रामबन में ट्रक गहरी खाई में गिरा, ड्राइवर की मौत
| Oct 13, 2026, 13:01 IST
रामबन, 13 अक्टूबर (हि.स.)। जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाईवे पर सोमवार और मंगलवार की दरमियानी रात रामबन के नचलाना के पास एक ट्रक के गहरी खाई में गिर जाने से ड्राइवर की मौत हो गई और कंडक्टर घायल हो गया।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि श्रीनगर से गुजरात जा रहा ट्रक (आरजे१९जीएफ/2267) बनिहाल के पास 70-80 फुट गहरी खाई में गिर गया। गाड़ी में सवार दोनों लोग घायल हो गए और उन्हें सब-डिस्ट्रिक्ट हॉस्पिटल बनिहाल ले जाया गया, जहां ड्राइवर को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि कंडक्टर का इलाज चल रहा है।
मृतक की पहचान राजस्थान के बाड़मेर निवासी सादिक खान के रूप में हुई, जबकि घायल की पहचान भी बाड़मेर निवासी सिकंदर के तौर पर की गई। इस बीच घटना की जांच शुरू कर दी गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह

