home page

सड़क सुरक्षा के लिए जिम्मेदार बनें युवा-डीसी राजेश शर्मा

 | 
सड़क सुरक्षा के लिए जिम्मेदार बनें युवा-डीसी राजेश शर्मा


कठुआ, 21 अगस्त (हि.स.)। जीडीसी कठुआ ने मोटर व्हीकल विभाग के सहयोग से शुक्रवार को सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम एवं संगोष्ठी का आयोजन किया। कार्यक्रम में उपायुक्त कठुआ राजेश शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। आरटीओ कठुआ सुरिंदर पाल शर्मा संरक्षक तथा एआरटीओ कपिल देव ने भी विद्यार्थियों को संबोधित किया।

उपायुक्त ने कहा कि सड़क सुरक्षा सामूहिक जिम्मेदारी है और यातायात नियमों का पालन, अनुशासन तथा जागरूकता से ही सड़क दुर्घटनाओं को कम किया जा सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से जिम्मेदार सड़क उपयोगकर्ता बनने और अपने परिवार व समाज में सड़क सुरक्षा का संदेश पहुंचाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में कॉलेज के 12 विद्यार्थियों ने सड़क सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं पर अपने विचार रखे। हेलमेट व सीट बेल्ट के प्रयोग, यातायात नियमों के पालन, लापरवाही एवं वाहन चलाते समय मोबाइल के इस्तेमाल से बचने सहित दुर्घटनाओं की रोकथाम पर जोर दिया गया। इस दौरान प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र और हेलमेट भी वितरित किए गए। कार्यक्रम का आयोजन कॉलेज प्राचार्य डॉ. मनोहर लाल के मार्गदर्शन में हुआ। संचालन डॉ. मीनाक्षी नरगोत्रा ने किया जबकि धन्यवाद प्रस्ताव स्टाफ सचिव प्रो. यशपाल शर्मा ने प्रस्तुत किया।

इस अवसर पर सीपीओ कठुआ रंजीत ठाकुर डॉ. राकेश जसरोटिया, प्रो. राम सिंह, शिक्षक एवं गैर-शिक्षण कर्मचारी तथा रोड सेफ्टी क्लब के सदस्य मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया