home page

केंद्रीय गृह सचिव आज उच्चस्तरीय बैठक में जम्मू-कश्मीर की सुरक्षा और पुलिस वित्त की करेंगे समीक्षा

 | 

जम्मू 23 मार्च (हि.स.)। केंद्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन सोमवार को जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा स्थिति का आकलन करने और वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए जम्मू-कश्मीर पुलिस (जेकेपी) की वित्तीय स्थिति और उसकी आवश्यकताओं की समीक्षा करने के लिए एक उच्चस्तरीय बैठक की अध्यक्षता करेंगे।

आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि दोपहर 2:30 बजे निर्धारित यह बैठक नई दिल्ली से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित की जाएगी जिसमें केंद्र शासित प्रदेश के शीर्ष नागरिक और पुलिस अधिकारी भाग लेंगे। सूत्रों ने बताया कि मुख्य सचिव अटल दुल्लू, गृह सचिव चंद्रकर भारती, पुलिस महानिदेशक नलिन प्रभात, पुलिस मुख्यालय के वरिष्ठ अधिकारी और जम्मू-कश्मीर दोनों जोन के आईजीपी सहित वरिष्ठ अधिकारी बैठक में शामिल होंगे।

यह समीक्षा महत्वपूर्ण है क्योंकि सुरक्षा बलों ने आतंकवादियों का पता लगाने और उनके समर्थन नेटवर्क को नष्ट करने के लिए ऊपरी इलाकों और वन क्षेत्रों में तलाशी अभियान तेज कर दिए हैं। यह बैठक वित्त वर्ष 2025-26 के अंत के करीब हो रही है। सूत्रों ने बताया कि केंद्रीय गृह सचिव द्वारा चल रहे आतंकवाद विरोधी अभियानों की समीक्षा किए जाने की संभावना है, विशेष रूप से जम्मू मंडल के पहाड़ी क्षेत्रों में जहां विदेशी आतंकवादियों की उपस्थिति का संदेह है।

ग्रीष्म ऋतु के आगमन के साथ सुरक्षा एजेंसियां इन क्षेत्रों में अभियानों को और तेज कर सकती हैं। आतंकवादियों की सहायता करने वाले तंत्रों पर सुरक्षा एजेंसियों की निरंतर कार्रवाई के बीच ओवर ग्राउंड वर्कर्स (ओजीडब्ल्यू) की भूमिका और उनके नेटवर्क को नष्ट करने के प्रयासों पर भी चर्चा होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह