home page

श्री ब्राह्मण सभा कठुआ में कृष्ण जन्म महोत्सव की धूम, श्रद्धालुओं का उमड़ा सैलाब -कुलदीप शास्त्री जी ने जनेऊ धारण और गायत्री मंत्र को सही विधि से जपने की प्रेरणा दी

 | 
श्री ब्राह्मण सभा कठुआ में कृष्ण जन्म महोत्सव की धूम, श्रद्धालुओं का उमड़ा सैलाब -कुलदीप शास्त्री जी ने जनेऊ धारण और गायत्री मंत्र को सही विधि से जपने की प्रेरणा दी


कठुआ, 16 अप्रैल (हि.स.)। श्री ब्राह्मण सभा कठुआ में चल रही श्रीमद् भागवत कथा के चौथे दिन भक्तिभाव और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। इस अवसर पर भगवान श्री कृष्ण जन्म महोत्सव बड़े धूमधाम से मनाया गया जिसमें श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।

कार्यक्रम की विशेष आकर्षण एक मनमोहक झांकी रही जिसमें एक नन्हे बालक को भगवान श्री कृष्ण की वेशभूषा में सुसज्जित कर टोकरी में विराजमान किया गया। इस झांकी को ब्राह्मण सभा के आसपास निकाला गया जिसे देखने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। हर कोई बाल गोपाल के दर्शन कर भाव-विभोर हो उठा। श्री कृष्ण जन्मोत्सव के अवसर पर ढोल-नगाड़ों की थाप पर श्रद्धालु भक्ति में लीन होकर झूमते और नाचते नजर आए। पूरा वातावरण “नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की” के जयघोषों से गूंज उठा।

कथावाचक कुलदीप शास्त्री जी महाराज (अखनूर वाले) ने अपने प्रवचनों से संगत को मंत्रमुग्ध कर दिया। उन्होंने भगवान श्री कृष्ण की लीलाओं का भावपूर्ण वर्णन करते हुए जीवन में उनके संदेशों को अपनाने का आह्वान किया। साथ ही उन्होंने हिंदू धर्म के 16 संस्कारों पर विस्तृत प्रकाश डालते हुए बच्चों को अपने गोत्र की जानकारी देने पर जोर दिया। उन्होंने जनेऊ धारण करने के महत्व को समझाते हुए श्रद्धालुओं से अपील की कि आगामी 19 अप्रैल को भगवान परशुराम जयंती और अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर विधिवत पूजा के साथ जनेऊ धारण करें और अपने बच्चों को भी इस परंपरा से जोड़ें। कथावाचन के दौरान उन्होंने महाभारत में कौरव-पांडवों के प्रसंगों के माध्यम से भगवान श्री कृष्ण की भूमिका का भी विस्तार से वर्णन किया। इसके साथ ही गायत्री मंत्र के महत्व पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने श्रद्धालुओं को इसे सही विधि से जपने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम के अंत में सामूहिक आरती का आयोजन किया गया, जिसके बाद प्रसाद वितरण के साथ चैथे दिन की कथा का समापन हुआ। श्रद्धालुओं ने पूरे आयोजन को अत्यंत भव्य और आध्यात्मिक ऊर्जा से भरपूर बताया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया