आईटीआई बिलावर में उद्यमिता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, युवाओं को स्वरोजगार के लिए किया प्रेरित
कठुआ, 25 फरवरी (हि.स.)। सरकारी आईटीआई बिलावर में सूक्ष्म लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय भारत सरकार के एमएसएमई डीएफओ जम्मू द्वारा जिला प्रशासन कठुआ के सहयोग से उद्यमिता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षित बेरोजगार युवाओं और पीएम विश्वकर्मा कारीगरों को स्वरोजगार के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम में आईटीआई छात्रों और पीएम विश्वकर्मा कारीगरों सहित 180 से अधिक प्रतिभागियों ने भाग लिया। एमएसएमई डीएफओ जम्मू के यंग प्रोफेशनल शाहिद हुसैन वानी ने उद्यमिता के महत्व पर प्रकाश डाला जबकि सहायक निदेशक देवेंद्र कुमार त्यागी ने डैडम् की विभिन्न योजनाओं, पात्रता और लाभों की जानकारी दी। आईटीआई बिलावर के अधीक्षक जितेंद्र शर्मा ने सफल उद्यम के लिए नवाचार और कौशल उन्नयन पर जोर दिया।
जिला उद्योग केंद्र कठुआ के प्रतिनिधि ने पीएम रोजगार सृजन कार्यक्रम सहित अन्य योजनाओं की जानकारी दी। वहीं जेकेईडीआई और आरएसईटीआई कठुआ के विशेषज्ञों ने स्टार्टअप नीति, वित्तीय साक्षरता और ऋण सुविधाओं पर मार्गदर्शन दिया। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ और युवाओं को आत्मनिर्भर बनकर स्वरोजगार अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

