home page

नशे के खिलाफ दौड़े कठुआ के युवा, रिद्धिमा स्पोर्ट्स क्लब ने दिया एकता और अनुशासन का संदेश

 | 
नशे के खिलाफ दौड़े कठुआ के युवा, रिद्धिमा स्पोर्ट्स क्लब ने दिया एकता और अनुशासन का संदेश


कठुआ, 21 अक्टूबर (हि.स.)। युवाओं को नशे से दूर रहने, खेलों के प्रति जागरूक करने और आपसी भाईचारे को मजबूत बनाने के उद्देश्य से बुधवार को रिद्धिमा स्पोर्ट्स क्लब की ओर से कठुआ में मैराथन का आयोजन किया गया। शहीद भगत सिंह पार्क से शुरू हुई यह दौड़ स्पोर्ट्स स्टेडियम कठुआ में संपन्न हुई। इसमें विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों, युवाओं और गणमान्य लोगों ने भाग लेकर नशामुक्त समाज का संदेश दिया।

भाजपा नेता तिलक राज भगत ने कहा कि इस मैराथन का उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रहकर स्वस्थ जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने कहा कि युवाओं को खेल गतिविधियों से जोड़ने के साथ समाज में भाईचारे और सकारात्मक वातावरण को बढ़ावा देना जरूरी है। उन्होंने बताया कि रिद्धिमा स्पोर्ट्स क्लब की ओर से हर वर्ष इस दौड़ का आयोजन किया जाता है। मैराथन में भाग लेने वाले युवा दिव्यांश कुमार ने कहा कि इस आयोजन का मुख्य संदेश एकता और अनुशासन है। वहीं प्रतिभागी जशिता राजपूत ने कहा कि आज युवाओं का नशे और जुए जैसी बुराइयों की ओर बढ़ता रुझान चिंता का विषय है। ऐसे कार्यक्रम युवाओं को जागरूक करने और उन्हें सही दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं।

उन्होंने कहा कि कठुआ में नशे के खिलाफ जागरूकता और खेलों को प्रोत्साहित करने के लिए इस तरह के कार्यक्रमों का आयोजन सकारात्मक पहल है। इससे युवाओं में खेलों के प्रति रुचि बढ़ाने और उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करने में मदद मिलती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया