कश्मीर से रेल कार्गो बढ़ाने को लेकर बड़ी बैठक
जम्मू,, 04 अप्रैल (हि.स.)।
कश्मीर की अर्थव्यवस्था को नई दिशा देने और फलों के कारोबार को राष्ट्रीय बाजारों से जोड़ने के लिए रेलवे ने बड़ा कदम उठाया है। जम्मू मंडल द्वारा श्रीनगर में एक अहम बैठक आयोजित की गई जिसमें विभिन्न हितधारकों ने हिस्सा लिया।
बैठक का मुख्य उद्देश्य कश्मीर से रेल के माध्यम से पार्सल ट्रैफिक को बढ़ावा देना और इसे सड़क परिवहन के मुकाबले एक भरोसेमंद, समयबद्ध और किफायती विकल्प बनाना था। बैठक की अध्यक्षता रेलवे बोर्ड के अतिरिक्त सदस्य (वाणिज्य) ने की, जबकि वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल, फल उत्पादक, व्यापारी और कार्गो एग्रीगेटर्स भी इसमें शामिल हुए।
इस दौरान चेरी सहित अन्य फलों को देशभर में तेजी से पहुंचाने के लिए रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। खास तौर पर बडगाम से चलने वाली जॉइंट पार्सल प्रोडक्ट-रैपिड कार्गो सर्विस ट्रेन को अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया, जो बारी ब्राह्मणा और अंबाला कैंट होते हुए दिल्ली के आदर्श नगर तक तय समय में माल पहुंचाती है।
बैठक में छोटे व्यापारियों और किसानों को लाभ पहुंचाने के लिए कार्गो एग्रीगेटर्स के साथ समन्वय बढ़ाने पर सहमति बनी, ताकि छोटे स्तर के माल को भी आसानी से रेल के माध्यम से भेजा जा सके। साथ ही बडगाम, श्रीनगर और पंपोर रेलवे स्टेशनों पर लोडिंग सुविधाओं को अपग्रेड करने की योजना भी साझा की गई।
रेलवे प्रशासन ने पार्सल ट्रैफिक बढ़ाने के लिए प्रतिस्पर्धी किराया दरें और विशेष छूट योजनाएं लागू करने पर भी विचार किया। अधिकारियों ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य कश्मीर के किसानों और व्यापारियों को देश के कोने-कोने तक अपने उत्पाद समय पर पहुंचाने की सुविधा देना है जिससे उनकी आय में वृद्धि हो सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता

