रियासी में माता वैष्णो देवी मंदिर के पास 'अश्लील हरकत' करने के आरोप में दो लोगों को लिया हिरासत में
जम्मू, 19 जुलाई (हि.स.)। पुलिस ने रियासी ज़िले में त्रिकुटा पहाड़ियों पर स्थित माता वैष्णो देवी मंदिर के पास अश्लील हरकत करने के आरोप में दो लोगों को हिरासत में लिया है जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है।
पुलिस अधिकारी ने शुक्रवार को बताया कि आरोपियों के खिलाफ यह कार्रवाई एक वायरल वीडियो के बाद की गई जिसमें दो जोड़ों को भवन बाज़ार इलाके के पास अश्लील और अनुचित हरकतें करते हुए देखा गया था। इस वीडियो ने लोगों का काफी ध्यान खींचा था।
उन्होंने बताया कि 17 जुलाई को भवन पुलिस स्टेशन को दो लड़कों और दो लड़कियों द्वारा ऐसी हरकत करने की सूचना मिली थी जिससे तीर्थयात्रियों को परेशानी हुई और उनकी धार्मिक भावनाएं आहत हुईं।
मामले का संज्ञान लेते हुए पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की और आरोपियों की पहचान करने और उन्हें पकड़ने के लिए जांच शुरू की। प्रवक्ता ने बताया कि जांच के दौरान पुलिस की एक विशेष टीम ने दो आरोपियों तलवाड़ा के प्रीतम सिंह और एक नाबालिग को हिरासत में ले लिया। उन्होंने कहा कि किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार ज़रूरी कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद नाबालिग को उसके परिवार को सौंप दिया गया। प्रवक्ता ने कहा कि मामले में शामिल बाकी आरोपियों का पता लगाने की कोशिशें जारी हैं।
उन्होंने कहा कि पुलिस सार्वजनिक व्यवस्था बनाए रखने धार्मिक स्थलों की पवित्रता की रक्षा करने और श्रद्धालुओं के लिए शांतिपूर्ण माहौल सुनिश्चित करने के अपने दृढ़ संकल्प को दोहराती है।
सार्वजनिक शांति भंग करने या श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राधा पंडिता

