प्रथा जैसी कुरीतियों का भी जमकर विरोध किया।

ईमानदारी की कमाई और साझा करना (किरत करो और वंड छको) किरत करो (ईमानदारी से परिश्रम)-मनुष्य को किसी का शोषण किए बिना, अपनी मेहनत और ईमानदारी से आजीविका कमानी चाहिए। उन्होंने अमीर जमींदार मलिक भागो के शाही भोजन को ठुकराकर एक गरीब बढ़ई भाई लालो की रूखी-सूखी रोटी को स्वीकार किया, क्योंकि भाई लालो की कमाई मेहनत की थी।

वंड छको (मिल-बांटकर खाना) : अपनी ईमानदारी की कमाई का एक हिस्सा गरीबों, जरूरतमंदों और समाज की भलाई के लिए साझा करना हर व्यक्ति का कर्तव्य है। इससे समाज में आर्थिक विषमता कम होती है और परोपकार की भावना बढ़ती है।

धार्मिक सद्भाव और मानवतावादः- उन्होंने ‘इक ओंकार’ का संदेश दिया, जिसका अर्थ है कि ईश्वर एक है और वह हर प्राणी में निवास करता है। ज्ञान प्राप्ति के बाद उनका पहला वाक्य था ‘न कोई हिंदू है, न कोई मुसलमान’। उनका आशय था कि ईश्वर की नजर में सभी इंसान केवल ‘मानव’ हैं।

उन्होंने विभिन्न धर्मों के बीच की कट्टरता को कम कर आपसी भाईचारे और शांति का संदेश दिया।

अंधविश्वास और बाहरी आडंबरों का खंडनः- उन्होंने समाज में फैले पाखंड, मूर्ति पूजा और निरर्थक कर्मकांडों का विरोध किया। हरिद्वार में जब लोग पूर्व दिशा की ओर सूर्य और अपने पूर्वजों को जल अर्पित कर रहे थे, तब उन्होंने पश्चिम दिशा की ओर जल फेंकना शुरू कर दिया। पूछने पर उन्होंने तर्क दिया कि यदि उनका जल लाखों मील दूर पूर्वजों तक पहुंच सकता है, तो मेरा जल कुछ मील दूर करतारपुर के खेतों तक क्यों नहीं पहुंच सकता? इस प्रकार उन्होंने लोगों को अंधविश्वास से निकालकर कर्म प्रधान बनने की प्रेरणा दी। वे कहते थे कि मानव सेवा ही सच्ची ईश्वर सेवा है। बिना किसी स्वार्थ या बदले की भावना के दूसरों की सहायता करना ही सबसे बड़ा धर्म है। उन्होंने अहंकार को मनुष्य और समाज का सबसे बड़ा शत्रु बताया और विनम्रता, क्षमा तथा करुणा को अपनाने की शिक्षा दी।

बहरहाल, हम यही कह सकते हैं कि उनके सिद्धांत आज विश्व में फैल रहे वैमनस्यता समाप्त करने का मुख्य जरिया हो सकता है। नानक देव जी ने समानता, भाईचारे और निस्वार्थ सेवा के माध्यम से समाज को जोड़ने और सामाजिक समरसता स्थापित करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्होंने जाति, धर्म और लिंग के भेदभाव को नकारते हुए सभी को एक समान माना। उन्होंने लंगर की शुरुआत की, जहां सभी लोग एक साथ बैठकर भोजन करते हैं। उन्होंने ऊंच-नीच और जन्म आधारित जाति व्यवस्था का विरोध किया और सभी मनुष्यों को ईश्वर की संतान बताया।

(लेखक, स्वतंत्र पत्रकार हैं।)

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित