home page

गैस पाइपलाइन बिछाने के विरोध में ग्रामीणों का प्रदर्शन, जमीन और सुरक्षा को लेकर जताई चिंता

 | 
गैस पाइपलाइन बिछाने के विरोध में ग्रामीणों का प्रदर्शन, जमीन और सुरक्षा को लेकर जताई चिंता


कठुआ, 08 अक्टूबर (हि.स.)। गैस पाइपलाइन बिछाने के विरोध में गंडियाल पंचायत के स्थानीय लोगों ने प्रदर्शन कर रोष जताया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पाइपलाइन बिछाने के नाम पर उनकी पुश्तैनी जमीन ली जा रही है जबकि इस संबंध में उनसे कोई सहमति नहीं ली गई। प्रदर्शनकारियों ने पंचायत के सरपंच पर भी बिना ग्रामीणों से पूछे पाइपलाइन के लिए अनुमति देने के आरोप लगाए।

ग्रामीणों का कहना है कि उन्हें जानकारी मिली है कि स्थानीय सरपंच ने पाइपलाइन बिछाने को लेकर दस्तावेजों पर हस्ताक्षर कर अपनी अनुमति दे दी है। ग्रामीणों ने सवाल उठाया कि जब जमीन उनकी है और वे पिछले 50-60 वर्षों से इस पर खेती-बाड़ी करते आ रहे हैं तो उनकी सहमति के बिना जमीन के इस्तेमाल की अनुमति कैसे दी जा सकती है। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि उन्होंने इस मामले को लेकर स्थानीय नुमाइंदों से भी बातचीत की है लेकिन इसके बावजूद पाइपलाइन बिछाने का काम आगे बढ़ाया जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि उन्हें जमीन खाली करने के लिए दबाव बनाया जा रहा है।

ग्रामीणों ने कहा कि अधिकांश परिवार खेती-बाड़ी पर निर्भर हैं और उनकी जमीन ही उनकी आजीविका का मुख्य साधन है। ऐसे में जमीन का एक हिस्सा भी पाइपलाइन के लिए लिए जाने से उनके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो सकता है। उन्होंने कहा कि जमीन जाने के साथ-साथ गैस पाइपलाइन के कारण भविष्य में सुरक्षा को लेकर भी खतरा बना रहेगा। ग्रामीणों ने सरपंच की भूमिका पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि पाइपलाइन बिछाने की अनुमति दी गई है तो पहले जमीन मालिकों और प्रभावित परिवारों को विश्वास में लिया जाना चाहिए था। उन्होंने प्रशासन से मामले में हस्तक्षेप कर ग्रामीणों की आपत्तियों को गंभीरता से लेने और उनकी सहमति के बिना जमीन पर पाइपलाइन न बिछाने की मांग की। ग्रामीणों ने प्रशासन से अपील की कि गैस पाइपलाइन का मार्ग बदला जाए और उनकी पुश्तैनी जमीन को अधिग्रहण अथवा जबरन इस्तेमाल से बचाया जाए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया