कठुआ में योग 365 की गूंज-ड्रीम लैंड पार्क में योग सत्र, नशामुक्त जीवन का संकल्प
कठुआ, 16 जून (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 से पूर्व आयोजित गतिविधियों के क्रम में जिला प्रशासन कठुआ ने जिला आयुष कार्यालय के सहयोग से ड्रीम लैंड पार्क कठुआ में जागरूकता सह योग सत्र का आयोजन किया। यह कार्यक्रम योग 365 अभियान के तहत स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग थीम पर आयोजित हुआ।
कार्यक्रम डीसी कठुआ राजेश शर्मा के मार्गदर्शन, निदेशक आयुष जम्मू-कश्मीर डॉ. अजय कुमार टिक्कू के निर्देश तथा जिला आयुष अधिकारी डॉ. राकेश कुमार शर्मा की देखरेख में संपन्न हुआ। सत्र के दौरान नोडल अधिकारी आईडीवाई-2026 डॉ. बोध पाल, योग प्रशिक्षक अंकुश और आयुष टीम ने विभिन्न योगासन व प्राणायाम का प्रदर्शन किया। प्रतिभागियों को तनाव प्रबंधन, रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने और संतुलित जीवनशैली में योग के महत्व के बारे में जागरूक किया गया। कार्यक्रम में नशा मुक्त भारत अभियान के तहत शपथ भी दिलाई गई जिसमें प्रतिभागियों ने नशामुक्त जीवन और दैनिक योग अपनाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी, मॉर्निंग वॉकर समूह, डॉ. विशाल मलागर की टीम, स्थानीय गणमान्य नागरिक एवं आयुष स्टाफ उपस्थित रहे। कुल 63 लोगों ने भाग लिया और पहल की सराहना करते हुए योग को दिनचर्या में अपनाने का संकल्प दोहराया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

