home page

निक्की तवी के किनारे फेंका जा रहा कूड़ा, ग्रामीणों ने जताया रोष

 | 

जम्मू,, 03 अक्टूबर (हि.स.)।

आरएस पुरा क्षेत्र के गांव बडयाल ब्राह्मणा से सटी निक्की तवी के किनारे विभिन्न इलाकों से एकत्र किया गया कूड़ा फेंके जाने को लेकर स्थानीय ग्रामीणों में भारी रोष है। ग्रामीणों का आरोप है कि लगातार कूड़ा डाले जाने से नदी किनारे गंदगी का अंबार लग रहा है और निक्की तवी का पानी भी दूषित होने का खतरा बढ़ गया है।

स्थानीय ग्रामीण बंसी शर्मा ने बताया कि मीरा साहिब, बिश्नाह, आरएस पुरा और सुचेतगढ़ विधानसभा क्षेत्रों के अलग-अलग इलाकों से एकत्र किया गया कूड़ा यहां लाकर निक्की तवी के किनारे फेंका जा रहा है। उन्होंने कहा कि इससे आसपास के क्षेत्र में गंदगी और दुर्गंध फैल रही है, वहीं नदी के पर्यावरण पर भी इसका बुरा असर पड़ रहा है।

ग्रामीणों का कहना है कि निक्की तवी का धार्मिक और प्राकृतिक दृष्टि से विशेष महत्व है। आने वाले पावन नवरात्रों के दौरान बड़ी संख्या में लोग यहां पूजा-अर्चना और धार्मिक गतिविधियों के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में नदी किनारे कूड़े के ढेर लगे रहने से श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। ग्रामीणों ने कहा कि धार्मिक महत्व वाले स्थान के आसपास साफ-सफाई बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए।

स्थानीय निवासी राकेश कुमार ने प्रशासन से मांग की कि निक्की तवी के किनारे कूड़ा फेंकने पर तत्काल रोक लगाई जाए। इसके साथ ही यहां पहले से जमा कूड़े को जल्द हटाकर उसका उचित निस्तारण करवाया जाए ताकि नदी और आसपास के क्षेत्र को प्रदूषण से बचाया जा सके।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने जल्द इस समस्या का समाधान नहीं किया और नदी किनारे कूड़ा फेंकने का सिलसिला जारी रहा तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए मजबूर होंगे। ग्रामीणों ने कहा कि ऐसी स्थिति पैदा होने की जिम्मेदारी संबंधित प्रशासन और विभाग की होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता