home page

उधमपुर-रियासी रेंज के डीआइजी ने कुद में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की, पर्यटकों और व्यापारियों से की बातचीत

 | 

उधमपुर 29 मई (हि.स.)। उप महानिरीक्षक (डीआईजी) उधमपुर-रियासी रेंज, शिव कुमार शर्मा (आईपीएस) ने गुरुवार को चल रहे पर्यटन सीजन के दौरान मौजूदा सुरक्षा स्थिति और व्यवस्थाओं का आकलन करने के लिए पुलिस स्टेशन कुद में एक व्यापक सुरक्षा समीक्षा बैठक की।

बैठक में एसडीपीओ चेनानी सुखबीर सिंह, एसएचओ कुद पलक आनंद और अन्य पुलिस अधिकारी उपस्थित थे। समीक्षा के दौरान डीआइजी ने सुरक्षा उपायों, कानून व्यवस्था की तैयारियों और क्षेत्र में आने वाले पर्यटकों और तीर्थयात्रियों की सुरक्षा और सुविधा के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया। बैठक के बाद डीआइजी ने कुद बाजार क्षेत्र का दौरा किया और जनता, व्यापारियों, परिवहन ऑपरेटरों और पर्यटकों के साथ बातचीत की। उन्होंने नागरिकों से सुरक्षा जांच के दौरान पुलिस के साथ सहयोग करने की अपील की और उनसे किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधियों की तुरंत निकटतम पुलिस स्टेशन को रिपोर्ट करने का आग्रह किया।

डीआईजी ने पर्यटकों और तीर्थयात्रियों को किसी भी पुलिस सहायता के लिए 112 डायल करने की सलाह दी और उन्हें जम्मू-कश्मीर पुलिस से पूर्ण समर्थन का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग उधमपुर-रियासी रेंज में आने वाले सभी पर्यटकों और तीर्थयात्रियों का स्वागत करता है और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने होटल व्यवसायियों, टैक्सी ऑपरेटरों, दुकानदारों और पर्यटन क्षेत्र से जुड़े अन्य हितधारकों से आगंतुकों को हर संभव सहायता देने उनका उचित मार्गदर्शन करने और उनके साथ विनम्रता से पेश आने का आग्रह किया। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि पर्यटकों को दिया गया आतिथ्य सत्कार देश भर में जम्मू-कश्मीर के पर्यटन स्थलों की सकारात्मक छवि को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

पुलिस अधिकारियों ने मौजूदा यात्रा सीजन के दौरान सुरक्षित और पर्यटक-अनुकूल माहौल बनाए रखने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

हिन्दुस्थान समाचार / राधा पंडिता