home page

जम्मू में भारत-तिब्बत सहयोग मंच की दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक संपन्न

 | 
जम्मू में भारत-तिब्बत सहयोग मंच की दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक संपन्न


जम्मू, 07 मई (हि.स.)। जम्मू के सैनिक कॉलोनी स्थित गैलेक्सी कॉलेज में भारत-तिब्बत सहयोग मंच (बीटीएसएम) की दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक आयोजित की गई जिसमें देशभर से सौ से अधिक प्रतिनिधियों ने भाग लिया। बैठक राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक इंद्रेश कुमार के मार्गदर्शन में आयोजित हुई। इस अवसर पर आरएसएस राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य एवं जम्मू-कश्मीर तथा लद्दाख के पूर्व प्रांत प्रचारक रूपेश कुमार तथा बीटीएसएम के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री पंकज गोयल भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान प्रतिनिधियों ने संगठन से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा की तथा आगामी वर्ष के कार्यक्रमों और गतिविधियों की रूपरेखा तैयार की। मंच द्वारा मुख्य रूप से कैलाश मुक्ति, तिब्बत की स्वतंत्रता और भारत की सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर विशेष फोकस रखा गया। कार्यक्रम में बीटीएसएम के उपाध्यक्ष, महासचिव, तिब्बती संसद के सदस्य, विधायक और कई वरिष्ठ पदाधिकारी एवं बुद्धिजीवी भी शामिल हुए। वक्ताओं ने संगठन के भावी कार्यों की दिशा को लेकर अपने विचार साझा किए और कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया।

समापन सत्र के दौरान इंद्रेश कुमार ने संगठन के विभिन्न पदाधिकारियों की नई जिम्मेदारियों की घोषणा की। इसी क्रम में जम्मू-कश्मीर एवं लद्दाख के बीटीएसएम अध्यक्ष डॉ. विवेक शर्मा को उनकी वर्तमान जिम्मेदारियों के साथ राष्ट्रीय टीम के बौद्धिक प्रकोष्ठ का सह-संयोजक नियुक्त किया गया। बौद्धिक प्रकोष्ठ के संयोजक मध्य प्रदेश के डॉ. सचिन तिवारी होंगे, जबकि सिक्किम की एडवोकेट लक्ष्मी चक्रवर्ती को भी सह-संयोजक बनाया गया है। डॉ. विवेक शर्मा ने संगठन नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें सौंपी गई नई जिम्मेदारी को वह पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निभाएंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा