home page

वरिष्ठ जनसंघ और भाजपा नेता की 11वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि, नेताओं ने किया योगदान का स्मरण

 | 
वरिष्ठ जनसंघ और भाजपा नेता की 11वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि, नेताओं ने किया योगदान का स्मरण


जम्मू, 26 जुलाई (हि.स.)। वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व मंत्री बाली भगत ने रविवार को वरिष्ठ जनसंघ और भाजपा नेता पंडित सीता राम सेपोलिया की 11वीं पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके राष्ट्र सेवा, संगठन निर्माण और जनसेवा में योगदान को याद किया।

इस अवसर पर उनके पैतृक गांव सेरी पंडितान, ब्लॉक भलवाल में श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भाजपा के संगठन महासचिव अशोक कौल, सांसद जुगल किशोर शर्मा, भाजपा जम्मू-कश्मीर अध्यक्ष अरुण प्रभात सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं ने भाग लिया और पंडित सेपोलिया को पुष्पांजलि अर्पित की।

बाली भगत ने कहा कि पंडित सीता राम सेपोलिया भारतीय जनसंघ के प्रमुख नेताओं में रहे और वर्ष 1980 में भारतीय जनता पार्टी के संस्थापक सदस्यों में शामिल थे। उन्होंने कहा कि सेपोलिया ने अपना पूरा जीवन राष्ट्रवादी विचारधारा, संगठन को मजबूत करने और जनसेवा के लिए समर्पित किया। उन्होंने जमीनी स्तर पर जनसंघ और बाद में भाजपा को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

उन्होंने बताया कि पंडित सेपोलिया का शेर-ए-दुग्गर पंडित प्रेमनाथ डोगरा और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी जैसे नेताओं के साथ निकट संबंध रहा तथा उन्होंने जम्मू-कश्मीर से जुड़े कई महत्वपूर्ण आंदोलनों में सक्रिय भूमिका निभाई। बाली भगत ने विशेष रूप से एक विधान, एक निशान, एक प्रधान के नारे के साथ चले प्रजा परिषद आंदोलन में उनकी भागीदारी का उल्लेख करते हुए कहा कि यह उनकी राष्ट्रीय एकता के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक था। पूर्व मंत्री ने कहा कि पंडित सीता राम सेपोलिया का साहस, सादगी और राष्ट्र के प्रति समर्पण आज भी कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि उनके सिद्धांतों पर चलते हुए अनुशासन, एकता और समर्पण के साथ राष्ट्र निर्माण के लिए कार्य करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा