home page

मौसम विज्ञान विभाग ने 8 फरवरी तक जम्मू और कश्मीर में मौसम के ज़्यादातर सूखा रहने का लगाया अनुमान

 | 

जम्मू, 05 फ़रवरी (हि.स.)।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईंएमडी) के ताजा बुलेटिन के अनुसार 5 फरवरी से 6 फरवरी की शाम तक मौसम आमतौर पर सूखा रहने की उम्मीद है हालांकि 6 फरवरी की रात को कुछ ऊंचे इलाकों में हल्की बर्फबारी हो सकती है। 8 फरवरी की शाम तक मौसम सूखा रहने की संभावना है।

ताज़ा बर्फबारी से सदना टॉप पर ट्रैफिक बुरी तरह प्रभावित हुआ है जिससे वाहनों की आवाजाही रुक गई है। प्रशासन ने निवासियों और यात्रियों को सलाह दी है कि वे मौसम की स्थिति में सुधार होने तक ऊंचाई वाले इलाकों में गैर-ज़रूरी यात्रा से बचें और ट्रैफिक सलाह का पालन करें। अधिकारियों ने कहा कि स्थिति पर कड़ी नज़र रखी जा रही है।

आईंएमडी ने कहा कि 9 से 10 फरवरी तक केंद्र शासित प्रदेश में कई जगहों पर हल्की बारिश या बर्फबारी हो सकती है। 11 फरवरी को मौसम फिर से आम तौर पर सूखा हो जाएगा जिसमें कुछ ऊंचे इलाकों में हल्की बर्फबारी की संभावना है। 12 से 15 फरवरी तक मौसम सूखा रहने की संभावना है।

आईएमडी कहा कि अगले सात दिनों के दौरान कश्मीर या जम्मू डिवीजनों के लिए कोई मौसम चेतावनी जारी नहीं की गई है।

सावधानी बरतने की सलाह देते हुए आईएमडी ने यात्रियों और ट्रांसपोर्टरों से संबंधित ट्रैफिक अधिकारियों से सड़कों और राजमार्गों की स्थिति की पुष्टि करने और आधिकारिक सलाह का पालन करने को कहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रमेश गुप्ता