home page

नगरोटा में दो दिवसीय प्राचीन बावा भैड मेला संपन्न, श्रद्धालुओं ने सुविधाएं बढ़ाने की उठाई मांग

 | 
नगरोटा में दो दिवसीय प्राचीन बावा भैड मेला संपन्न, श्रद्धालुओं ने सुविधाएं बढ़ाने की उठाई मांग


जम्मू, 09 जुलाई (हि.स.)। नगरोटा ब्लॉक स्थित प्राचीन बावा भैर देवस्थान में आयोजित दो दिवसीय अर्धवार्षिक बावा भैर मेले का गुरुवार को धार्मिक आस्था और उत्साह के साथ समापन हुआ। बावा भैरदेव स्थान ट्रस्ट ने विभिन्न धार्मिक संगठनों के सहयोग से मेले का आयोजन किया जिसमें देश के विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर बावा भैर देवता के दर्शन किए और पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया। मेले के दौरान वैदिक मंत्रोच्चार के बीच धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए जबकि बावा जी के चेलों ने पारंपरिक धार्मिक यात्रा भी निकाली। श्रद्धालुओं ने पूरे आयोजन में उत्साहपूर्वक भाग लिया।

हालांकि मेले में पहुंचे श्रद्धालुओं ने देवस्थान तक जाने वाले दोनों मार्गों की खराब स्थिति और स्वच्छ पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने पर चिंता भी जताई। ट्रस्ट और श्रद्धालुओं ने प्रधानमंत्री, केंद्रीय ग्रामीण विकास एवं आवास मंत्री, उपराज्यपाल, मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री तथा स्थानीय जनप्रतिनिधियों से हस्तक्षेप कर गांव एंथम से बावा भैर देवस्थान तक प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत प्रस्तावित सड़क निर्माण को शीघ्र स्वीकृति देने की मांग की। उनका कहना था कि सड़क निर्माण के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार होने के बावजूद परियोजना अब तक शुरू नहीं हो सकी है।

ट्रस्ट के निर्माण समिति अध्यक्ष एवं सेवानिवृत्त उपायुक्त बी.एस. जमवाल ने तवी नदी पर कटाल-बटाल, नागरोटा स्थित स्टील फुटब्रिज को शीघ्र बहाल करने की भी मांग उठाई। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष आई बाढ़ में पुल बह जाने से देवस्थान का संपर्क प्रभावित हुआ है और यदि समय रहते इसे पुनर्स्थापित नहीं किया गया तो आगामी कार्तिक पूर्णिमा मेले के दौरान श्रद्धालुओं को गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है। मेले के उद्घाटन समारोह में पूर्व उपायुक्त बी.एस. जमवाल, ट्रस्ट अध्यक्ष बलवंत सिंह, महासचिव रमेश शर्मा सहित विभिन्न धार्मिक, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि एवं क्षेत्र के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा