home page

अवैध धन के लेन-देन के लिए फर्जी खातों का इस्तेमाल करने के आरोप में दो व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज

 | 

श्रीनगर, 29 अक्टूबर (हि.स.)। बारामूला जिले में अवैध धन के लेन-देन के लिए फर्जी खातों का इस्तेमाल करने के आरोप में दो व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। साइबर अपराध से निपटने और गैरकानूनी गतिविधियों के लिए इस्तेमाल होने वाले वित्तीय नेटवर्क को बाधित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए बारामूला पुलिस ने साइबर पुलिस स्टेशन, बारामूला के माध्यम से दो व्यक्तियों के खिलाफ फर्जी बैंक खातों का इस्तेमाल करके अवैध धन प्राप्त करने, रखने और स्थानांतरित करने में संलिप्तता के लिए एफआईआर दर्ज की है। पुलिस प्रवक्ता ने यह जानकारी दी।

प्रवक्ता ने बताया कि आरोपियों की पहचान मोहसिन अशरफ गनी और साहिल इरशाद के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि यह मामला इस सूचना के आधार पर दर्ज किया गया है कि जम्मू-कश्मीर के भीतर और बाहर अवैध धन के आवागमन को सुविधाजनक बनाने के लिए फर्जी बैंक खातों का इस्तेमाल किया जा रहा था। प्रवक्ता ने आगे कहा कि ऐसे खातों का दुरुपयोग संदिग्ध लेनदेन के स्रोत और आवागमन को छिपाने के लिए किया जा सकता है जिससे साइबर-सक्षम वित्तीय अपराधों का पता लगाने और रोकथाम में गंभीर चुनौती उत्पन्न होती है।

उन्होंने कहा कि वित्तीय लेन-देन की पूरी जानकारी जुटाने, इसमें शामिल व्यक्तियों की भूमिका का पता लगाने और मामले से जुड़े किसी अन्य व्यक्ति या नेटवर्क की पहचान करने के लिए जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता