home page

भाजपा मुख्यालय में महिलाओं की शिकायतें सुनी गईं

 | 
भाजपा मुख्यालय में महिलाओं की शिकायतें सुनी गईं


जम्मू, 02 जून (हि.स.)। भाजपा की प्रदेश महासचिव एवं मुख्यालय प्रभारी संजिता डोगरा ने मंगलवार को कच्ची छावनी स्थित पंडित प्रेमनाथ डोगरा भवन में महिलाओं के लिए आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई कार्यक्रम में उनकी समस्याएं सुनीं। कार्यक्रम में जम्मू के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में महिलाएं पहुंचीं और उन्होंने अपनी व्यक्तिगत तथा सामाजिक समस्याओं से जुड़े मुद्दे उठाए। जनसुनवाई के दौरान महिलाओं ने पेंशन, राशन कार्ड, स्वास्थ्य सुविधाओं, पेयजल आपूर्ति, बिजली, शिक्षा तथा अन्य पारिवारिक और सामाजिक मामलों से संबंधित शिकायतें प्रस्तुत कीं। प्राप्त शिकायतों को दर्ज कर संबंधित विभागों के समक्ष उठाने और उनके समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया गया।

इस अवसर पर संजीता डोगरा ने कहा कि महिलाओं की समस्याओं को सुनना और उन्हें संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाना उनके लिए महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को अपनी बात रखने के लिए एक समर्पित मंच उपलब्ध कराना आवश्यक है ताकि उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने कहा कि कई महिलाएं अपने व्यक्तिगत और सामाजिक मुद्दों को खुलकर साझा करने के लिए ऐसे मंचों को उपयोगी मानती हैं। इसी कारण हर सप्ताह आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में महिलाओं की भागीदारी लगातार बढ़ रही है।

कार्यक्रम के दौरान महिलाओं से बातचीत करते हुए विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और महिला सशक्तिकरण से जुड़े विषयों पर भी चर्चा की गई। डोगरा ने कहा कि महिलाओं से संबंधित वास्तविक मामलों को संबंधित विभागों के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाया जाएगा और उनके समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि साप्ताहिक महिला जनसुनवाई कार्यक्रम आगे भी जारी रहेगा ताकि महिलाओं को अपनी समस्याएं और शिकायतें रखने के लिए एक नियमित मंच उपलब्ध होता रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा