home page

अखनूर में युवा राजपूत सभा के प्रधान दिलावर सिंह मक्खन को पुलिस थाने ले गई

 | 

जम्मू,, 27 अक्टूबर (हि.स.)।

युवा राजपूत सभा के प्रधान दिलावर सिंह मक्खन को आज जम्मू-कश्मीर पुलिस द्वारा अखनूर के पुराने पुल के पास रोके जाने और पुलिस वाहन में बैठाकर पुलिस स्टेशन अखनूर ले जाने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, दिलावर सिंह मक्खन जोड़ियां क्षेत्र के एक स्कूल में छात्राओं की ओर से लगाए गए आरोपों के सिलसिले में वहां जा रहे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें रास्ते में ही रोक लिया।

मिली जानकारी के मुताबिक, जोड़ियां क्षेत्र के एक स्कूल की कुछ छात्राओं ने अपने एक शिक्षक के खिलाफ कथित अनुचित व्यवहार को लेकर स्कूल की हेडमिस्ट्रेस को लिखित शिकायत दी थी। बताया जा रहा है कि छात्राओं ने इस मामले में न्याय दिलाने के लिए युवा राजपूत सभा के प्रधान दिलावर सिंह मक्खन से मदद की अपील की थी।

छात्राओं की शिकायत की जानकारी मिलने के बाद दिलावर सिंह मक्खन स्कूल की ओर जा रहे थे। इसी दौरान अखनूर के पुराने पुल के पास पुलिस ने उन्हें रोक लिया और अपने वाहन में बैठाकर पुलिस स्टेशन अखनूर ले गई।

जानकारी के अनुसार, समाचार लिखे जाने तक दिलावर सिंह मक्खन पुलिस स्टेशन अखनूर में ही मौजूद थे। हालांकि, पुलिस ने उन्हें किस आधार पर थाने ले जाया और क्या इस संबंध में कोई औपचारिक कार्रवाई की गई है, इसकी आधिकारिक पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है।

वहीं, छात्राओं द्वारा शिक्षक के खिलाफ लगाए गए आरोपों की भी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। इस मामले में स्कूल प्रशासन और संबंधित शिक्षक का पक्ष सामने आना बाकी है।

अब देखना होगा कि छात्राओं की लिखित शिकायत पर संबंधित अधिकारी क्या कार्रवाई करते हैं और दिलावर सिंह मक्खन को पुलिस स्टेशन ले जाने के मामले में पुलिस की ओर से क्या स्पष्टीकरण दिया जाता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता