home page

जनगणना-2027 की तैयारियों को लेकर कठुआ में दो दिवसीय प्रशिक्षण संपन्न

 | 
जनगणना-2027 की तैयारियों को लेकर कठुआ में दो दिवसीय प्रशिक्षण संपन्न


कठुआ, 28 अक्टूबर (हि.स.)। जिला कठुआ में जनगणना-2027 के दूसरे चरण को लेकर आयोजित दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम मंगलवार को संपन्न हो गया। उपायुक्त राजेश शर्मा के समग्र मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम के समापन सत्र की अध्यक्षता अतिरिक्त उपायुक्त सचिन जम्वाल ने डीसी कार्यालय परिसर में की।

प्रशिक्षण के दौरान जम्मू-कश्मीर जनगणना संचालन निदेशालय के जिला समन्वयक संजय शर्मा ने अधिकारियों को जनगणना के दूसरे चरण से संबंधित निर्धारित प्रक्रियाओं, दिशा-निर्देशों और कार्यप्रणाली की विस्तृत जानकारी दी। प्रशिक्षण में तहसीलदारों और नगर समितियों के कार्यकारी अधिकारियों सहित संबंधित चार्ज अधिकारियों ने भाग लिया।

हालांकि बर्फबारी से प्रभावित क्षेत्रों में तैनात अधिकारी इसमें शामिल नहीं हो सके। एडीसी सचिन जम्वाल ने अधिकारियों को सभी प्रारंभिक तैयारियां निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरी करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि जनगणना के आंकड़ों की सटीकता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों की जवाबदेही, प्रभावी निगरानी और आपसी समन्वय आवश्यक है।

जिला सांख्यिकी एवं मूल्यांकन अधिकारी सिद्धार्थ आनंद ने भी जनगणना संबंधी गतिविधियों के सफल संचालन के लिए चार्ज अधिकारियों और जिला प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय पर जोर दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया