जब तक नशाखोरी की समस्या जड़ से खत्म नहीं हो जाती तब तक हम चैन से नहीं बैठेंगे-उपराज्यपाल
श्रीनगर, 16 अप्रैल (हि.स.)। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने गुरुवार को कहा कि जब तक जम्मू-कश्मीर से नशा मुक्ति नहीं हो जाती तब तक वे चैन से नहीं बैठेंगे। उन्होंने श्रीनगर मे महिला किसान सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि सामाजिक कल्याण विभाग हो या स्वास्थ्य विभाग सभी विभाग नशामुक्ति के लक्ष्य की दिशा में काम कर रहे हैं।
सिन्हा ने कहा कि मैंने 11 अप्रैल को जम्मू में ‘नशा मुक्त’ अभियान शुरू किया है और हमने तय किया है कि जब तक नशाखोरी की समस्या जड़ से खत्म नहीं हो जाती तब तक हम चैन से नहीं बैठेंगे। उन्होंने आगे कहा कि जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2020 में ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ शुरू किया था तब जम्मू-कश्मीर में भी काफी प्रयास किए गए थे। पुलिस अपनी ओर से कार्रवाई कर रही है, पहले से ज्यादा ड्रग्स जब्त हो रही हैं, पहले से ज्यादा गिरफ्तारियां हो रही हैं और ज्यादा मामले दर्ज किए जा रहे हैं। सिन्हा ने कहा कि मई के पहले सप्ताह में कश्मीर में भी नशा मुक्ति अभियान शुरू किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि हम 3 मई को अभियान के कश्मीर चरण का शुभारंभ करेंगे। मैं आप सभी बहनों से अनुरोध करता हूँ कि आप आगे आकर नशामुक्त जम्मू-कश्मीर के लिए योगदान दें। उपराज्यपाल ने कहा कि सरकार अकेले इस समस्या का समाधान नहीं कर सकती। उन्होंने कहा कि हमने ऐसी महिलाओं को देखा है जिन्होंने अपना बच्चा खो दिया है या जिनकी बेटी नशे की शिकार हो गई है। हम इस बुराई से तभी छुटकारा पा सकते हैं जब सरकार की शक्ति को जनता के प्रयासों का समर्थन मिले।
उपराज्यपाल ने कृषि और संबद्ध क्षेत्रों तथा कृषि-उद्यमिता में महिला किसानों के योगदान पर प्रकाश डाला। सिन्हा ने कहा कि महिला किसानों के बिना हर थाली खाली रहेगी जिससे मानवता भूखी रह जाएगी। उन्होंने कहा कि वे दुनिया को सहारा देती हैं, अपने पुरुष समकक्षों से अधिक मेहनत करती हैं और उनकी ताकत खाद्य सुरक्षा की नींव है जो हर क्षेत्र में परिवारों और समाज के लिए समृद्धि के बीज बोती है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह

