बंदवाल कॉलोनी में सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे का आरोप
जम्मू,, 30 मार्च (हि.स.)।
पंचायत बंदवाल के गांव बंदवाल कॉलोनी के ग्रामीणों ने तहसीलदार ज्यौड़ियाँ को ज्ञापन सौंपकर सरकारी जमीन पर हो रहे कथित अवैध कब्जे के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव का एक व्यक्ति जबरन सरकारी भूमि पर कब्जा कर गली का निर्माण कर रहा है, जहां पहले लोग कूड़ा-कचरा डालते थे। इस संबंध में संजय शर्मा, काली दास, पूर्व नायब सरपंच चमन लाल, जगजीवन सिंह और शमशेर सिंह सहित ग्रामीणों ने बताया कि गांव में करीब 52 कनाल सरकारी जमीन है, जिस पर वे गौशाला बनाना चाहते थे लेकिन कुछ लोग कब्जा करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने जल्द कार्रवाई नहीं की तो वे सड़क जाम करने पर मजबूर होंगे। वहीं तहसीलदार ज्यौड़ियाँ ने आश्वासन दिया कि मामले की जांच के लिए पटवारी को निर्देश दिए गए हैं और अवैध निर्माण पाए जाने पर सख्त कार्रवाई करते हुए गली को ध्वस्त किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता

