home page

कठुआ में एलपीजी को लेकर प्रशासन सतर्क, सप्लाई पूरी तरह सामान्य-डीसी राजेश शर्मा

 | 
कठुआ में एलपीजी को लेकर प्रशासन सतर्क, सप्लाई पूरी तरह सामान्य-डीसी राजेश शर्मा


कठुआ, 20 मार्च (हि.स.)। जिले में घरेलू एलपीजी की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था को लेकर डीसी कठुआ राजेश शर्मा ने शुक्रवार को विमल गैस एजेंसी का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में एलपीजी की कोई कमी नहीं है और उपभोक्ताओं की जरूरत के अनुसार पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है।

निरीक्षण के दौरान डीसी ने आम लोगों को आश्वस्त करते हुए कहा कि सप्लाई चेन पूरी तरह सुचारू रूप से चल रही है, इसलिए किसी भी तरह की घबराहट या जल्दबाजी की जरूरत नहीं है। उन्होंने बताया कि एलपीजी वितरण पर नजर रखने के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं, जो यह सुनिश्चित करेंगी कि कहीं भी जमाखोरी या कालाबाजारी न हो। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर कोई भी व्यक्ति इस तरह की गतिविधियों में शामिल पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। डीसी ने यह भी जानकारी दी कि एलपीजी रीफिल की बुकिंग प्रक्रिया को व्यवस्थित किया गया है। अब शहरी क्षेत्रों में 25 दिन और ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिन के बाद ही अगली बुकिंग की जा सकेगी। साथ ही ओटीपी से जुड़ी समस्याओं को भी दूर कर लिया गया है और पूरी प्रक्रिया अब नियंत्रित तरीके से संचालित हो रही है। डीसी ने लोगों से अपील की कि वे निर्धारित नियमों के अनुसार ही बुकिंग करें और वितरण केंद्रों पर अनावश्यक भीड़ से बचें। इस मौके पर एडीसी कठुआ विश्वजीत भी उनके साथ मौजूद रहे। विमल गैस एजेंसी के मालिक टी.आर. भगत भी निरीक्षण के दौरान उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया