शीर्ष पदों पर समान प्रतिनिधित्व सुनिश्चित हो: नेकां नेता
| Aug 11, 2026, 18:16 IST
जम्मू, 11 अगस्त (हि.स.)। नेशनल कॉन्फ्रेंस के वरिष्ठ नेता एवं चिनाब वैली क्षेत्र के प्रवक्ता अजीत भगत ने जम्मू-कश्मीर में एससी, एसटी, ओबीसी और सिख समुदायों के प्रशासनिक एवं अन्य उच्च पदों पर कथित कम प्रतिनिधित्व को लेकर चिंता जताई है।
भगत ने कहा कि डीसी, एसएसपी, उच्च प्रशासनिक पदों और न्यायपालिका में सभी वर्गों को समान अवसर मिलना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले 12 वर्षों से इन समुदायों को महत्वपूर्ण पदों पर पर्याप्त प्रतिनिधित्व नहीं मिला है जिससे उनमें असंतोष बढ़ रहा है। उन्होंने उपराज्यपाल और मुख्यमंत्री से मामले का संज्ञान लेकर नियुक्तियों व समायोजन की प्रक्रिया की समीक्षा करने तथा संविधान की भावना के अनुरूप सभी वर्गों को समान प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने की मांग की।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

