home page

शहीद रजनी बाला को चौथी पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि, ट्रांसफर नीति लागू करने की मांग दोहराई

 | 
शहीद रजनी बाला को चौथी पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि, ट्रांसफर नीति लागू करने की मांग दोहराई


जम्मू, 31 मई (हि.स.)। कुलगाम में 31 मई 2022 को ड्यूटी पर जाते समय आतंकवादियों द्वारा हत्या की गई शिक्षिका रजनी बाला की चौथी शहादत दिवस पर ऑल जम्मू बेस्ड रिजर्व्ड कैटेगरी इम्प्लॉइज एसोसिएशन कश्मीर (एजेबीआरसीईएके) ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके सर्वोच्च बलिदान को श्रद्धा एवं सम्मान के साथ याद किया। एसोसिएशन के अध्यक्ष विपेन कुमार ने कहा कि रजनी बाला का बलिदान केवल एक दुखद स्मृति नहीं बल्कि कश्मीर घाटी में तैनात जम्मू आधारित आरक्षित वर्ग के कर्मचारियों के सामने मौजूद असुरक्षा और कठिन परिस्थितियों की निरंतर याद दिलाता है। उन्होंने कहा कि रजनी बाला की हत्या के बाद कर्मचारियों ने एजेबीआरसीईएके के नेतृत्व में जम्मू के अंबेडकर चौक पर एक वर्ष तक लोकतांत्रिक आंदोलन चलाया था और एक न्यायसंगत तथा व्यापक स्थानांतरण नीति की मांग उठाई थी।

कुमार ने कहा कि वर्षों के संघर्ष और कई आश्वासनों के बावजूद आज तक स्थानांतरण नीति अधिसूचित नहीं हो सकी है। इससे हजारों कर्मचारियों में निराशा पैदा हुई है और उनकी वास्तविक समस्याओं के समाधान को लेकर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि लंबे समय से लंबित ट्रांसफर नीति को अधिसूचित करना ही शहीद रजनी बाला को सच्ची श्रद्धांजलि होगी। इससे न केवल उनकी स्मृति का सम्मान होगा बल्कि कठिन परिस्थितियों में सेवाएं दे रहे कर्मचारियों को राहत, सम्मान और सुरक्षा की भावना भी मिलेगी।

एसोसिएशन ने सरकार से तत्काल स्थानांतरण नीति लागू करने की मांग करते हुए कहा कि 2022 की इस दुखद घटना के बाद से लंबित मांग को अब और टाला नहीं जाना चाहिए। विपेन कुमार ने कहा कि इस मामले में हो रही देरी कर्मचारियों और शहीद रजनी बाला की स्मृति, दोनों के साथ न्याय न होने के समान है। एजेबीआरसीईएके ने एक बार फिर शहीद रजनी बाला को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके परिवार के प्रति एकजुटता व्यक्त की।

संगठन ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए कर्मचारियों की वैध मांगों के लिए अपना संघर्ष जारी रखने का संकल्प दोहराया।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा