home page

युवाओं को एसआईआर को समझना चाहिए और भ्रामक राजनीतिक नैरेटिव को खारिज करना चाहिए: अरुण शर्मा

 | 

जम्मू, 19 नवंबर (हि.स.)। भाजपा सचिव और 'युवा संवाद अभियान' के राज्य संयोजक अरुण कुमार शर्मा ने कहा कि युवाओं को मतदाता सूची के 'विशेष गहन पुनरीक्षण' के महत्व और इसके वास्तविक उद्देश्य को समझना चाहिए। साथ ही उन्हें कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों द्वारा मतदाताओं के बीच भ्रम पैदा करने के लिए फैलाए जा रहे भ्रामक राजनीतिक नैरेटिव को खारिज करना चाहिए।

जम्मू में एक जागरूकता कार्यक्रम के दौरान 350 से अधिक छात्रों की उपस्थिति में बोलते हुए अरुण शर्मा ने कहा कि एसआईआर एक महत्वपूर्ण चुनावी प्रक्रिया है। इसका उद्देश्य मतदाता सूचियों को सटीक, अद्यतन (अपडेटेड) और पारदर्शी बनाना है जो लोकतंत्र को मजबूत करने और पात्र नागरिकों के मतदान अधिकारों की रक्षा के लिए आवश्यक है। अरुण शर्मा ने कहा कि कोई भी लोकतंत्र एक निष्पक्ष चुनावी प्रणाली पर निर्भर करता है और सटीक मतदाता सूची इसकी नींव होती है। उन्होंने बताया कि एसआईआर के माध्यम से मतदाता विवरणों की पुष्टि करने, गलतियों को सुधारने, दोहरी प्रविष्टियों (डुप्लिकेट एंट्री) की पहचान करने उचित सत्यापन के बाद मृत व्यक्तियों के नाम हटाने और सभी पात्र मतदाताओं को सूची में शामिल करने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि एसआईआर का उद्देश्य किसी को मतदान के अधिकार से वंचित करना नहीं है बल्कि यह सुनिश्चित करना है कि एक निष्पक्ष और पारदर्शी प्रक्रिया के माध्यम से वास्तविक मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में सही ढंग से दर्ज हों।

कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों की आलोचना करते हुए अरुण शर्मा ने कहा कि लोगों को चुनावी पुनरीक्षण प्रक्रिया के बारे में शिक्षित करने के बजाय वे राजनीतिक लाभ के लिए अनावश्यक डर और भ्रम फैला रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि ये दल एसआईआर के उद्देश्यों और प्रक्रियाओं को ठीक से समझाए बिना इसे नकारात्मक रूप में पेश कर रहे हैं। अरुण शर्मा ने कहा कि मतदाता सूची का पुनरीक्षण कोई नई प्रक्रिया नहीं है मतदाता सूचियों को अद्यतन करना हमेशा से चुनाव अधिकारियों की एक अनिवार्य जिम्मेदारी रही है। उन्होंने छात्रों से आग्रह किया कि वे किसी भी राजनीतिक बयान या सोशल मीडिया संदेश पर तब तक विश्वास न करें जब तक कि वे विश्वसनीय स्रोतों से तथ्यों की जांच न कर लें।

युवाओं की भूमिका पर जोर देते हुए अरुण शर्मा ने कहा कि छात्र और पहली बार मतदान करने वाले युवा, चुनावी जागरूकता के प्रभावी दूत बन सकते हैं। उन्हें एसआईआर प्रक्रिया को समझना चाहिए अपने मतदाता विवरणों की जांच करनी चाहिए अपने परिवार के सदस्यों का मार्गदर्शन करना चाहिए और बुजुर्गों तथा कम पढ़े-लिखे नागरिकों को आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने में मदद करनी चाहिए। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि पुनरीक्षण प्रक्रिया के दौरान किसी भी पात्र नागरिक को अनावश्यक कठिनाई का सामना न करना पड़े या उसे सूची से बाहर न किया जाए। साथ ही उन्होंने कहा कि लोगों की वास्तविक चिंताओं का समाधान निर्धारित प्रक्रियाओं के माध्यम से किया जाना चाहिए। अरुण शर्मा ने छात्रों से अपील की कि वे अपने दोस्तों, परिवारों और पड़ोसियों के बीच एसआईआर (एस.आई.आर.) के बारे में सही जानकारी फैलाएं और पात्र नागरिकों को बूथ लेवल अधिकारियों तथा चुनाव अधिकारियों का सहयोग करने के लिए प्रोत्साहित करें। अरुण शर्मा ने कहा कि युवाओं को राजनीतिक गलत सूचनाओं से ऊपर उठना चाहिए अपनी लोकतांत्रिक जिम्मेदारियों को समझना चाहिए और यह सुनिश्चित करने में योगदान देना चाहिए कि हर असली वोट गिना जाए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राधा पंडिता