home page

मंत्री जावेद अहमद राणा ने भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों का किया दौरा, हर संभव मदद का भरोसा

 | 
मंत्री जावेद अहमद राणा ने भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों का किया दौरा, हर संभव मदद का भरोसा


पुंछ, 06 अगस्त (हि.स.)। जल शक्ति, वन पर्यावरण एवं जनजातीय कार्य मंत्री जावेद अहमद राणा ने शुक्रवार को पुंछ जिले के सरहोती जबरान क्षेत्र में भूस्खलन और अचानक आई बाढ़ से प्रभावित इलाकों का दौरा कर हालात का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनके दुख-दर्द को सुना और हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया।

मंत्री ने लगातार बारिश से हुए नुकसान का निरीक्षण किया जिसमें मकानों, सड़कों, स्कूलों, सार्वजनिक ढांचे और कृषि भूमि को भारी क्षति पहुंची है। उन्होंने कहा कि यह त्रासदी बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और पीड़ादायक है तथा सरकार हर प्रभावित परिवार के साथ खड़ी है।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राहत और पुनर्वास कार्यों में कोई देरी न हो तथा प्रभावित लोगों तक जरूरी सहायता तुरंत पहुंचे। राणा ने कहा कि लोगों की सुरक्षा और त्वरित राहत सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। मंत्री ने जिला प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ, स्वास्थ्य कर्मियों, इंजीनियरों और स्थानीय स्वयंसेवकों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि सभी ने कठिन परिस्थितियों में सराहनीय कार्य किया है।

अधिकारियों ने बताया कि भारी बारिश के कारण जिले के कई हिस्सों में भूस्खलन और बाढ़ से सड़कों, पुलों और जल आपूर्ति व्यवस्था को नुकसान पहुंचा है। राहत कार्य युद्ध स्तर पर जारी हैं और प्रभावित परिवारों को भोजन, पानी, दवाइयां तथा अन्य आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया