कुंजवानी में पीर बाबा सैयद कंजू शाह (र.अ.) के उर्स में वक्फ बोर्ड अध्यक्ष ने की अमन, भाईचारे और खुशहाली की दुआ
जम्मू, 25 जून (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर वक्फ बोर्ड की अध्यक्ष डॉ. सैयद दरख्शां अंद्राबी ने जम्मू के कुंजवानी स्थित पीर बाबा सैयद कंजू शाह साहिब (र.अ.) के वार्षिक उर्स में भाग लिया। उर्स के अवसर पर वक्फ बोर्ड द्वारा श्रद्धालुओं के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं। कार्यक्रम में हजारों श्रद्धालुओं ने शिरकत कर दरगाह पर हाजिरी दी। डॉ. अंद्राबी ने वक्फ बोर्ड के प्रशासक आबिद हुसैन और अन्य अधिकारियों के साथ दरगाह पर आयोजित सामूहिक दुआ में हिस्सा लिया तथा सभी के लिए शांति, खुशहाली और समृद्धि की प्रार्थना की। इस अवसर पर उन्होंने श्रद्धालुओं में लंगर भी वितरित किया और स्वयं भी लंगर ग्रहण कर लोगों के साथ समय बिताया।
मीडिया से बातचीत में डॉ. दरख्शां अंद्राबी ने कहा कि आध्यात्मिकता लोगों को जोड़ने और समाज में सौहार्द बढ़ाने का कार्य करती है। उन्होंने कहा कि आध्यात्मिक केंद्र पवित्रता और स्थायी शांति के प्रतीक हैं। उन्होंने विभिन्न समुदायों और धर्मों के बीच आपसी विश्वास और भाईचारे को मजबूत बनाने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि इसी से देश में शांतिपूर्ण वातावरण का निर्माण संभव है।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

