home page

व्यापारियों को मिशन युवा सेलर ऐप से जुड़ने और डिजिटल बाजार का लाभ उठाने को कहा

 | 
व्यापारियों को मिशन युवा सेलर ऐप से जुड़ने और डिजिटल बाजार का लाभ उठाने को कहा


जम्मू, 29 जुलाई (हि.स.)। अतिरिक्त जिला विकास आयुक्त (एडीडीसी) जम्मू शेर सिंह ने बुधवार को विभिन्न व्यापार एवं बाजार संघों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर मिशन युवा सेलर ऐप से अधिक से अधिक खुदरा कारोबारियों को जोड़ने और उन्हें डिजिटल बाजारों तक पहुंच उपलब्ध कराने पर जोर दिया। बैठक में व्यापारियों को ऐप की कार्यप्रणाली, लाभ और मिशन युवा के तहत उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी गई।

बैठक की शुरुआत में सहायक निदेशक रोजगार मुखलिस अली ने मिशन युवा सेलर ऐप पर पंजीकरण की प्रक्रिया और इसकी प्रमुख विशेषताओं पर विस्तृत प्रस्तुति दी। इसके बाद उपनिदेशक रोजगार सुनीना सैनी ने मिशन युवा के उद्देश्यों की जानकारी देते हुए बताया कि यह जम्मू-कश्मीर सरकार की प्रमुख उद्यमिता योजना है जिसके तहत नए और मौजूदा उद्यमियों को वित्तीय सहायता, क्षमता विकास, बाजार से जुड़ाव और अन्य व्यावसायिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

उन्होंने बताया कि जिला रोजगार एवं परामर्श केंद्र इच्छुक व्यापारियों को पंजीकरण से लेकर अन्य प्रक्रियाओं में पूर्ण सहयोग देगा तथा जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित करेगा। योजना के तहत संस्थागत वित्त, एआई आधारित नि:शुल्क विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने, व्यवसायिक मार्गदर्शन और स्वीकृति के बाद सहायता जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध हैं।

एडीडीसी शेर सिंह ने कहा कि मिशन युवा छोटे, सूक्ष्म और मध्यम उद्यमों सहित सभी व्यवसायों के लिए एकल खिड़की (सिंगल विंडो) मंच उपलब्ध कराता है। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन बाजारों के तेजी से विस्तार के दौर में दुकानदारों और खुदरा कारोबारियों के लिए डिजिटल कॉमर्स से जुड़ना समय की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि ओपन नेटवर्क फॉर डिजिटल कॉमर्स (ओएनडीसी) पर आधारित मिशन युवा सेलर ऐप के माध्यम से व्यापारी बिना किसी प्लेटफॉर्म कमीशन के व्यापक बाजार तक पहुंच बना सकते हैं और अपने ग्राहक आधार का विस्तार कर सकते हैं। उन्होंने व्यापारिक प्रतिष्ठानों से ऐप पर पंजीकरण कराने तथा अपने सुझाव और अनुभव साझा करने की अपील की।

बैठक के दौरान विभिन्न व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने अपने सुझाव दिए और मिशन युवा सेलर ऐप से जुड़कर योजना का लाभ उठाने की सहमति व्यक्त की।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा