home page

शिव धाम छन्न अरोड़ियां में वृक्षारोपण अभियान तेज, पूर्व एमएलसी सुभाष गुप्ता ने किया नेतृत्व

 | 
शिव धाम छन्न अरोड़ियां में वृक्षारोपण अभियान तेज, पूर्व एमएलसी सुभाष गुप्ता ने किया नेतृत्व


कठुआ, 10 अगस्त (हि.स.)। पर्यावरण संरक्षण और हरित क्षेत्र बढ़ाने के उद्देश्य से शिव धाम छन्न अरोड़ियां में वृक्षारोपण अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में पूर्व एमएलसी सुभाष गुप्ता ने सोमवार को एक विशेष वृक्षारोपण कार्यक्रम का नेतृत्व किया।

यह अभियान बाबा बर्फानी सेवा मंडल मोगा द्वारा आयोजित किया गया जिसमें सेवा मंडल के सदस्य पंकज मित्तल, संजय नोरेया, पुलिस प्रभारी, मेडिकल कैंप के प्रभारी तथा एसएसबी के अधिकारियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। कार्यक्रम के दौरान सेवा मंडल द्वारा संचालित लंगर स्थल के आसपास आंवला, जामुन सहित विभिन्न उपयोगी प्रजातियों के पौधे रोपे गए जो श्री अमरनाथ जी यात्रा और श्री माता वैष्णो देवी यात्रा के श्रद्धालुओं की सेवा में लगे इस केंद्र को और अधिक हरित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

इस अवसर पर पूर्व एमएलसी सुभाष गुप्ता ने कहा कि एक पेड़ लगाना भविष्य में निवेश करने के समान है और आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने कहा कि पेड़ पर्यावरण संतुलन बनाए रखने, वायु गुणवत्ता सुधारने, जैव विविधता संरक्षण और जलवायु परिवर्तन के प्रभाव को कम करने में अहम भूमिका निभाते हैं।

सेवा मंडल के सदस्यों ने बताया कि शिव धाम छन्न अरोड़ियां न केवल हजारों यात्रियों को निःशुल्क आवास, भोजन, चिकित्सा व अन्य सुविधाएं प्रदान करता है बल्कि स्वच्छ, हरित और पर्यावरण अनुकूल वातावरण बनाए रखने के लिए भी प्रतिबद्ध है।

इस अभियान में पुलिस कर्मियों, चिकित्सा स्टाफ, एसएसबी अधिकारियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं की भागीदारी ने सामूहिक जिम्मेदारी और जनसहभागिता का मजबूत संदेश दिया। कार्यक्रम के अंत में सभी ने

आसपास के क्षेत्रों में लगातार वृक्षारोपण और पर्यावरण जागरूकता गतिविधियां जारी रखने का संकल्प लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया