खाली प्लॉट बने गंदगी के अड्डे-नाले जाम, बरसात में मोहल्ले में फैल रहा गंदा पानी, बीमारी का खतरा बढ़ा
कठुआ, 30 जून (हि.स.)। कठुआ शहर के वार्ड नंबर 4 स्थित लाल टाइल वाली कोठी गली के समीप पिछले करीब 25 वर्षों से खाली पड़ा एक प्लॉट अब स्थानीय निवासियों के लिए गंभीर समस्या बन चुका है। टूटी हुई चारदीवारी के कारण यह प्लॉट कूड़ा-करकट डालने का केंद्र बन गया है जिससे पूरे मोहल्ले में गंदगी का माहौल बना हुआ है।
स्थानीय लोगों के अनुसार आसपास के सभी प्लॉटों पर मकान बन चुके हैं लेकिन यह एकमात्र खाली प्लॉट होने के कारण राह चलते लोग इसमें कचरा फेंक देते हैं। यह कचरा पास से गुजर रहे नाले में गिरता है जिससे नाला बार-बार जाम हो जाता है। बरसात के मौसम में स्थिति और भी भयावह हो जाती है जब नाले का गंदा पानी गली में भर जाता है और बदबू के साथ संक्रमण का खतरा कई गुना बढ़ जाता है।
मोहल्ला वासियों का कहना है कि इस समस्या से बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे ज्यादा परेशानी झेलनी पड़ रही है। गंदगी के कारण बीमारियों का खतरा लगातार बना हुआ है। इतना ही नहीं यह प्लॉट अब आवारा पशुओं का अड्डा भी बन चुका है। पशुओं की आपसी लड़ाई के चलते कई बार स्थानीय लोगों को चोटें लग चुकी हैं वहीं खड़े वाहनों को भी नुकसान पहुंचा है।
स्थानीय निवासियों ने कई बार प्लॉट मालिक से चारदीवारी करवाने की मांग की लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। उल्लेखनीय है कि नगर परिषद कठुआ के सीईओ द्वारा हाल ही में जारी आदेश में स्पष्ट निर्देश दिए गए थे कि नगर सीमा के भीतर सभी खाली प्लॉट मालिकों को अपनी जमीन की चारदीवारी करनी होगी अन्यथा उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। ऐसे में अब बड़ा सवाल यह है कि क्या नगर परिषद कठुआ इस मामले में कोई ठोस कार्रवाई करेगी या फिर लोग इसी तरह गंदगी और खतरे के बीच रहने को मजबूर रहेंगे। गौरतलब है कि कठुआ के अन्य वार्डों में भी कई खाली प्लॉट इसी तरह कूड़े के ढेर में तब्दील हो चुके हैं जो आने वाले समय में बड़े स्वास्थ्य संकट का कारण बन सकते हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

