जम्मू-कश्मीर में 13-15 अप्रैल तक मौसम रहेगा शुष्क
श्रीनगर, 13 अप्रैल (हि.स.)। मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर ने अगले कुछ दिनों में जम्मू-कश्मीर में बड़े पैमाने पर शुष्क रहने की भविष्यवाणी की है। इस सप्ताह के अंत में रुक-रुक कर बारिश और तेज़ हवाएँ चलने की संभावना है।
नवीनतम पूर्वानुमान के अनुसार 13 से 15 अप्रैल तक पूरे केंद्र शासित प्रदेश में मौसम की स्थिति आम तौर पर शुष्क रहेगी। 16 अप्रैल को मौसम ज्यादातर शुष्क रहने की संभावना है, हालांकि शाम या रात के दौरान अलग-अलग स्थानों पर हल्की बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।
17 अप्रैल से मौसम में बदलाव की उम्मीद है आमतौर पर आसमान में बादल छाए रहेंगे और जम्मू-कश्मीर में कई स्थानों पर हल्की बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान है। मौसम कार्यालय ने 17-18 अप्रैल के दौरान 40-50 किमी/घंटा की गति से तेज़ हवाएं चलने और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की भी चेतावनी दी है।
इसके बाद 19 से 23 अप्रैल तक फिर से मौसम आमतौर पर शुष्क रहने का अनुमान है।
इस बीच किसानों के लिए एक सलाह जारी की गई है जिसमें उनसे सूखे की आशंका के मद्देनजर 16 अप्रैल तक कृषि कार्य जारी रखने का आग्रह किया गया है। मौसम विभाग ने 16 अप्रैल तक कई स्थानों पर दिन के तापमान में 2-4 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि की भी भविष्यवाणी की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राधा पंडिता

