कठुआ में बदला मौसम का मिजाज, बारिश-बर्फबारी से बढ़ी ठंड, किसानों की चिंता बढ़ी
कठुआ, 19 मार्च (हि.स.)। जिले में इस सप्ताह रुक-रुक कर हो रही बारिश ने एक बार फिर मौसम का मिजाज बदल दिया है। गुरुवार को चैत्र नवरात्रि के पहले दिन दोपहर बाद शुरू हुई बारिश देर तक जारी रही, जबकि बुधवार को भी बीच-बीच में बारिश दर्ज की गई थी। लगातार हो रही इस बरसात से तापमान में गिरावट आई है और ठंड एक बार फिर लौट आई है।
मैदानी इलाकों में जहां बारिश हो रही है, वहीं कठुआ के पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। बीते दो सप्ताह पहले जहां गर्मी का असर तेज हो गया था और लोगों ने सर्दियों के कपड़े समेट दिए थे, वहीं अब अचानक बदले मौसम के कारण उन्हें फिर से गर्म कपड़े निकालने पड़े हैं। लगातार बारिश के चलते जनजीवन भी प्रभावित हुआ है। खासकर पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी से आवाजाही में दिक्कतें बढ़ गई हैं। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार 20 मार्च को भी बारिश की संभावना बनी हुई है, जबकि इसके बाद मौसम साफ रहने के आसार हैं।
मार्च के शुरुआती दिनों में हुई हल्की बारिश को किसानों ने फसलों के लिए लाभकारी माना था और अच्छी पैदावार की उम्मीद जताई थी। लेकिन अब लगातार हो रही बारिश ने उनकी चिंता बढ़ा दी है। इस समय फसलें पककर तैयार हैं और ऐसे में अधिक बारिश या तेज हवा चलने पर फसल खराब होने का खतरा मंडरा रहा है। गौरतलब है कि फरवरी में इस बार गर्मी ने जल्दी दस्तक दे दी थी, लेकिन मार्च में हो रही बारिश ने एक बार फिर मौसम को ठंडा बना दिया है। फिलहाल किसानों और आम लोगों की नजरें मौसम के अगले रुख पर टिकी हुई हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

