home page

नौशेरा ब्रिगेड की पहल: सीमावर्ती युवाओं के लिए सेना भर्ती प्रशिक्षण कैप्सूल शुरू

 | 
नौशेरा ब्रिगेड की पहल: सीमावर्ती युवाओं के लिए सेना भर्ती प्रशिक्षण कैप्सूल शुरू


जम्मू, 05 मार्च (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर के सीमावर्ती क्षेत्रों के युवाओं को भारतीय सेना में भर्ती के लिए तैयार करने के उद्देश्य से नौशेरा ब्रिगेड ने एक विशेष “एवी एस्पिरेंट्स ट्रेनिंग कैप्सूल” की शुरुआत की है। यह पहल ऐस ऑफ़ स्पेड्स डिवीजन के तत्वावधान में शुरू की गई है जिसका उद्देश्य सीमा से लगे गांवों के युवाओं को सेना में भर्ती के लिए मार्गदर्शन और प्रशिक्षण उपलब्ध कराना है। इस कार्यक्रम के तहत सीमा क्षेत्र के गांवों में जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है ताकि योग्य युवाओं को सेना में भर्ती होने के लिए प्रेरित किया जा सके। इसके साथ ही एक सुव्यवस्थित प्रशिक्षण कार्यक्रम तैयार किया गया है जिसमें युवाओं को शारीरिक प्रशिक्षण के साथ-साथ लिखित परीक्षा की तैयारी भी कराई जा रही है।

अब तक इस प्रशिक्षण कैप्सूल के लिए 130 युवाओं ने पंजीकरण कराया है और वे नियमित प्रशिक्षण ले रहे हैं। भर्ती प्रक्रिया को सुगम बनाने के लिए प्री-मेडिकल कैंप भी आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें उम्मीदवारों की चिकित्सीय योग्यता की जांच की जा रही है और उन्हें सेना के आवश्यक मानकों के बारे में जानकारी दी जा रही है। इसके अलावा दूरदराज के सीमावर्ती क्षेत्रों के युवाओं को कॉमन एंट्रेंस एग्जामिनेशन के लिए पंजीकरण कराने में भी सहायता दी जा रही है ताकि वे समय पर भर्ती प्रक्रिया से जुड़ सकें। इस पहल का मुख्य उद्देश्य सीमावर्ती गांवों के युवाओं को भारतीय सेना और अन्य सरकारी सेवाओं में करियर बनाने के लिए उचित मार्गदर्शन और तैयारी उपलब्ध कराना है, साथ ही नागरिकों और सेना के बीच सहयोग और विश्वास को और मजबूत करना भी है।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा